नीना गुप्ता भारतीय सिनेमा की उन गिनी-चुनी अदाकाराओं में से हैं, जिन्होंने न सिर्फ अपने अभिनय से बल्कि अपने जिंदगी जीने के अंदाज से भी लाखों लोगों को प्रेरित किया है। उनकी कहानी साहस, आत्मनिर्भरता और सामाजिक नियमों को चुनौती देने का प्रतीक बन चुकी है। 1980 के दशक में जब नीना गुप्ता अपने करियर के शुरुआती दौर में थीं, उनका दिल मशहूर वेस्टइंडीज क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स पर आ गया था। यह रिश्ता उस समय के लिहाज से बेहद अलग था। एक भारतीय अभिनेत्री और विदेशी क्रिकेटर का ये रिश्ता लोगों को हजम नहीं हो रहा था। दरअसल विवियन पहले से ही शादीशुदा थे। दोनों अपने-अपने करियर के शिखर पर थे, लेकिन इसी बीच एक-दूसरे के प्यार में पड़ने से दोनों ही सुर्खियों में छाए रहने लगे।
ये था रिचर्ड्स का जवाब
कहा जाता है कि दोनों का रिश्ता काफी गहरा हो गया था। दोनों की दोस्ती अवॉर्ड फंक्शन, फिल्म इवेंट्स और क्रिकेट स्टेडियम में भी नजर आने लगी थी। नीना ने एक इंटरव्यू में ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को बताया था कि जब उन्हें प्रेग्नेंसी का पता चला तो उन्होंने सीधे विवियन को फोन कर दिया और सारी बात बताई। उन्होंने कहा, 'मैं कोई बहुत खुश या उत्साहित नहीं थी, लेकिन मैं उससे प्यार करती थी। मैंने उसे साफ कहा कि अगर वह इस जिम्मेदारी के लिए तैयार नहीं है तो मैं यह बच्चा नहीं रखूंगी।' रिचर्ड्स ने जवाब दिया, 'नहीं, मुझे खुशी होगी अगर तुम इसे जन्म दो।'
अकेले की बेटी की परवरिश
इस समर्थन के बावजूद, नीना जानती थीं कि भारत जैसे पारंपरिक समाज में एक सिंगल मदर बनना आसान नहीं होगा। तमाम आलोचनाओं और सामाजिक दबावों को दरकिनार करते हुए उन्होंने 1989 में बेटी मसाबा गुप्ता को जन्म दिया। नीना ने सीमित संसाधनों में बेटी की परवरिश की और यह सफर कभी आसान नहीं रहा। गर्भावस्था के दौरान उन्होंने आर्थिक तंगी भी झेली, लेकिन उनके पिता उनके सबसे बड़े सहारा बने। नीना ने कभी भी मसाबा के सामने उसके पिता के बारे में नकारात्मक बातें नहीं कीं। उनका मानना था कि हर बच्चे को अपने पिता को जानने का अधिकार है। उन्होंने विवियन रिचर्ड्स से एक सम्मानजनक दूरी बनाए रखी, ताकि मसाबा को अपने माता-पिता के रिश्ते में किसी प्रकार की कड़वाहट महसूस न हो।
मसाबा बनाई अपनी पहचान
मसाबा ने आगे चलकर अपने लिए एक खास पहचान बनाई। वो एक सफल फैशन डिजाइनर और टीवी पर्सनालिटी के तौर पर उभरीं। और नीना ने अभिनय में वापसी कर अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। सालों बाद नीना को फिर से प्यार मिला। साल 2008 में उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक मेहरा से एक निजी समारोह में शादी की। भले ही दोनों अलग-अलग शहरों में रहते हैं, लेकिन उनका रिश्ता भावनात्मक रूप से बेहद मजबूत है। नीना अक्सर कहती हैं कि इस रिश्ते ने उन्हें भीतर से सुकून और स्थिरता दी है।
इस फिल्मों और शोज में आईं नजर
काम के मोर्चे पर भी नीना ने नए मुकाम छुए हैं। हाल ही में वह अनुराग बसु की फिल्म 'मेट्रो: इन दिनों' में नजर आईं, जिसमें उनके साथ अली फजल, फातिमा सना शेख, आदित्य रॉय कपूर, सारा अली खान, कोंकणा सेन शर्मा, पंकज त्रिपाठी, अनुपम खेर और शाश्वत चटर्जी जैसे कलाकार थे। वहीं दूसरी ओर पंचायत का नया सीजन भी सफल साबित हुआ, जिसमें उनके किरदार को एक बार फिर लोगों ने काफी पसंद किया।