मशहूर कॉमेडियन समय रैना अपने पॉपुलर शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के दूसरे सीजन के साथ वापस आ चुके हैं। इसके पहले ही एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी जैसी बड़ी सेलिब्रिटीज बतौर गेस्ट नजर आईं। शो को लेकर जहां एक तरफ बज बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ समय रैना एक बार फिर पुराने विवादों के कारण इंटरनेट पर लोगों के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल साल 2024 का एक पुराना वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल हो रहा है, जिसने हाल ही में हुए '₹370 बिरयानी विवाद' के बाद कन्सेंट और कॉमेडी की मर्यादा पर एक नई बहस छेड़ दी है।
क्या था उस पुराने वीडियो में, जिसे लेकर छिड़ा विवाद?
वायरल हो रही इस क्लिप में देखा जा सकता है कि समय रैना के शो में दर्शकों के बीच बैठी एक लड़की अचानक बीच में ही उठकर जाने लगती है। इस पर हैरान होकर जब समय वजह पूछते हैं तो लड़की के साथ आया उसका बॉयफ्रेंड मुस्कुराते हुए बताता है कि उसकी गर्लफ्रेंड के पिता को हल्का हार्ट अटैक आया है, इसलिए उसे जाना पड़ रहा है। लड़के की इस बेफिक्री पर समय सवाल करते हैं कि वह इतना शांत कैसे रह सकता है और लड़की के साथ क्यों नहीं जा रहा। इसके तुरंत बाद समय मंच से एक आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहते हैं, 'अभी जाकर रोता न, भाई कंधा देगा तभी वो हेड देगी।' समय की इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगते हैं, लेकिन अब यही बयान उनके गले की हड्डी बन गया है।
यहां देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर फूटा यूजर्स का गुस्सा
समय रैना की इस टिप्पणी को लेकर एक्स पर लोग जमकर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। एक यूजर ने गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा कि किसी लड़की के पिता की गंभीर स्थिति पर इस तरह की 'लॉकर रूम' वाली भाषा का इस्तेमाल करना बेहद शर्मनाक है। यूजर्स का कहना है कि यह सोच हालिया '₹370 बिरयानी' वाले मामले से अलग नहीं है, जहां महिलाओं को एक कमोडिटी की तरह देखा जाता है। कई लोगों ने दुख जताते हुए कहा कि आज की कॉमेडी सड़ी-गली और औरतों से नफरत करने वाली मानसिकता को छिपाने का जरिया बन गई है। वहीं कुछ पुराने फैंस इस बात पर अफ़सोस जता रहे हैं कि उन्होंने कभी इस तरह के व्यवहार का बचाव किया था।
क्या था वो ₹370 वाला बिरयानी विवाद?
जो लोग इस पूरे संदर्भ से वाकिफ नहीं हैं, उन्हें बता दें कि कुछ ही समय पहले स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो से एक वीडियो क्लिप वायरल हुई थी। इसमें हिमांशु जांगड़ा नाम के एक 23 साल के लड़के ने बताया था कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गया था, जहां उसने ₹370 की चिकन बिरयानी खिलाई। लड़के का कहना था कि चूंकि उसने पैसे खर्च किए, इसलिए उसे अपने इस इन्वेस्टमेंट पर रिटर्न मिलना चाहिए था। इस बयान पर भारी विरोध के बाद लड़के ने माफी मांगी और अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स डिलीट कर दिए थे, जबकि कॉमेडियन प्रणित मोरे ने भी इस सोच से खुद को अलग करते हुए माफीनामा जारी किया था। अब समय रैना का यह वीडियो उसी तरह की मानसिकता को बढ़ावा देने के आरोप में दोबारा चर्चा में आ गया है।
ये भी पढ़ें: 'पुष्पा 3' से लेकर 'दृश्यम 3' तक, बॉक्स ऑफिस हिलाने आ रही हैं 7 बड़ी फ्रेंचाइजी, दिखाएंगी तीन का दम