कपिल देव, इरफान पठान, सुनील गावस्कर, हरभजन सिंह और शिखर धवन सहित क्रिकेट जगत में ऐसे कई स्टार हैं, जिन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में कैमियो रोल किए हैं। मगर क्या आप क्रिकेट जगत के उस स्टार के बारे में जानते हैं, जिसने क्रिकेट छोड़कर एक्टिंग को ही अपना करियर बना लिया। हम बात कर रहे हैं टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी और तेज गेंदबाज सलिल अंकोला की, जिन्होंने फिल्मों में अभिनय के लिए मात्र 28 साल की उम्र में ही क्रिकेट जगत से दूरी बना ली। सलिल अंकोला ने सचिन तेंदुलकर के साथ डेब्यू किया था। उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर सिर्फ 20 मैच खेले और फिर अचानक क्रिकेट से संन्यास ले लिया और फिल्मों का रुख कर लिया। लेकिन, क्रिकेट के बाद उनका अभिनय का सफर काफी मुश्किलों भरा रहा। खासतौर पर शराब की लत ने उन्हें काफी नुकसान पहुंचाया।
सलिल अंकोला का करियर
सलिल अंकोला एक समय पर भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते तेज गेंदबाजों में गिने जाते थे। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के साथ पाकिस्तान के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू किया। फिर क्रिकेट छोड़ उन्होंने बॉलीवुड का रुख किया और फिर करियर में वो समय भी आया जब उन्होंने छोटे पर्दे के लिए भी काम किया। क्रिकेट से लेकर एक्टिंग तक का सलिल अंकोला का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। उनकी जिंदगी बिलकुल किसी फिल्मी स्क्रिप्ट के जैसी है, जिस पर एक पूरी फिल्म बन सकती है।
28 की उम्र में क्रिकेट से लिया संन्यास
सलिल अंकोला ने बेहद कम उम्र में ही क्रिकेट की शुरुआत कर दी थी। उन्होंने 1988 में महाराष्ट्र के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट की शुरुआत की और पहले सीजन में 27 विकेट लेकर सबका ध्यान अपनी तरफ खींचलिया। जल्दी ही उन्होंने नेशनल टीम में भी जगह बना ली और सचिन तेंदुलकर के साथ पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया। उनका टेस्ट करियर तो एक ही मैच तक सीमित रहा, लेकिन वनडे टीम में वह 8 साल बने रहे और 20 वनडे खेले। सलिल अंकोला ने 1996 के वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया। लेकिन फिर लगातार टीम से बाहर रहने और चोटों के चलते उन्होंने 28 की उम्र में ही क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
क्रिकेट छोड़ा तो पकड़ी अभिनय की राह
क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद सलिल अंकोला ने अभिनय का रुख कर लिया। उन्होंने साल 2000 में 'कुरुक्षेत्र' से डेब्यू किया। फिर उन्होंने 'पिता', 'तुमने', और जायद खान की पहली फिल्म में अहम भूमिकाएं कीं और खलनायक के रोल में भी नजर आए। इसके बाद सलिल अंकोला ने ‘बिग बॉस’ के पहले सीजन में भी भाग लिया। फिल्मों के बाद सलिल अंकोला ने टीवी की ओर रुख किया और ‘कोरा कागज’, ‘श्श्श्श... कोई है’ जैसे टीवी शोज में काम किया।
शराब ने किया तबाह
सलिल की जिंदगी में 2008 में फिर एक बड़ा टर्न आया। उन्हें एक्टिंग ऑफर्स मिलने बंद हो गए, जिससे तंग आकर उन्होंने शराब का सहारा लेना शुरू कर दिया और अपनी सेहत ही नहीं पर्सनल लाइफ को भी बर्बाद कर दिया। उनकी शराब की लत के चलते उनकी 19 साल की शादी टूट गई। मगर सलिल ने हार नहीं मानी। उन्होंने रिहैब सेंटर का सहारा लिया और शराब की लत से जान छुड़ाई। 2013 में फिर उन्होंने छोटे पर्दे पर वापसी की और ‘कर्मफल दाता शनि’ में नजर आए। हाल ही में वह तमिल फिल्म ‘पंबट्टम’ और टीवी शो ‘CID’ में भी अपनी उपस्थितिको लेकर सुर्खयों में रहे। अब सलिल अपनी दूसरी पत्नी और बेटी के साथ एक स्टेबल और खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः The Kerala Story 2: विवादों के बीच बढ़ी 'द केरल स्टोरी 2' की कमाई, कई जगह शो कैंसिल, फिर भी छाप रही नोट