बॉलीवुड में गुरुवार, 29 अक्टूबर को करवाचौथ की धूम देखने को मिली। कई अभिनेत्रियों ने सोशल मीडिया पर अपने करवाचौथ सेलिब्रेशन की झलक शेयर की है, जिसमें वह खूबसूरत रंगों में सजी-धजी नजर आईं। गुरुवार को अनिल कपूर और सुनीता कपूर ने भी हर साल की तरह इस बार भी अपने आवास पर करवाचौथ की पूजा रखी, जिसमें शिल्पा शेट्टी, नीलम कोठारी, मीरा राजपूत से लेकर गौरी खान, गौरी स्प्रैट, भावना पांडे, महीप कपूर, आकांक्षा रंजन कपूर और नताशा दलाल सहित कई सितारे पहुंचे और करवाचौथ की पूजा की। परिणीति चोपड़ा ने भी राघव चड्ढा के साथ करवाचौथ मनाया, जिसकी झलक उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की है। खास बात तो ये है कि परिणीति के सेलिब्रेशन की झलक देखने के बाद लोगों को प्रियंका चोपड़ा के करवाचौथ सेलिब्रेशन की कहानी याद आ गई है।
परिणीति चोपड़ा ने 35 हजार फीट की ऊंचाई पर मनाया करवाचौथ
परिणीति चोपड़ा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर करवाचौथ सेलिब्रेशन की झलक शेयर की है, जिसमें वह अपने पति, राजनेता राघव चड्ढा के साथ फ्लाइट में सफर करते हुए ये त्योहार मनाती दिखीं। वीडियो में सबसे पहले फ्लाइट विंडो से चांद की झलक देखने को मिलती है, जिसे देखते हुए परिणीति हाथ जोड़कर प्रणाम करती हैं और फिर उनके साथ मौजूद राघव चड्ढा उन्हें अपने हाथ से पानी पिलाते हैं और इस तरह परिणीति ने जमीन से 35,000 फीट की ऊंचाई पर भी पारंपरिक रस्म पूरी की।
परिणीति का करवाचौथ सेलिब्रेशन
वीडियो में परिणीति मल्टीकलर आउटफिट में नजर आ रही हैं और राघव चड्ढा ब्लैक टी-शर्ट में दिखाई दे रहे हैं। परिणीति ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- 'हम जहां भी हों, करवाचौथ वहीं है। भले ही हम 35,000 फीट की ऊंचाई पर हों! रागाई, तुम मेरे सारे सपने सच कर देते हो। सबसे अच्छे आदमी, सबसे अच्छे इंसान, सबसे अच्छे लड़के। हमारी फ्लाइट लेट होने की वजह से, घर के बजाय हमें प्लेन से ही चांद के दर्शन करने पड़े! हमने वहीं पर अपनी पूजा करने का फैसला किया।'
फैंस को याद आई प्रियंका चोपड़ा की करवाचौथ वाली कहानी
प्रियंका चोपड़ा ने कपिल शर्मा के शो में शिरकत के दौरान अपने करवाचौथ सेलिब्रेशन की रोमांटिक कहानी साझा की थी। प्रियंका ने बताया था कि वह एक बार किसी कॉन्सर्ट में थीं, जहां निक जोनास का लाइव शो चल रहा था। उस दिन प्रियंका ने करवाचौथ का व्रत रखा था और 11 बज गए, लेकिन आसमान बादलों से घिरा था और बारिश के चलते चांद नहीं दिख रहा था। इसके बाद निक ने उनके लिए बेहद रोमांटिक कदम उठाया। उन्होंने एक प्राइवेट प्लेन बुक की और प्रियंका को बैठाकर बादलों के ऊपर ले गए, जहां से चांद देखकर प्रियंका ने अपना व्रत खोला।
परिणीति का वर्क फ्रंट
वर्क फ्रंट पर बात करें तो परिणीति चोपड़ा लंबे समय बाद किसी प्रोजेक्ट में नजर आईं। उन्होंने 'शकः ट्रस्ट नो वन' के साथ ओटीटी डेब्यू किया, जिसमें उनके साथ जेनिफर विंगेट भी मुख्य भूमिका में थीं। हाल ही में इस सीरीज की सक्सेस पार्टी का एक वीडियो सामने आया था, जिसे लेकर परिणीति को ट्रोल किया जाने लगा। ऐसे में पहले जेनिफर विंगेट ने एक पोस्ट शेयर करते हुए साफ किया कि उनके और परिणीति के बीच सब ठीक है और इसके बाद परिणीति ने भी कैटफाइट के दावों पर रिएक्ट किया और बताया कि सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को देखकर वह और जेनिफर हंस रही थीं।