बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सौरभ शुक्ला इन दिनों अपने निर्देशन में बनी फिल्म 'जब खुली किताब' को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें पंकज कपूर, डिंपल कपाड़िया और अपारशक्ति खुराना जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। 'जब खुली किताब' के कॉमेडी ड्रामा है, जो Zee5 पर उपलब्ध है। दूसरी तरफ सौरभ शुक्ला 'किंग' की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें शाहरुख खान, उनकी बेटी सुहाना खान और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में हैं। सौरभ शुक्ला पहले भी 'बादशाह' में शाहरुख खान के साथ काम कर चुके हैं और अब सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित 'किंग' में दोनों फिर से साथ आए हैं। इस बीच सौरभ शुक्ला ने शाहरुख के बारे में बात की और एक पिता के रूप में उनके व्यक्तित्व के बारे में बताया।
शाहरुख एक अच्छे बिजनेसमैन हैं- सौरभ शुक्ला
सिद्धार्थ कन्नन से बातचीत में सौरभ शुक्ला ने शाहरुख खान के साथ अपने शुरुआती दिनों को याद किया और सुपरस्टार को तेज दिमाग वाला और एक बेहतरीन बिजनेसमैन बताया। उन्होंने कहा, “मैंने उनके साथ 'बादशाह' में काम किया था। ये वो दौर था, जब वह इंडस्ट्री के उभरते सितारे थे। उस वक्त मेरी उनसे ज्यादा मुलाकात नहीं हुई, लेकिन समय-समय पर अलग-अलग मौकों पर हमारी मुलाकात होती रही है। वह एक शानदार व्यवसायी हैं और उनकी बिजनेस को लेकर समझ कमाल की है। नहीं तो अकेले के दम पर इतना बड़ा साम्राज्य खड़ा करना और उसे संभालना आसान बात नहीं है। बेशक उनके इर्द-गिर्द लोगों की फौज है, लेकिन ये फौज उन्होंने खुद खड़ी की है और ये तभी मुमकिन है, जब आपको अपने परिवार का भरपूर सहयोग मिलता है”
ताकत या रुतबे का नहीं कराते एहसास- सौरभ शुक्ला
सौरभ शुक्ला आगे कहते हैं कि शाहरुख खान इतने बड़े स्टार हैं, इसके बाद भी वह कभी दूसरों को न तो नीचा दिखाते हैं और न ही अपने रुतबे और ताकत का एहसास कराते हैं। सौरभ कहते हैं- 'उनकी पहचान है कि वह हर बातचीत पर पूरा ध्यान देते हैं, जिससे सामने वाला व्यक्ति भी महत्वपूर्ण महसूस करता है। अगर शाहरुख आपसे बात कर रहे होंगे तो आपको लगेगा कि आप वाकई एक महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं, क्योंकि वह बातचीत के दौरान पूरी तरह मौजूद रहते हैं। वह आपसे बात करते हैं। ये बहुत ही कम देखने को मिलता है। मुझे उनसे जलन होती है, क्योंकि मुझमें समझ नहीं है। ये खूबी मुझमें नहीं है। जब मैं बात करता हूं तो कुछ लोगों को तो मेरी बात पसंद आती है, लेकिन ज्यादातर मैं अपने बारे में ही बोलता हूं। अपने विचार, अपनी भावनाएं। मगर शाहरुख के साथ ऐसा नहीं है, वह आपके विचारों को भी सुनते हैं और यही उनकी खासियत है।'
शाहरुख खान एक पिता के रूप में सेट पर कैसे हैं?
इसी बातचीत में सौरभ शुक्ला ने ये भी बताया कि 'किंग' खान के सेट पर उनका अपनी बेटी सुहाना के साथ कैसा बर्ताव होता है। किंग में सुहाना पहली बार अपने सुपरस्टार पिता शाहरुख खान के साथ काम कर रही हैं। शाहरुख खान को एक समझदार पिता बताते हुए सौरभ शुक्ला कहते हैं- 'वह अधिकार जताने वाले या जरूरत से ज्यादा सुरक्षात्मक पिता नहीं हैं। बेशक, एक पिता प्रोटेक्टिव होता है, लेकिन वह शानदार हैं। सेट पर वह सुहाना के साथ पिता की तरह नहीं बल्कि एक सहकर्मी और एक को-एक्टर की तरह रहते थे। वह किसी अन्य को-एक्टर की तरह साथ में रिहर्सल करते थे और सुझाव भी देते थे।'
किंग की कास्ट
'किंग' की बात करें तो इसमें शाहरुख खान और सुहाना खान के साथ दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अरशद वारसी, राघव जुयाल, अभय वर्मा और रानी मुखर्जी जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में हैं। ये फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
ये भी पढ़ेंः 'जब मेरा विश्वास डगमगाया, आप साथ खड़े रहे', आदित्य धर ने किसे दिया 'धुरंधर' की सफलता का क्रेडिट?