दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी हाल ही में नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज 'डब्बा कार्टेल' में नजर आई थीं।उन्होंने गुरुवार को अपना 75वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस खास मौके पर उन्होंने एक भव्य पार्टी का आयोजन किया, जिसमें रेखा, विद्या बालन, माधुरी दीक्षित, उर्मिला मातोंडकर समेत फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। पार्टी के दौरान की कई वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं, जिसमें शबाना आजमी को बॉलीवुड की इन आइकॉनिक अभिनेत्रियों के साथ डांस करते हुए देखा जा सकता है। इन झलकियों को देखने के बाद लोगों का दिल एवरग्रीन रेखा पर आ गया है, जो अपने अंदाज और स्टाइल से लोगों का दिल जीत रही हैं।
संजय कपूर और फिल्म निर्माता फराह खान ने भी पार्टी के कुछ वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए शबाना आजमी को जन्मदिन की बधाई दी। संजय कपूर ने वीडियो पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो शबाना आजमी, क्या शानदार शाम थी! बॉलीवुड की ओजी क्वीन्स रेखा, माधुरी, उर्मिला और विद्या।’ इस पोस्ट में संजय ने एक खूबसूरत वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें सितारे थिरकते नजर आ रहे हैं। वीडियो देखने के बाद एक यूजर ने कमेंट किया, ‘मुझे इन महिलाओं का जश्न मनाना बहुत अच्छा लगा!’
वहीं एक अन्य फैन ने लिखा, ‘90 के दशक की डीवाज़ और ओजी क्वीन्स एक साथ, ये वाकई खास पल है।’ रेखा के डांस मूव्स ने खास तौर पर सबका ध्यान खींचा। वायरल क्लिप में रेखा, माधुरी दीक्षित, उर्मिला मातोंडकर और विद्या बालन के साथ फिल्म ‘परिणीता’ के गाने ‘कैसी है पहेली’ पर नाचती नजर आईं। इसके बाद रेखा ने शबाना आजमी को भी स्टेज पर बुलाया और फिर सभी ने साथ मिलकर डांस किया। यह पल पार्टी की सबसे खास झलक बन गया।
एक अन्य वीडियो में शबाना आजमी को अपने पति जावेद अख्तर के साथ क्लासिक गाने ‘प्रिटी लिटिल बेबी’ पर रोमांटिक डांस करते हुए देखा गया। फराह खान ने यह वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘अब आप 75 की हो गईं!! जन्मदिन मुबारक हो शबाना आजमी आप और जावेद हमेशा ऐसे ही यंग रहें।‘ इस खूबसूरत जश्न के बाद फैंस और सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर शबाना को खूब बधाइयाँ दीं, और उनके जिंदादिल अंदाज की तारीफ की।
शबाना आजमी हाल ही में क्राइम ड्रामा सीरीज ‘डब्बा कार्टेल’ में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने ज्योतिका, शालिनी पांडे, निमिषा सजयन, अंजलि आनंद और सई ताम्हणकर के साथ स्क्रीन शेयर की। अब वे जल्द ही राजकुमार संतोषी की ऐतिहासिक युद्ध-नाट्य फिल्म ‘लाहौर 1947’ में दिखाई देंगी। इस फिल्म में उनके साथ सनी देओल, अली फजल, प्रीति जिंटा और करण देओल मुख्य भूमिकाओं में होंगे। 75 की उम्र में भी शबाना आजमी का उत्साह, ऊर्जा और अभिनय के प्रति जुनून, हर पीढ़ी के कलाकारों के लिए प्रेरणा है।
ये भी पढ़ें: नीली आंखें, कातिल फिगर, ‘कोई मिल गया’ के राज सक्सेना की बेटी है बला की खबसूरत, टस से मस नहीं होगी नजर
संपादक की पसंद