1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. स्त्री 2 का एक और बड़ा कारनामा, श्रद्धा-राजकुमार की फिल्म ने किया वो कमाल, जो बड़े-बड़े स्टार न कर पाए

स्त्री 2 का एक और बड़ा कारनामा, श्रद्धा-राजकुमार की फिल्म ने किया वो कमाल, जो बड़े-बड़े स्टार न कर पाए

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 04, 2024 04:51 pm IST,  Updated : Sep 04, 2024 04:51 pm IST

श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव स्टारर 'स्त्री 2' के जबरदस्त कलेक्शन के बीच आइए एक नजर डालते हैं उन टॉप पांच हिंदी फिल्मों पर जिन्होंने डॉमेस्टिक टिकट विंडो पर सबसे ज्यादा कमाई की है।

stree 2- India TV Hindi
स्त्री 2 ने अपने नाम किया नया रिकॉर्ड Image Source : INSTAGRAM

श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव स्टारर हॉरर-कॉमेडी 'स्त्री 2' है कि अब तक सिनेमाघरों में दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है। इस फिल्म को टक्कर देने वाली कोई फिल्म अब तक नहीं आई है। हॉरर-कॉमेडी अपनी रिलीज के पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक ये फिल्म जल्द ही 500 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली है। इस फिल्म के जबरदस्त कलेक्शन के बीच आइए एक नजर डालते हैं उन टॉप पांच हिंदी फिल्मों पर जिन्होंने डॉमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई की है।

जवान

कमाई के मामले में शाहरुख खान, नयनतारा और दीपिका पादुकोण स्टारर 'जवान'सबसे सफल फिल्म है। एटली कुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था। लोग इसके इतने दीवाने थे कि रिलीज के बाद इसे देखने के लिए सिनेमाघरों के बाहर दर्शकों की लंबी कतारें देखी गईं। जवान ने भारत में 640.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था।

एनिमल

इस लिस्ट में दूसरा नाम रणबीर कपूर, रश्मिका मंदाना, अनिल कपूर और बॉबी देओल स्टारर 'एनिमल' है। रणबीर कपूर की एनिमल पिछले साल 2023 के अंत में रिलीज हुई थी। जबरदस्त एक्शन और मार-काट से भरी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर सभी को हैरान कर दिया था। संदीप रेड्डी वांगा द्वारा निर्देशित यह फिल्म भारत में 553.87 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने में सफल रही।

पठान

लिस्ट में अगला नाम शाहरुख खान स्टारर 'पठान' का है। शाहरुख खान ने चार साल बाद यशराज की स्पाई यूनिवर्स फिल्म 'पठान' से बड़े पर्दे पर वापसी की, जो बहुत ही धमाकेदार रही। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए थे। यह 500 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली पहली हिंदी फिल्म बन गई।

गदर 2

सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की लिस्ट में सनी देओल की ब्लॉकबस्टर 'गदर 2' भी शामिल है। अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। इसने बॉक्स ऑफिस पर 525.7 करोड़ रुपये की कमाई की।

स्त्री 2

इस लिस्ट में लेटेस्ट एंट्री है स्त्री 2 की। हॉरर-कॉमेडी फिल्म में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की एक्टिंग दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। इसने कमाई के मामले में कई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 486.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन