1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. IIT से की इंजीनियरिंग, फिर लाखों के पैकेज को ठुकराकर बने एक्टर, माता-पिता अब भी करते हैं सवाल- 'IAS बनेगा?'

IIT से की इंजीनियरिंग, फिर लाखों के पैकेज को ठुकराकर बने एक्टर, माता-पिता अब भी करते हैं सवाल- 'IAS बनेगा?'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jul 14, 2025 07:47 pm IST,  Updated : Jul 14, 2025 07:47 pm IST

आईआईटी में पढ़ाई करने के लिए हर साल जाने कितने ही स्टूडेंट तैयारी करते हैं, लेकिन चुनिंदा छात्रों को ही सफलता मिलती है। लेकिन, क्या आप उस एक्टर को जानते हैं, जिसने IIT से पढ़ाई की लेकिन, फिर जबरदस्त पैकेज को ठुकराकर एक्टर बन गया।

Jitendra Kumar- India TV Hindi
जितेंद्र कुमार। Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड में समय-समय पर कुछ ऐसे कलाकारों की एंट्री हुई, जिन्होंने फिल्मी बैकग्राउंड से न होते हुए भी अपने दम पर अपनी पहचान बनाई और आज दर्शकों के दिलों पर राज करते हैं। इनमें दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत से लेकर आयुष्मान खुराना जैसे स्टार्स का नाम शामिल है। इन कलाकारों ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में पहचान और फैंस के दिलों में जगह बनाई। इन दिनों एक और नाम खूब चर्चा में है, जो अपनी सीरीज के जरिए दर्शकों के दिलों में अलग जगह बना चुका है। खास बात तो ये है कि ये उन कलाकारों में से हैं, जिन्होंने सिर्फ अभिनय में ही नहीं बल्कि एजुकेशन के क्षेत्र में भी अपने नाम का परचम लहराया है। लेकिन, हाई पेइंग पैकेज को ठुकराकर इन्होंने संघर्षों से भरी मनोरंजन की दुनिया चुनी। हम बात कर रहे हैं 'पंचायत' और 'कोटा फैक्ट्री' स्टार जितेंद्र कुमार की, जो पंचायत में सचिव जी का किरदार निभाकर घर-घर में तगड़ी पहचान बना चुके हैं।

IIT पासआउट हैं जितेंद्र कुमार

जितेंद्र कुमार ने अपने अभिनय से हमेशा तारीफें बटोरीं। लेकिन, क्या आप जानते हैं जितेंद्र कुमार IIT पासआउट हैं। लेकिन, इसके बाद भी उन्होंने अभिनय का ही रास्ता चुना, जिससे उनके माता-पिता बिलकुल खुश नहीं थे। हाल ही में जितेंद्र कुमार ने विजय वर्मा, जयदीप अहलावत और प्रतीक गांधी के साथ कपिल शर्मा के चर्चित शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में शिरकत की, जहां उन्होंने अपने एक्टिंग के फैसले पर अपने माता-पिता के रिएक्शन का खुलासा किया।

एक्टिंग के फैसले से खुश नहीं थे पेरेंट्स

शो के दौरान कपिल शर्मा ने जितेंद्र कुमार की तारीफ की और कहा कि उन्होंने आईआईटी से ग्रेजुएशन किया और फिर भी एक्टिंग का करियर चुना। कपिल ने जितेंद्र से इस पर उनके पेरेंट्स का रिएक्शन पूछा, जिसके जवाब में कहा- 'मैंने जब एक्टिंग के लिए IIT से ग्रेजुएशन करने के बाद इंजीनियरिंग करियर छोड़ा तो मेरे माता-पिता काफी उदास हो गए थे। वह मेरे फैसले से खुश नहीं थे। वो अब भी वही बात कहते हैं। हालांकि, जब एक्टर के तौर पर मुझे फेम मिलने लगा तो उन्होंने मेरी एक्टिंग को एक्सेप्ट करना शुरू कर दिया। मगर, अभी भी वो कभी-कभी मुझसे पूछ ही लेते हैं कि क्या मैं UPSC करना चाहता हूं।'

IIT खड़गपुर में सिविल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया

बता दें, जितेंद्र कुमार का परिवार राजस्थान से ताल्लुक रखता है। जितेंद्र को बचपन से ही अभिनय का शौक था और वे अक्सर बड़े-बड़े एक्टर्स की नकल किया करते थे। अपनी स्कूली पढ़ाई के बाद उनके माता-पिता ने उन्हें IIT की तैयारी के लिए कोटा भेज दिया और जितेंद्र ने IIT की प्रवेश परीक्षा निकाल भी ली और IIT खड़गपुर में सिविल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने 'हिंदी टेक्नोलॉजी ड्रामेटिक सोसाइटी' में भाग लेना शुरू कर दिया और इसी दौरान उनकी मुलाकात TVF के क्रिएटिव डायरेक्टर बिस्वपति सरकार से हुई।

पंचायत सीरीज ने दिलाई पहचान

जितेंद्र ने 2014 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की और अब तक कई फिल्मों और वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं। लेकिन, 2020 में आई वेब सीरीज 'पंचायत' में सचिव जी का किरदार निभाकर वह घर-घर में फेमस हो गए। ये एक कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज है, जिसमें उनके साथ नीना गुप्ता और रघुबीर यादव जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। पहले सीजन की जबरदस्त सफलता ने इस सीरीज के कलाकारों को भी घर-घर में मशहूर कर दिया। अब तक इस सीरीज के चार सीजन आ चुके हैं और मेकर्स पांचवे सीजन का भी ऐलान कर चुके हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन