1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. लालबागचा राजा के दर्शन को पहुंचे राजपाल यादव, VIP एंट्री छोड़ आम श्रद्धालुओं के बीच हुए खड़े, छोटी बच्ची संग की मस्ती

लालबागचा राजा के दर्शन को पहुंचे राजपाल यादव, VIP एंट्री छोड़ आम श्रद्धालुओं के बीच हुए खड़े, छोटी बच्ची संग की मस्ती

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 23, 2026 10:44 am IST,  Updated : Sep 23, 2026 10:44 am IST

राजपाल यादव लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे और वीआईपी लाइन के बजाय आम श्रद्धालुओं के साथ कतार में खड़े रहे। अभिनेता ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ का जयकारा लगाया और फैंस संग सेल्फी भी खिंचवाई।

rajpal yadav- India TV Hindi
राजपाल यादव। Image Source : VIRAL BHIYANI INSTAGRAM

मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दरबार में इन दिनों बॉलीवुड सितारों का पहुंचना जारी है। इसी कड़ी में अभिनेता राजपाल यादव भी गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने पंडाल पहुंचे। हालांकि, उनकी एंट्री ने सबसे ज्यादा ध्यान इसलिए खींचा क्योंकि अभिनेता ने किसी विशेष या वीआईपी व्यवस्था का सहारा लेने के बजाय आम श्रद्धालुओं के साथ कतार में खड़े होकर दर्शन का इंतजार किया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में राजपाल यादव काफी सहज अंदाज में भक्तों के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं।

आम भक्तों के साथ खड़े होकर किया इंतजार

राजपाल यादव के लालबागचा राजा पहुंचने का वीडियो सामने आया है। इसमें अभिनेता अन्य श्रद्धालुओं के साथ लाइन में खड़े दिखाई दे रहे हैं। वह अपनी बारी का इंतजार करते हुए ‘गणपति बप्पा मोरया’ का जयकारा लगाते नजर आए। जैसे-जैसे वह गणपति की प्रतिमा के करीब पहुंचते हैं, वहां मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी उन्हें पहचान लेती हैं और मुस्कुराती हुई नजर आती हैं। दर्शन के लिए आगे बढ़ते वक्त कुछ फैंस ने राजपाल यादव से सेल्फी की गुजारिश भी की। अभिनेता ने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इसके बाद उन्होंने बप्पा के चरण स्पर्श दर्शन किए और पंडाल से बाहर निकल गए। उनके इस पूरे अंदाज में किसी तरह की जल्दबाजी या खास सुविधा लेने की कोशिश नजर नहीं आई। बता दें, बीते दिन कई और सितारे भी बप्पा के दर्शन को पहुंचे थे, इसमें गोविंदा और सुनीता आहूजा भी शामिल हैं।

यहां देखें वीडियो

वीडियो पर फैंस ने भी दी प्रतिक्रिया

राजपाल यादव के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। कई यूजर्स ने अभिनेता के आम श्रद्धालुओं के साथ लाइन में खड़े होने की तारीफ की। कुछ लोगों ने उनके व्यवहार को सादगी से जोड़ा तो कुछ ने कहा कि भक्ति में किसी तरह का दिखावा जरूरी नहीं है। गणेश उत्सव के दौरान लालबागचा राजा का पंडाल हर साल बॉलीवुड सितारों के आकर्षण का केंद्र रहता है। इस बार शाहरुख खान, गौरी खान, सुहाना खान, रणवीर सिंह, संजय दत्त, गोविंदा और परिणीति चोपड़ा समेत कई फिल्मी हस्तियां यहां दर्शन करने पहुंच चुकी हैं।

कानूनी मामले के बीच भी चर्चा में अभिनेता

राजपाल यादव की यह सार्वजनिक मौजूदगी ऐसे समय में सामने आई है जब वह करीब 9 करोड़ रुपये के बकाया और चेक बाउंस से जुड़े लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद के कारण भी खबरों में हैं। इस मामले में 15 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई थी। अदालत ने अभिनेता को बकाया रकम में से 2 करोड़ रुपये की व्यवस्था करने के लिए दो सप्ताह का अंतिम मौका दिया था। अदालत ने उन्हें तत्काल सरेंडर करने से मिली राहत को 5 अक्टूबर तक बढ़ाया था। साथ ही उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करने का निर्देश भी दिया गया था। यह मामला करीब 2010 से चला आ रहा है और फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण से जुड़ा वित्तीय विवाद इसकी वजह बताया जाता है।

फिल्म के लिए ली गई रकम से शुरू हुआ था विवाद

मामले के मुताबिक राजपाल यादव और उनके सहयोगियों ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये लिए थे। बाद में रकम लौटाने के लिए जारी किए गए चेक कथित तौर पर बाउंस हो गए। इसके बाद अभिनेता के खिलाफ सात अलग-अलग चेक बाउंस मामले सामने आए। जुलाई 2026 में दिल्ली हाईकोर्ट ने इन मामलों में राजपाल यादव की दोषसिद्धि को बरकरार रखते हुए प्रत्येक मामले में तीन महीने की सजा सुनाई थी। इससे पहले भी अभिनेता इस मामले में जेल जा चुके हैं। बाद में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से राहत की मांग की थी। सितंबर में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें कुछ शर्तों के साथ राहत दी, लेकिन निर्धारित रकम जमा नहीं कर पाने के बाद अदालत ने उन्हें अतिरिक्त समय दिया। अब इस मामले में अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होनी है।

‘हैवान’ में नजर आए थे राजपाल यादव

फिल्मों की बात करें तो राजपाल यादव हाल ही में प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ में दिखाई दिए हैं। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म मलयालम की चर्चित फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रूपांतरण है।

ये भी पढ़ें: राष्ट्रपति से सम्मान लेने जाना था, संजय मिश्रा खुद कर रहे थे कपड़े प्रेस, वीडियो में दिखी सागगी जीत रही दिल

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन