शिल्पा राव मनोरंजन जगत की जानी-मानी सिंगर हैं और 'घुंघरू', 'बुलैया' और 'चलैया' जैसे गानों के लिए मशहूर हैं। इस बीच सिंगर एक अन्य वजह से चर्चा में हैं। मुंबई में 'बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट' के 10वें सालगिरह समारोह में सिंगर शिल्पा राव की परफॉरमेंस थी, जो अब चर्चा का विषय चुकी है। दरअसल, 24 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में परफॉर्मेंस के बीच ही शिल्पा राव का माइक बंद कर दिया गया। इस घटना ने ना सिर्फ शिल्पा राव को निराश कर दिया, बल्कि उनके प्रशंसक भी बेहद नाराज हो गए। इवेंट के शेड्यूल में देरी होने के कारण ऑर्गनाइजर्स ने शिल्पा राव की परफॉर्मेंस बीच में ही रोक दी। सिंगर जब मंच पर थीं, तभी उनके माइक्रोफोन और माइक बंद कर दिए गए। इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, और अब सिंगर के फैंस मिसमैनेजमेंट और सिंगर के प्रति अनादर दिखाने के लिए आयोजकों की आलोचना कर रहे हैं।
बीच में ही रोकी गई शिल्पा राव की परफॉरमेंस
म्यूजिक प्रोजेक्ट की 10वीं एनिवर्सरी पर जब शिल्पा ऑडियंस को धन्यवाद देने और अलविदा कहने के लिए मंच पर लौटीं, तो उनके साथ परफॉर्म कर रहे कुतले खान ने अपनी परफॉरमेंस शुरू कर दी, जबकि शिल्पा उस दौरान बात कर रही थीं। कुतले खान की परफॉर्मेंस शुरू होते ही शिल्पा का माइक्रोफोन और माइक बंद कर दिया गया, जिससे वहां मौजूद प्रशंसक और लोग काफी नाराज हो गए।
शिल्पा राव ने निराशा जताई, मुंबई के दर्शकों को धन्यवाद दिया
इस घटना के बाद, शिल्पा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने इवेंट के दौरान हुई घटना को लेकर नाराजगी जाई। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा- 'मुंबई में आज रात मेरे दिल का एक छोटा सा हिस्सा टूट गया। इतनी खूबसूरत चीज का ऐसे छिन जाना बहुत ही तकलीफ देता है। लेकिन, जब म्यूजिक रुक गया, तब भी आप नहीं रुके। जिस तरह आप मेरा नाम पुकारते रहे, आप सभी की आवाज में जो प्यार था... आज रात हमारी कहानी अधूरी रह गई। मैं वादा करती हूं, फिर वापस आऊंगी।'
फैंस ने आयोजकों पर सवाल उठाए
इवेंट के दौरान जो कुछ हुआ उससे सिंगर के फैंस और वहां मौजूद लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आई, जिन्होंने सोशल मीडिया पर आयोजकों की आलोचना की। कई लोगों ने मिसमैनेजमेंट पर सवाल उठाए और कहा कि शिल्पा राव के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया गया। लोगों ने यह भी बताया कि इवेंट लगभग 45 मिनट देरी से शुरू हुआ, जिसकी वजह से कलाकारों को अपनी परफॉरमेंस के लिए कम समय मिला। एक ने लिखा- 'पहले गाने के दौरान उनका माइक काम नहीं कर रहा था। उन्होंने 15-20 मिनट तक गाया, फिर आयोजकों ने लाइटें बंद कर दीं और कुटले जी ने स्टेज 2 से गाना शुरू कर दिया। कुल मिलाकर टाइम मैनेजमेंट बहुत खराब था। यहां तक कि मुख्य कलाकार HR को भी परफॉर्म करने के लिए सिर्फ 45 मिनट ही मिले।' एक और ने लिखा- 'यह बिल्कुल भी उम्मीद के मुताबिक नहीं था।" एक कमेंट में यह भी कहा गया, "आयोजकों का व्यवहार बहुत अपमानजनक था।'