1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पत्नी पत्रलेखा से कुक ने की बदतमीजी, आगबबूला हो गए राजकुमार राव, दिखा दी पतली गली

पत्नी पत्रलेखा से कुक ने की बदतमीजी, आगबबूला हो गए राजकुमार राव, दिखा दी पतली गली

 Written By: Priya Shukla
 Published : May 24, 2025 11:22 am IST,  Updated : May 24, 2025 11:22 am IST

राजकुमार राव की रोमांटिक-कॉमेडी 'भूल चूक माफ' हाल ही में रिलीज हुई है। इस फिल्म की कहानी शादी के इर्द-गिर्द घूमती है। इस बीच राजकुमार राव ने अपनी रियल लाइफ जीवनसाथी पत्रलेखा से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया है।

Rajkummar Rao- India TV Hindi
राजकुमार राव, पत्रलेखा। Image Source : INSTAGRAM

राजकुमार राव ने 11 साल डेटिंग के बाद पत्रलेखा से शादी की। दोनों 2021 में शादी के बंधन में बंधे थे। राजकुमार राव और पत्रलेखा फिल्मी दुनिया के वो कपल हैं जो बराबरी में भरोसा रखते हैं। दोनों के रिश्ते की नींव एक-दूसरे के सम्मान पर बनी है और दोनों ने अपनी शादी में भी इस बात का उदाहरण दिया था। राजकुमार राव ने भी शादी में पत्नी पत्रलेखा के नाम का सिंदूर लगाया था। अब हाल ही में एक खुलासा करके राजकुमार राव ने फिर ये बात साबित कर दी कि उनके लिए उनकी पत्नी पत्रलेखा और उनके सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं है।

जब राजकुमार राव ने कुक को काम से किया बाहर

राजकुमार राव ने हाल ही में रौनक राजानी के शो में बातचीत के दौरान बताया कि उनके घर में एक कुक हुआ करता था जो मैक्सिकन बहुत अच्छा बनाता था। लेकिन, उन्होंने उस कुक को काम से निकाल दिया। अभिनेता ने इसकी वजह के बारे में बात करते हुए बताया कि उनके कुक ने एक बार उनकी पत्नी का अपमान किया था, जो उनके बर्दाश्त के बाहर था और उन्होंने उसे काम से निकाल दिया।

पत्रलेखा से ढंग से बात नहीं करता था राजकुमार का कुक

दरअसल, बातचीत के दौरान कॉमेडियन रौनक राजानी ने कहा कि उनका कुक उनकी पत्नी को कुछ नहीं समझता। उनके कुक को 5 साल हो गए हैं, लेकिन वह उसे निकालने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। राजकुमार राव ने रौनक की बात सुनकर अपना एक्सपीरियंस शेयर किया और कहा- 'मैं आपको हमारे घर का एक उदाहरण बताता हूं, और दोस्तों, फर्क देखिए। हमारे पास एक कुक था, उसकी उम्र करीब 50 साल रही होगी। एक बेहतरीन कुक! पहली बार मुझे जीवन में वेजिटेरियन मैक्सिकन खाना मिल रहा था। वरना ये सिर्फ हरी सब्ज़ी और चावल ही होता।'

कुक को काम से निकाल दिया

राजकुमार राव आगे कहते हैं- 'उसने मेरे लिए मैक्सिकन प्लैटर बनाया और उसके दो दिन बाद मेरी पत्नी पत्रा ने मुझसे कहा- सुनो, ये आदमी मुझसे ठीक से बात नहीं करता है। मुझे लगता है कि इसे मुझसे कुछ प्रॉब्लम है। और मैं कुछ पता लगा पाता इससे पहले ही तीसरे दिन, जब पत्रा ने उससे कुछ पूछा तो उसने मुंह बना लिया। लेकिन, मेरे साथ वह बहुत ही सम्मान के साथ बात करता था। आपको पता है मैंने क्या किया?मैंने उसे बुलाया और कहा- आप अपना बैग पैक करिए और चले जाइये।' राजकुमार राव की बात सुनकर भीड़ ने उनके लिए तालियां बजाना शुरू कर दिया।

भूल चूक माफ हुई रिलीज

वर्कफ्रंट की बात करें तो राजकुमार राव इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'भूल चूक माफ' को लेकर सुर्खियों में हैं। राजकुमार राव और वामिका गब्बी स्टारर ये फिल्म पिछले कुछ दिनों से विवादों में घिरी थी। विवादों के चुंगल से निकलकर हाल ही में ये फिल्म रिलीज हुई है। फिल्म की कहानी एक ऐसे कपल की है, जिसकी प्रेम कहानी शादी के मंजिल तक पहुंचने से ठीक पहले टाइम लूप में फंस जाती है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन