एक्टर और मॉडल मुजम्मिल इब्राहिम एक बार फिर चर्चा मैं हैं। 'स्पेशल ऑप्स सीजन 2' में नजर आए मुजम्मिल ने 2003 में ग्लैडरैग्स मैनहंट कॉन्टेस्ट जीतने के बाद फैशन इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत की और इसके बाद म्यूजिक वीडियोज में भी दिखाई दिए। राखी सावंत के साथ 'परदेसिया' में भी मुजम्मिल ने काम किया। उनकी पर्सनालिटी को देखने के बाद बॉलीवुड से भी उन्हें ऑफर मिलने लगे। मुजम्मिल तब 21 साल के थे, जब उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। उनकी पहली फिल्म 'धोखा' थी, जिसकी निर्देशक पूजा भट्ट थीं। मुजम्मिल का कहना है कि पूजा भट्ट के साथ काम करने का उनका एक्सपीरियंस अच्छा नहीं रहा। इसी के साथ उन्होंने पूजा भट्ट पर उन्हें टॉर्चर करने और करियर बर्बाद करने के भी आरोप लगाए हैं।
पूजा भट्ट ने मुझे टॉर्चर किया- मुजम्मिल
मुजम्मिल ने हिंदी रश के साथ बातचीत में पूजा भट्ट के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया और कहा कि पूजा ने उन्हें इतना टॉर्चर किया कि फिर वह उनके साथ काम करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। उन्होंने कहा- 'मैंने पहले कभी भी इतना टॉक्सिक माहौल नहीं देखा था। मुझे गाली देने की आदत नहीं थी, इसलिए ये मेरे लिए बहुत ही खराब एक्सपीरियंस था। मेरे लिए उस माहौल में काम करना बहुत मुश्किल था। मुझे बहुत टॉर्चर किया गया, इसके बाद भी मुझे काम करना पड़ा, क्योंकि मेरे पास कोई ऑप्शन नहीं था। मैं अपने परिवार में अकेले कमाने वाला था।'
भट्ट कैंप की तीन फिल्में की रिजेक्ट- मुजम्मिल
मुजम्मिल आगे कहते हैं- 'मैं बहुत परेशान रहने लगा था, क्योंकि मेरे ऊपर बहुत सी जिम्मेदारियां थीं, जिसके चलते मैं गलत के खिलाफ आवाज नहीं उठा पा रहा था। वो बहुत ही पावरफुल लोग थे। मुझे सिर्फ डायरेक्टर ने ही परेशान किया था, बाकी टीम बहुत अच्छी और सपोर्टिव थी। धोखा के बाद भट्ट साहब ने मुझे तीन फिल्में ऑफर कीं, लेकिन सेट पर एक्सपीरियंस इतना खराब था कि मैंने वो सारे ऑफर ठुकरा दिए। मुझे राज 2 भी ऑफर हुई थी, जो मोहित सूरी बना रहे थे, लेकिन मैने रिजेक्ट कर दी।'
इमेज खराब करने की कोशिश की- मुजम्मिल
मुजम्मिल ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा- 'जब मैंने फिल्में करने से इनकार कर दिया तो मेरी इमेज खराब करने की कोशिश की जाने लगी। मेरे खिलाफ पूजा भट्ट ने मीडिया में साजिश रची और मेरे बारे में अफवाहें फैलाई गईं। मुझे नीचा दिखाने के लिए उसने वुमन कार्ड भी खेला। उनका व्यवहार ऐसा था कि एक एक्टर को उनके सामने कुत्ता होना चाहिए। मैं बैठने को कहीं तो बैठो, उठने को कहूं तो उठ जाओ। मैं नहीं जानता था कि वह ऐसा व्यवहार क्यों कर रही हैं। अगर आज मुझे किसी 20 साल के लड़के से डील करना हो तो वैसे बिलकुल नहीं करूंगा, जैसे उन्होंने किया।'
पूजा भट्ट ने तोड़ा सेल्फ कॉन्फिडेंस
मुजम्मिल ने बताया कि सेट पर उनके साथ पक्षपात होता था। भट्ट साहब के लिए पूजा भट्ट उनकी बच्ची थीं, क्योंकि वह 20 साल की थीं, लेकिन मैं 21 साल का होते हुए मर्द था। उनसे कोई गलती हो जाए तो उनके साथ अलग बर्ताव होता था और हम अपराधी बन जाते थे। वो चाहते हैं कि हम आउटसाइडर्स उनके चमचे बनकर रहें। लेकिन, मैंने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो मेरा करियर बर्बाद करने और मेरा सेल्फ कॉन्फिडेंस तोड़ने की कोशिश की गई।