1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं हैं रणवीर सिंह, जिन्हें राज कपूर ने दिया ब्रेक... 50s की उस मशहूर अदाकारा से है नाता

नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं हैं रणवीर सिंह, जिन्हें राज कपूर ने दिया ब्रेक... 50s की उस मशहूर अदाकारा से है नाता

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jul 06, 2024 06:15 am IST,  Updated : Jul 06, 2024 06:29 am IST

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह आज अपना 39वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। रणवीर को लेकर माना जाता है कि वह एक आउटसाइडर हैं, इसलिए उन्हें इंडस्ट्री में आने पर काफी स्ट्रगल करना पड़ा। लेकिन, ऐसा नहीं है। अभिनेता नॉन फिल्मी से नहीं बल्कि फिल्मी बैकग्राउंड से हैं। कैसे, चलिए आपको बताते हैं।

ranveer singh- India TV Hindi
आउटसाइडर नहीं हैं रणवीर सिंह। Image Source : INSTAGRAM

अपने मस्तमौला अंदाज और अतरंगी फैशन के लिए मशहूर रणवीर सिंह अपनी जबरदस्त अदाकारी के लिए भी जाने जाते हैं। वह जो भी किरदार निभाते हैं, पूरी शिद्दत से निभाते हैं और अपने काम में परफेक्शन के लिए उस किरदार में अपने आपको पूरी तरह से झोंक देते हैं। रणवीर सिंह ने 'बैंड बाजा बारात' के साथ अपना डेब्यू किया था और तब से लेकर अब तक उन्होंने हर तरह की फिल्में की हैं। वह फिल्मों में कभी संजीदा, कभी खूंखार विलेन तो कभी कॉमिक अवतार से दर्शकों को इंप्रेस कर चुके हैं। आज रणवीर सिंह अपना 39वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं और जल्दी ही वह पापा भी बनने वाले हैं। रणवीर सिंह की जब भी चर्चा होती है, उन्हें एक नॉन फिल्मी बैकग्राउंड का एक्टर माना जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि 'गली बॉय' के 'मुराद' का फिल्मी दुनिया से पहले से ही नाता है।

50 के दशक की फेमस एक्ट्रेस के पोते हैं रणवीर सिंह

जी हां, कम ही लोग जानते हैं कि रणवीर का बॉलीवुड से पुराना नाता है। रणवीर का 50 के दशक की अभिनेत्री चांद बर्क से बहुत करीबी नाता है। ये वही चांद बर्क हैं, जिन्हें राज कपूर ने फिल्मों में ब्रेक दिया था। रणवीर सिंह इन्हीं चांद बर्क के पोते हैं। रणवीर के पिता जगजीत सिंह भवनानी भले फिल्मी दुनिया से दूर हैं, लेकिन रणवीर ने करियर के तौर पर अपनी दादी के नक्शे कदम पर चलना चुना। रणवीर सिंह की दादी चांद बर्क ने 14 साल की उम्र में पंजाबी फिल्मों से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी।

एक्टर बन दादी का सपना किया पूरा

चांद बर्क एक शानदार डांसर भी थीं, इसलिए उन्हें 'द डांसिंग लिलि ऑफ द पंजाब' के नाम से भी जाना जाता था। उन्हें हिंदी फिल्मों में लाने का श्रेय राज कपूर को जाता है। चांद ने राज कपूर की फिल्म 'बूट पॉलिश' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने सुंदर सिंह भवनानी से शादी कर ली। दोनों के दो बच्चे बेटी टोनिया और बेटा जगजीत हुए। जगजीत भवनानी रणवीर के पिता है। चांद हमेशा से चाहती थीं कि उनका बेटा उन्हीं की तरह एक्टर बने, लेकिन बेटे ने पिता की राह पर कदम मोड़ लिए और बिजनेसमैन बन गए। ऐसे में रणवीर ने अपनी दादी का सपना पूरा किया।

सोनम कपूर से भी है रणवीर का कनेक्शन

यही नहीं, रणवीर सिंह का सोनम कपूर से भी खास कनेक्शन है। रणवीर के दादा सुंदर सिंह भवनानी सोनम कपूर की नानी यानी सुनीता कपूर की मां के भाई थे। जब रणवीर, अनिल कपूर की बेटी की शादी में शामिल हुए थे, उस समय इसका खुलासा हुआ था। रणवीर सिंह का पूरा नाम रणवीर सिंह भवनानी है, लेकिन बॉलीवुड में एंट्री करते हुए उन्होंने अपने नाम से भवनानी सरनेम हटा दिया।

एडवर्टाइजमेंट एजेंसी में किया काम

रणवीर सिंह की एजुकेशन और करियर की बात करे तो उन्होंन इंडियाना यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल की, इस दौरान उन्होंने कैफे में भी पार्ट टाइम काम किया। रणवीर बचपन से ही एक्टर बनना चाहते थे, लेकिन इंडस्ट्री में काम पाना उनके लिए बिलकुल आसान नहीं था। शुरुआत में उन्हें काफी स्ट्रगल करना पड़ा, एक समय तो ऐसा आया जब उन्होंने एक्टर बनने की उम्मीद ही खो दी और क्रिएटिव राइटिंग करने लगे। उन्होंने एडवर्टाइजमेंट राइटर बनकर एक एंजेंसी के साथ काम शुरू कर दिया। लेकिन, एक्टर बनने का ख्याल कभी दिमाग से नहीं गया। उन्होंने बैंड बाजा बारात से अपने करियर की शुरुआत की। फिल्म सुपरहिट रही और रणवीर का करियर भी चल निकला।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन