प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा है और देश-दुनिया से लोग उन्हें शुभकामनाएं भेज रहे हैं। बॉलीवुड की एक्ट्रेस और भाजपा नेता हेमा मालिनी ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। जन्मदिन की पूर्व संध्या पर हेमा मालिनी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है।
वीडियो पोस्ट कर दी बधाई
हेमा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं मोदी जी। आज आपके 75वें जन्मदिन पर, मैं आपको अपने परिवार, और समस्त बृजवासियों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। मैं भगवान कृष्ण से आपके स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करती हूं। माननीय प्रधानमंत्री जी, हमें आप पर गर्व है।' देश की बेहतरी में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान की प्रशंसा करते हुए, 'ड्रीम गर्ल' ने आगे कहा, 'जब से आपने देश की कमान संभाली है, देश में सकारात्मक बदलाव आए हैं और हर क्षेत्र में प्रगति हो रही है। इतने कम समय में आपने भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक नई पहचान दिलाई है। मैं पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल से ही आपके साथ जुड़ी हुई हूं। जब आप गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तो मुझे दोनों बार राज्य में चुनाव प्रचार करने का मौका मिला।'
11 साल से रहा करीब संबंध
हेमा ने आगे बताया कि कैसे पिछले 11 सालों से प्रधानमंत्री के साथ उनका पेशेवर और व्यक्तिगत, दोनों तरह का जुड़ाव रहा है। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर, उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मोदी जी, मैं 11 सालों से आपके साथ जुड़ी रही हूं और आपसे निरंतर प्रोत्साहन और समर्थन प्राप्त करती रही हूं। आपके 75वें जन्मदिन पर मैं, मेरा परिवार और मेरे निर्वाचन क्षेत्र मथुरा के लोग आपकी सलामती की कामना करते हैं। जन्मदिन मुबारक हो।' इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ड्रामा चलो जीते हैं बुधवार को देश भर में विशेष रूप से पुनः रिलीज के लिए तैयार है। मंगेश हदावले द्वारा निर्देशित, यह ड्रामा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन की एक बचपन की घटना से प्रेरित माना जाता है।