1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'हनुमान अंश' से पहले आईं माइथोलॉजिकल फिल्में, बॉक्स ऑफिस पर दिखा जिनका जादू, एक ने छापे 852 करोड़

'हनुमान अंश' से पहले आईं माइथोलॉजिकल फिल्में, बॉक्स ऑफिस पर दिखा जिनका जादू, एक ने छापे 852 करोड़

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 12, 2026 07:25 pm IST,  Updated : Sep 12, 2026 07:25 pm IST

महज 2 करोड़ के बजट में बनी 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तहलका मचाया है कि बड़े-बड़े फिल्ममेकर भी हैरान हो गए हैं। इस बीच आपको 'हनुमान अंश' से पहले आईं उन माइथोलॉजिकल फिल्मों के बारे में बताते हैं, जिन्होंने 'हनुमान अंश' की ही तरह बॉक्स ऑफिस पर गदर काटा था।

Hanuman Ansh- India TV Hindi
'हनुमान अंश' से पहले इन आध्यात्मिक फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर बजा डंका। Image Source : INSTAGRAM/@FILMERVISHAL/@KLEEMPRODUCTIONS/@TEJASAJJA123

आजकल बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसी फिल्म का कमाल देखने को मिल रहा है, जिसमें न तो कोई बड़ा स्टार है और न ही कोई बड़ा डायरेक्टर या प्रोडक्शन हाउस इससे जुड़ा है, इसके बाद भी इसने जो कमाल दिखाया है उसने सबको हैरान कर दिया है। ये फिल्म है 'हनुमान अंश', जिसने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। महज 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत काफी धीमी रही और तीसरे हफ्ते में आकर इसने जो रफ्तार पकड़ी, उसके बाद ये बड़ी-बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ने लगी। इसी के साथ शोभिनव सत्य स्टारर ये फिल्म इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में शुमार हो चुकी है। हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब किसी माइथोलॉकिल फिल्म को इतना गजब का रिस्पॉन्स मिला है। पिछले कुछ सालों में माइथोलॉजिकल फिल्मों का क्रेज दर्शकों के बीच तेजी से बढ़ा है। आइए, ऐसी ही कुछ फिल्मों पर नजर डालते हैं जिन्होंने अपनी कहानी और कमर्शियल सफलता से अपनी पहचान बनाई है।

कांतारा (2022)

ऋषभ शेट्टी स्टारर 'कांतारा' उन फिल्मों में से एक है, जिसने वर्ड ऑफ माउथ के दम पर कमाल दिखाया और 450 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया। ये फिल्म लोक-मान्यताओं, कर्नाटक की संस्कृति और इंसान व प्रकृति के बीच के रिश्ते पर आधारित है। स्थानीय परंपराओं और आध्यात्मिकता के संगम वाली इस फिल्म ने ये साबित कर दिया कि कैसे क्षेत्रीय कहानियां पूरे भारत में दर्शकों का दिल जीत सकती हैं। सैकनिलक के अनुसार, लगभग 16 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 407 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की।

कार्तिकेय 2 (2022)

निखिल सिद्धार्थ स्टारर 'कार्तिकेय 2' ने भी बॉक्स ऑफिस पर खूब बवाल काटा। 2022 में रिलीज हुए ये फिल्म पौराणिक कथाओं, रहस्य, रोमांच और इतिहास का संगम है। इस फिल्म में भगवान कृष्ण से जुड़े रहस्यों को एक एडवेंचर थ्रिलर के साथ पेश किया गया है। फि्लम को सबसे ज्यादा फायदा वर्ड ऑफ माउथ का मिला, जिससे इसे तेलुगु बाजार से बाहर के दर्शकों तक पहुंचने में मदद की। सैकनिलक के अनुसार, लगभग 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 117.87 करोड़ रुपये की कमाई की।

हनु-मैन (2024)

प्रशांत वर्मा की 'हनु-मैन' का भी 2024 में खूब जलवा देखने को मिला। भारतीय पौराणिक कथाओं और सुपरहीरो जॉनर के मेल वाली ये फिल्म भगवान हनुमान से जुड़ी भक्ति और शक्तियों को एक आधुनिक सुपरहीरो कहानी के रूप में पेश करती है, जिसे काफी पसंद किया गया था। 2024 में रिलीज़ हुई इस फिल्म पर मेकर्स ने करीब 40 करोड़ रुपये खर्च किए थे और दुनिया भर में इसने 295.29 करोड़ रुपये की कमाई की।

महावतार नरसिम्हा (2025)

भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार पर बनी 'महावतार नरसिम्हा' 2025 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक रही। मेकर्स ने एनिमेशन के जरिए एक प्राचीन धार्मिक कहानी को बड़े पर्दे पर उतारा और दर्शकों से इसे बढ़िया रिस्पॉन्स मिला। इस फिल्म की खासियत थी कि इसे आधुनिक विज़ुअल ट्रीटमेंट के साथ पेश किया गया था, जो लोगों का ध्यान खींचने में सफल रही। सैकनिल्क के अनुसार, इसने दुनिया भर में 326.82 करोड़ रुपये की कमाई की।

हनुमान अंश (2026)

7 अगस्त 2026 को रिलीज़ हुई 'हनुमान अंश' भक्ति फ़िल्मों के जॉनर में एक और बड़ी सफलता बनकर उभरी है। यह फ़िल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी शिक्षाओं और उनसे जुड़े चमत्कारों पर आधारित है। सैक्निलक के अनुसार, लगभग 2 करोड़ रुपये के कम बजट में बनी इस फ़िल्म ने भारत में 37 दिनों में 173.63 करोड़ रुपये की कमाई की है। भारत में इसकी कुल कमाई 205.15 करोड़ रुपये तक पहुँच गई है। यह फ़िल्म 11 सितंबर को दुनिया भर में भी रिलीज़ हुई थी।

कांतारा चैप्टर 1 (2026)

इस लिस्ट में ऋषभ शेट्टी की 'कांताराः चैप्टर 1' भी शुमार है, जिसने दुनियाभर में 852 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया। ये 2022 में रिलीज हुई 'कांतारा' का प्रीक्वल है, जो 3 साल के इंतजार के बाद सिनेमाघरों में रिलीज हुई और काफी पसंद की गई। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने भारत में 600 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया और दुनियाभर में 852 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि इसका बजट लगभग 125 करोड़ था।

ये भी पढ़ेंः 20 साल के संघर्ष के बाद 'हनुमान अंश' ने बना दिया स्टार, धीरेंद्र मुलकलवार ने बताया कैसे मिला फिल्म में गाने का मौका

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन