नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में सैकड़ों जिंदगियां तबाह हो गई। इस बाढ़ में कई घर रेत की तरह बह गए तो सैकड़ों लोगों की जान चली गई। इस तबाही के बाद अब भी कई भारतीयों का पता नहीं चल सका है। नेपाल पर अब भी खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि छोचेन नदी में बने इम्पैक्ट क्रेकर के आसपास मौजूद हिम चट्टानों के टूटने की आशंका बनी हुई है। मुश्किल के इस समय में भारत सरकार लगातार नेपाल के संपर्क में है और बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए हैं। सोनू सूद जरूरतमंदों की मदद और मानवीय कार्यों के लिए पहचाने जाते हैं और एक बार फिर अपनी मानवीयता दिखाते हुए वह नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं। अभिनेता राहत सामग्री लेकर काठमांडू पहुंचे हैं।
नेपाल बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद
नेपाल में फ्लैश फ्लड के चलते मची तबाही के बाद सोनू सूद प्रभावितों की मदद के लिए काठमांडू पहुंचे हैं। ANI से बात करते हुए अभिनेता ने बताया कि वे बाढ़ से प्रभावित परिवारों से मिलने और राहत का ज़रूरी सामान बांटने के लिए पहुंचे हैं। अभिनेता ने बताया कि उनकी टीम भारत से जरूरी सामान लेकर आई है और आने वाले दिनों में भी बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए हर संभव कोशिश करेगी।
बाढ़ पीड़ितों से मिले सोनू सूद
नेपाल पहुंचने के बाद सोनू सूद ने बाढ़ पीड़ितों से भी मुलाकात की। इस बारे में बात करते हुए अभिनेता ने कहा- 'हम बाढ़ पीड़ितों और उनकी मदद के लिए आए हैं। हम भारत से काफी सामान लेकर आए हैं और हम कोशिश करेंगे कि इनकी जिंदगियां वापस पटरी पर आ सकें।' बातचीत के दौरान सोनू सूद ने बताया कि वह बाढ़ प्रभावितों के लिए खाने-पीने के साथ और भी कई जरूरत का सामान लाए हैं। उनकी टीम उन जरूरतों के बारे में भी पता करने की कोशिश कर रही है, जिसकी जमीनी स्तर पर जरूरत पड़ती है।
कंबल-खानेपीने का सामान बांटा
सोनू सूद ने बाढ़ प्रभावितों को खाने-पीने का सामान और कंबल सहित कई जरूरत का सामान बांटा। उन्होंने कहा- 'मुझे लगता है कि ये हर किसी का फर्ज है कि वे अपना योगदान दें। हमें बहुत सारा खाने-पीने का सामान और कंबल मिले हैं, जिसे हम बांट रहे हैं। हम बाढ़ प्रभावितों से उनकी जरूरत के बारे में भी पूछ रहे हैं, जो हम भारत से भेजने की कोशिश करेंगे। भारत से सामान भेजना थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि इसके लिए बहुत सारे लोगों की जरूरत होती है। लेकिन, हम ये सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि न सिर्फ इस महीने बल्कि आने वाले महीनों में भी राहत सामग्री पहुंचती रहे।'
मनीषा कोइराला ने जताई चिंता
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने अपनी चिंता जाहिर की और सभी से साथ मिलकर कदम उठाने की बात कही। उन्होंने 30 अगस्त को आध्यात्मिक गुरु सद्गुरू की अगुवाई में हुए एक कार्यक्रम 'इन सॉलिडैरिटी विद नेपाल' में यह अपील की और इस दौरान मौसम से जुड़ी आपदाओँ और बढ़ते खतरों पर भी खुलकर चर्चा की।
ये भी पढ़ेंः नेपाल त्रासदी देख सिहर उठे अमिताभ बच्चन, नहीं देखा जा रहा तबाही का मंजर, बोले- 'ये असहनीय है'