रणबीर कपूर और जितेंद्र कुमार एक शूटिंग के लिए साथ में नजर आए। सेट से दोनों की बिहाइंड द सीन वीडियो ने प्रशंसकों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है, जिसके बाद से लोग सोच रहे हैं कि आखिर वह साथ में क्या शूट कर रहे हैं। दोनों कलाकार सेट पर साथ नजर आए और यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि, अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशंसक अनुमान लगा रहे हैं कि क्या दोनों किसी विज्ञापन के लिए काम कर रहे हैं। 'पंचायत' के सचिव जी और रणबीर कपूर का ये वीडियो धड़ल्ले से वायरल हो रहा है।
पल्लव पालीवाल द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में रणबीर और जितेंद्र ट्रेडिशनल ड्रेस में नजर आ रहे हैं, जहां 'रामायण' के राम येलो कलर के कुर्ते पायजामे में काफी हैंडसम लग रहे हैं, वहीं 'पंचायत' एक्टर रेड कुर्ते और व्हाइट पायजामे में नजर आए। वे बालकनी में शूटिंग करते दिखाई दिए और उनके कोऑर्डिनेटेड एथनिक आउटफिट्स और सजावट से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कोई ऐड शूट हो सकता है। बीटीएस वीडियो में रणबीर, जितेंद्र कुमार को शूटिंग के लिए अपना फोन देते हुए दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही जितेंद्र रिकॉर्डिंग कर रहे होते हैं, रणबीर थम्स अप करते हुए दिखाई देते हैं। दोनों सेट पर एक-दूसरे से बात करते हुए भी दिखाई दिए।
रणबीर कपूर जल्द ही बार संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में आलिया भट्ट और विक्की कौशल के साथ नजर आएंगे। यह फिल्म युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ये मूवी मार्च 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, नितेश तिवारी की दो-भाग वाली महाकाव्य फिल्म 'रामायण' में भी रणबीर दिखाई देने वाले हैं। वे इस फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभाएंगे। सितारों से सजी इस फिल्म में सीता के रूप में साईं पल्लवी, लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे, रावण के रूप में यश और भगवान हनुमान के रूप में सनी देओल भी हैं। 'रामायण' का पहला भाग दिवाली 2026 में रिलीज होने वाला है। इसका सीक्वल दिवाली 2027 में रिलीज होगा।
लोकप्रिय कॉमेडी वेब सीरीज पंचायत सीजन 4 में सचिव जी की भूमिका निभाकर सभी का दिल जीत चुके जितेंद्र कुमार 'पंचायत 5' में दिखाई देंगे। इसके अलावा अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु के साथ 'मिर्जापुर: द फिल्म' में नए किरदार में नजर आएंगे।
संपादक की पसंद