सनी देओल अपने पिता धर्मेंद्र और परिवार के बेहद करीब रहे हैं और वो ये बात हमेशा से जाहिर भी करते आए हैं। सोशल मीडिया पर भी वह अक्सर अपने पिता को लेकर अपना प्यार और सम्मान जाहिर करते रहते हैं। हाल ही में सनी देओल अपने बेटे राजवीर देओल के साथ अपने दिवंगत पिता से जुड़ी एक खास जगह पहुंचे, जिसकी झलक उन्होंने सोशल मीडिया पर भी शेयर की है। सनी बेटे राजवीर के साथ लोनावला में अपने पिता धर्मेंद्र के फार्महाउस पहुंचे, जिसका वीडियो उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने एक भावुक नोट भी लिखा और बताया कि उन्हें अपने पिता की याद आ रही है।
पिता धर्मेंद्र के फार्महाउस पहुंचे सनी देओल
सनी देओल ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें उन्हें किसानों को खेतों में काम करते हुए देखा जा सकता है। किसान खेत में धान की गहाई करते नजर आए। वे सूखी फसलों के गट्ठर उठाकर पारंपरिक तरीके से अनाज निकालने के लिए उन्हें एक ड्रम पर पीटते दिखे। कुछ पलों बाद वीडियो सनी देओल और उनके बेटे राजवीर नजर आते हैं, जो फार्महाउस पर अपने बेटे के साथ कुछ निजी पल बिताते हुए नजर आते हैं। राजवीर को पूरा फार्म दिखाते हुए सनी कहते हैं, 'पापा का फार्म। तुम्हारे लिए 'बड़े पापा' का फार्म।' वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'मिस यू पापा।' और साथ में कई लाल दिल वाले इमोजी भी लगाए।
धर्मेंद्र का फार्महाउस
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अक्सर अपने लोनावला स्थित फार्महाउस से अपने वीडियो शेयर करते रहते थे, ये जगह उनके लिए सिर्फ एक हॉलिडे होम से कहीं बढ़कर था। लगभग 100 एकड़ में फैली इस प्रॉपर्टी में वह खेती भी करते थे और खुद भी खेती के कामों को समय देते थे। फल-सब्जियों से लेकर अनाज तक वह अपने फार्महाउस में उगाते थे, जो उन्हें बेहद पसंद था। उन्हें इंडस्ट्री की भागदौड़ से दूर प्रकृति के करीब, अपने फार्महाउस में समय बिताना बहुत पसंद था। वे अक्सर सोशल मीडिया पर फार्महाउस की अपनी जिंदगी की झलकियां साझा करते रहते थे।
'रामायण' में सनी देओल
वर्कफ्रंट की बात करें तो सनी देओल, नितेश तिवारी की 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वह हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के पोस्ट क्रेडिट हिस्से में हनुमान के रूप में सनी देओल की झलक देखने को मिली, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। हालांकि, मेकर्स ने अब भी उनके लुक से पर्दा नहीं उठाया है। क्लिप में भगवान हनुमान को दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ उनकी एंट्री दिखाई गई है, जिसमें वह जंगल में अपने विशाल शरीर के साथ भागते नजर आ रहे हैं। इसके बाद एक वाइड शॉट में उन्हें हवा में उड़ते हुए और 'श्री राम' का जयकारा लगाते हुए देखा जा सकता है।
ये भी पढ़ेंः कहीं जटायू का बलिदान आंखें नम करेगा, तो कहीं दशरथ की आखिरी पुकार रुला देगी, ‘रामायण’ के 7 सीन सीधे दिल में उतर जाएंगे