1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'मुझे सुन नहीं रही हो, किसे मैसेज चल रहा?' मेलबर्न में भाषण रोककर पंकज त्रिपाठी ने पत्नी मृदुला को टोका, नहीं रुकी लोगों की हंसी

'मुझे सुन नहीं रही हो, किसे मैसेज चल रहा?' मेलबर्न में भाषण रोककर पंकज त्रिपाठी ने पत्नी मृदुला को टोका, नहीं रुकी लोगों की हंसी

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 17, 2026 03:07 pm IST,  Updated : Aug 17, 2026 03:07 pm IST

मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल के दौरान मंच से अपनी पत्नी मृदुला को मोबाइल में व्यस्त देख मजाक में टोका। इस दौरान उन्होंने अपने 25 साल लंबे रिश्ते और शुरुआती संघर्ष का जिक्र भी किया।

pankaj tripathi- India TV Hindi
पंकज त्रिपाठी। Image Source : PUNEETCREATIONS9/INSTAGRAM

बॉलीवुड के मशहूर और पसंदीदा अभिनेताओं में शामिल पंकज त्रिपाठी अक्सर अपनी अभिनय क्षमता के साथ-साथ अपने निजी जीवन की सादगी के लिए सराहे जाते हैं। अपनी पत्नी मृदुला त्रिपाठी के साथ उनका रिश्ता हमेशा से उनके फैंस के लिए खास रहा है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित 'इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न' के दौरान एक ऐसा वाक्या हुआ, जिसने वहां मौजूद दर्शकों के साथ-साथ इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया। वीडियो में न सिर्फ दोनों का प्यार नजर आया, बल्कि पंकज का पत्नी के लिए ऑब्सेशन भी दिखा।

स्टेज से ही पत्नी को मीठी टोक

कार्यक्रम में जब पंकज त्रिपाठी मंच से दर्शकों को संबोधित कर रहे थे, तभी उनकी नजर सामने बैठी पत्नी मृदुला पर पड़ी, जो अपने फोन में व्यस्त थीं। अपने बेबाक और मजाकिया अंदाज में पंकज ने भाषण बीच में रोककर उनसे पूछ लिया, 'तुम किसे लगातार टाइप किए जा रही हो? मेरी नजर बार-बार वहीं जा रही है। मैं इतनी देर से बोल रहा हूं और तुम मुझे सुन ही नहीं रही हो।' इसके तुरंत बाद पंकज ने मुस्कुराते हुए कहा कि शायद वह उनकी बेटी को संदेश भेज रही होंगी और चुटकी लेते हुए बोले कि अपनी बेटी से कह दो कि उसके पिता का कार्यक्रम शुरू हो चुका है।

यहां देखें वीडियो

25 साल के रिश्ते में दोस्ती का खूबसूरत मिसाल

इस हल्के-फुल्के पल को आगे बढ़ाते हुए पंकज त्रिपाठी ने अपनी शादीशुदा जिंदगी और आपसी समझ पर भी बात की। उन्होंने दर्शकों से कहा कि उन्होंने 25 साल पहले एक बेहद खूबसूरत महिला से शादी की थी और जब वे बोलते हैं तो हमेशा अपनी पत्नी का चेहरा देखते हैं कि उनकी बातों पर उनका क्या रिएक्शन है, लेकिन जब से वे बोल रहे थे, उनकी पत्नी लगातार स्क्रीन में ही उलझी हुई थीं। पंकज के इस सहज और प्यारे अंदाज को सुनकर हॉल में मौजूद सभी दर्शक ठहाके लगाकर हंस पड़े।

संघर्ष के दिनों में मृदुला का वो अटूट साथ

पंकज और मृदुला की यह केमिस्ट्री रातों-रात नहीं बनी है, बल्कि इसके पीछे सालों का संघर्ष और त्याग छुपा है। फिल्म उद्योग में पहचान बनाने से पहले पंकज त्रिपाठी ने कई सालों तक तंगहाली का सामना किया था। साल 2004 से 2010 के बीच जब पंकज के पास काम नहीं था, तब उनकी पत्नी मृदुला ने शिक्षिका के रूप में काम करके घर का पूरा आर्थिक बोझ उठाया था। पंकज अक्सर इस बात को स्वीकार करते हैं कि जब वे अंधेरी की गलियों में काम की तलाश में भटकते थे, तब मृदुला उनके साथ मजबूती से खड़ी रहती थीं।

'अंधेरी में काम ढूंढने से पार्किंग में निर्देशकों की कतार तक'

पंकज त्रिपाठी अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताते हैं कि एक दौर ऐसा था जब वे लोगों से अभिनय का मौका देने की गुहार लगाते थे, लेकिन कोई उनकी बात नहीं सुनता था। वहीं आज दौर यह है कि जब वे अपने घर लौटते हैं तो उनकी बिल्डिंग की पार्किंग में ही फिल्म निर्देशक अपनी कहानियों के साथ उनका इंतजार कर रहे होते हैं। पंकज के अनुसार यह बदलाव उनके लंबे धैर्य और उनकी पत्नी के निस्वार्थ समर्थन का ही नतीजा है।

दर्शकों का प्यार और आगामी प्रोजेक्ट्स

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो आते ही प्रशंसकों ने इस जोड़ी की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना है कि दोनों के बीच की गहरी दोस्ती ही उनके मजबूत रिश्ते की नींव है। काम की बात करें तो पंकज जल्द ही 'मिर्जापुर: द मूवी' में अपने सबसे प्रतिष्ठित किरदार 'कालीन भैया' के रूप में बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने के लिए तैयार हैं।

ये भी पढ़ें: कौन थीं खूबसूरत एक्ट्रेस अनन्या राज? 27 साल की उम्र में हुई मौत, विक्रम भट्ट की भूतिया फिल्म से मिली थी पहचान

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन