रणबीर कपूर अपने अभिनय से दर्शकों को इंप्रेस करते आए हैं। 'बर्फी', 'रॉकस्टार' से लेकर 'एनिमल' जैसी फिल्मों में अपने जबरदस्त अभिनय से उन्होंने दर्शकों को और आलोचकों को स्पीचलेस कर दिया। हालांकि, ऐसा नहीं है कि बड़े पर्दे पर उनकी फिल्में पिटी नहीं। उनकी कुछ फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर काफी बुरा हाल रहा है, इन्हीं में से एक 'बॉम्बे वेलवेट' भी थी। हाल ही में फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने इस फिल्म और रणबीर कपूर को लेकर कुछ खुलासे किए और बताया कि कैसे 'बॉम्बे वेलवेट' की असफलता के बाद रणबीर अपने करियर और फिल्मों की चॉइस को लेकर सावधान हो गए हैं।
अनुराग कश्यप ने 'गेम चेंजर्स पॉडकास्ट' में बातचीत के दैरान बॉम्बे वेलवेट की असफलता पर बात की। उन्होंने बातचीत के दौरान खुलासा किया कि उन्होंने शुरुआत में फिल्म का बजट 28 करोड़ रखा था, लेकिन ये धीरे-धीरे बढ़कर 90 करोड़ तक पहुंच गया, जिसके बाद उन्हें फिल्म के बजट को देखते हुए कई बदलाव करने पड़े। इन्हीं में से एक बदलाव लीड एक्टर का भी था। फिल्म में पहले रणवीर सिंह को कास्ट किया गया था, लेकिन जैसे-जैसे फिल्म का बजट बढ़ा, उन पर किसी बड़े स्टार को लेने का दवाब होने लगा और आखिरकार रणवीर की जगह रणबीर कपूर ने ले ली।
रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा स्टारर बॉम्बे वेलवेट 2015 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई थी। 90 करोड़ से ज्यादा के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में सिर्फ 43 करोड़ का कलेक्शन किया, जो बजट से आधा भी नहीं था। अनुराग कश्यप ने माना कि वह फिल्म के बजट और स्टारकास्ट के साथ न्याय नहीं कर पाए और खुद को इस फिल्म के फ्लॉप होने का जिम्मेदार बताया है।
अनुराग कश्यप ने याद किया कि कैसे जैसे-जैसे फिल्म का बजट बढ़ने लगा, सब कुछ बदलने लगा। यहां तक कि टीम के सोचने और काम करने का तरीका भी। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा- 'हम अचानक से रिक्शा से मर्सिडीज में पहुंच गए। सेट पर जाने के लिए मर्सिडीज इस्तेमाल करने लगे। अचानक, सेट के पास श्रीलंका में एक रिसॉर्ट बन गया।' कश्यप ने माना कि बजट कंट्रोल से बाहर चला गया और सोचे हुए बजट का तीन गुना पहुंच गया। उन्होंने कहा- 'स्क्रीन पर भी ये बजट नजर आना चाहिए था, लेकिन बॉम्बे वेलवेट के साथ ऐसा नहीं हुआ।'
अनुराग कश्यप ने खुलासा किया कि बॉम्बे वेलवेट के लिए रणबीर कपूर नहीं बल्कि रणवीर सिंह पहली पसंद थे। उन्होंने बताया कि रणवीर को इसके लिए साइन भी कर लिया गया था लेकिन, इंडस्ट्री उनकी स्टार पावर पर भरोसा नहीं था। अनुराग कहते हैं- “किसी को भी उन पर भरोसा नहीं था। बड़े निर्देशक उन्हें 'ट्रेडमिल' कहते थे क्योंकि उनमें बहुत एनर्जी थी।” उन्होंने आगे बताया कि बड़े फिल्म निर्माताओं ने उन्हें रणबीर को चुनने की सलाह दी और उन्होंने मान ली। निर्माताओं ने कहा कि, 'उन्हें नहीं पता कि रणवीर की परफॉर्मेंस कैसी होगी, लेकिन रणबीर बेहतर ऑप्शन रहेंगे।'
ये भी पढ़ेंः ऐश्वर्या-सुष्मिता को टक्कर देने वाली एक्ट्रेस, ग्लैमर और चकाचौंध से फेरा मुंह, लाइफ कोच बन चुनी नई राह
संपादक की पसंद