तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय और उनकी पत्नी संगीता के रिश्ते की खट्टास अब किसी से छिपी नहीं रह गई है। चर्चाएं हैं कि दोनों तलाक ले रहे हैं और मामला अब कोर्ट भी पहुंच गया है। इस मामले में 15 जून को सुनवाई हुई, लेकिन कोर्ट की कार्यवाही अगली तारीख के लिए मुल्तवी कर दी गई है। सोमवार को चेंगलपट्टू फैमिली वेलफेयर कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK नेता सी जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता विजय के तलाक के मामले की अगली सुनवाई के लिए 7 अगस्त की तारीख तय की।
पत्नी ने रखी विजय से ये मांग
हाल के हफ्तों में ऐसी खबरें भी आई थीं कि दोनों के बीच सुलह हो सकती है और इस बात पर भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि कोर्ट की कार्यवाही वर्चुअल होगी या आमने-सामने। मार्च में तलाक की कार्यवाही के बीच थलपति विजय को संगीता द्वारा दायर एक कानूनी याचिका का सामना करना पड़ा। चेंगलपट्टू की जिला अदालत में अपनी याचिका में संगीता ने तलाक का मामला सुलझने तक चेन्नई के नीलांकरई में स्थित अपने पारिवारिक घर में रहना जारी रखने की अनुमति मांगी है। यह अर्जी 22 फरवरी को स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत उनकी मुख्य तलाक याचिका के हिस्से के तौर पर दायर की गई थी। शादी खत्म करने की मांग के साथ-साथ संगीता ने स्थायी गुजारा-भत्ता और नीलांकरई वाले घर में तब तक रहने का अधिकार भी मांगा है जब तक कि मामला सुलझ न जाए या उन्हें उसी स्तर का कोई दूसरा घर न मिल जाए।
बताई ऐसा करने के पीछे की वजह
अपनी याचिका में संगीता ने कहा कि उनकी और विजय की शादी को 26 साल हो चुके हैं और उन्होंने अपना समय घर संभालने और अपने दो बच्चों 25 साल के जेसन संजय और 20 साल की दिव्या साशा की परवरिश में लगाया है। उन्होंने तर्क दिया कि शादी के दौरान वह विजय की जीवनशैली के हिसाब से रहीं और उनके पास ऐसा कोई दूसरा घर नहीं है जो उस स्तर का हो। याचिका में विजय की सार्वजनिक पहचान का भी जिक्र किया गया है, एक प्रमुख तमिल अभिनेता और राजनीतिक पार्टी 'तमिलगा वेट्री कझगम' के संस्थापक के तौर पर जिसे भारत के चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त है।
घर खोने का सता रहा डर
संगीता के अनुसार कोर्ट जाने से पहले उन्होंने मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश की थी, लेकिन वे कोशिशें सफल नहीं हुईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विजय के वकील ने उन्हें बताया कि अगर वह तलाक का मामला आगे बढ़ाती हैं तो उन्हें नीलांकरई वाले घर में रहने की इजाजत नहीं दी जाएगी, जिससे उन्हें अपना घर खोने की चिंता सताने लगी। संगीता UK की नागरिक हैं और बायोमेडिकल साइंस में डिग्री रखती हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास रहने के लिए कोई उपयुक्त दूसरी जगह नहीं है। इसलिए उन्होंने एक अंतरिम आदेश की मांग की है ताकि वे तलाक पर कोर्ट का अंतिम फैसला आने तक सभी मौजूदा सुविधाओं के साथ नीलांकरई वाली प्रॉपर्टी में रहना जारी रख सकें। यह घर परिवार के निजी विवाद से कहीं ज्यादा अहमियत रखता है, क्योंकि यह विजय की सार्वजनिक और राजनीतिक पहचान से गहराई से जुड़ा हुआ है।
तृषा से जुड़ा विजय का नाम
विजय अभी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री हैं। कई फिल्मों में उनकी को-स्टार रहीं तृषा कृष्णन, एक्टर के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान काफी भावुक नजर आईं। दोनों के बीच करीबी दोस्ती की चर्चाएं हैं। दोनों अक्सर साथ देखे जाते हैं।
ये भी पढ़ें: सुसाइड से सिर्फ एक घंटे पहले संचिता उगाले ने किया पोस्ट, फिर मौत को लगाया गले, वीडियो देख बोले लोग- कितनी खुश थी