1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. सिनेमाघरों में दिखेगा 'मिर्जापुर: द मूवी' का खौफ, सेंसर बोर्ड की कसौटी तो हुई पार, लेकिन इंटीमेट सीन पर चली कैंची

सिनेमाघरों में दिखेगा 'मिर्जापुर: द मूवी' का खौफ, सेंसर बोर्ड की कसौटी तो हुई पार, लेकिन इंटीमेट सीन पर चली कैंची

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 31, 2026 03:50 pm IST,  Updated : Aug 31, 2026 03:50 pm IST

'मिर्जापुर: द मूवी' को सेंसर बोर्ड ने 3 घंटे 17 मिनट के रनटाइम और 'A' सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है। 4 सितंबर 2026 को रिलीज हो रही इस फिल्म में कुछ संवाद और सीन में बदलाव किए गए हैं।

mirzapur the movie- India TV Hindi
मिर्जापुर द मूवी की कास्ट। Image Source : EXCELMOVIES/INSTAGRAM

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर तहलका मचाने के बाद सुपरहिट फ्रेंचाइजी 'मिर्जापुर' अब सिनेमाघरों में बड़ा धमाका करने के लिए पूरी तरह तैयार है। अपनी रिलीज से महज कुछ दिन पहले 'मिर्जापुर: द मूवी' ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की प्रक्रिया को पार कर लिया है। मेकर्स के लिए राहत की बात यह है कि सेंसर बोर्ड ने इस बहुचर्चित फिल्म को बिना किसी बड़े बड़े कट के पास कर दिया है, जिससे दर्शक इसके मूल और अनफिल्टर्ड अनुभव का बड़े पर्दे पर लुत्फ उठा सकेंगे।

'A' प्रमाण पत्र के साथ पास हुई फिल्म, 3 घंटे 17 मिनट की होगी अवधि

सेंसर बोर्ड की रिवाइजिंग कमेटी ने गहन समीक्षा के बाद फिल्म को 'A' (18 साल से ज्यादा) प्रमाण पत्र दिया है। फिल्म की कुल अवधि 197 मिनट यानी 3 घंटे और 17 मिनट तय की गई है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि फिल्म से कई सीन काटे गए हैं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मेकर्स को अपनी मुख्य कहानी में कोई बड़ा कट नहीं लगाना पड़ा है। सेंसर बोर्ड ने केवल कुछ संवादों और दृश्यों में मामूली मॉडिफिकेशन के निर्देश दिए हैं ताकि सिनेमाघरों के माहौल के अनुसार फिल्म को संतुलित रखा जा सके।

गालियों पर चली सेंसर की कैंची, इंटीमेट सीन्स पर 50 फीसदी की कटौती

फिल्म को पास करते समय सीबीएफसी ने कुछ बदलावों के आदेश दिए हैं। चार जगहों पर अपशब्दों को म्यूट किया गया है, जबकि छह स्थानों पर आपत्तिजनक शब्दों को बदला गया है। संवादों के स्तर पर 'गले से लग गर' जैसे वाक्यांश में बदलाव कराए गए। इसके अलावा फिल्म के पहले हिस्से में एक शब्द को 'कमर' से बदला गया तो दूसरे हिस्से में 'लंठ' शब्द को हटाया गया, देसी बोलचाल में जिसका मतलब बेवकूफ होता हैष इसके साथ ही जाति से जुड़े एक संदर्भ को भी बदलने के निर्देश दिए गए हैं। सीन मॉडिफिकेशन की बात करें तो बोर्ड ने इंटीमेट और संवेदनशील दृश्यों के असर को दृश्य और ऑडियो दोनों स्तरों पर 50 प्रतिशत तक कम करने को कहा है। ये बदलाव इंटरवल से पहले और बाद के दो अलग-अलग सीन्स में किए गए हैं, जिससे लगभग 35 सेकंड के इंटीमेट कंटेंट पर कैंची चली है। दिलचस्प बात यह है कि सीबीएफसी ने फिल्म के हिंसक या खूनी दृश्यों में कोई कटौती नहीं की है, जिससे सीरीज का वास्तविक डार्क और थ्रिलर टोन बरकरार रहेगा।

'अकेले देखने वाली सीरीज अब बनेगी ग्रुप पार्टी': पंकज त्रिपाठी

फिल्म के बड़े पर्दे पर आने को लेकर 'कालीन भैया' का किरदार निभाने वाले पंकज त्रिपाठी बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने थिएटर के अनुभव पर बात करते हुए कहा कि जब कोई कला रूप किसी समूह या समुदाय के साथ देखा जाता है, तो उसका असर पूरी तरह बदल जाता है। पहले जहां मिर्जापुर अकेले में देखी जाने वाली सीरीज थी, वहीं अब यह सामूहिक रूप से सिनेमाघरों में 'पार्टी मोड' का मजा देगी। दुनिया और किरदार वही रहेंगे, लेकिन कहानी नई होगी और इसका कैनवास काफी विशाल होगा।

4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी 'मिर्जापुर'

गुरमीत सिंह के निर्देशन और पुनीत कृष्णा द्वारा लिखित इस फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' द्वारा निर्मित किया गया है। अमेजॉन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत यह थ्रिलर फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया), अली फजल (गुड्डू पंडित), दिव्येंदु (मुन्ना भैया), रसिका दुगल (बीना त्रिपाठी), श्वेता त्रिपाठी शर्मा (गोलू गुप्ता), श्रिया पिलगांवकर, जितेंद्र कुमार, रवि किशन और अभिषेक बनर्जी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

ये भी पढ़ें: 40 की उम्र में कश्मीरा ईरानी बनेंगी मां, 'अंबर धारा' एक्ट्रेस ने अनोखे अंदाज में दी गुड न्यूज

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन