1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'धुरंधर' से भी ज्यादा खतरनाक और बोल्ड होगी सुपरस्टार यश की 3 घंटे 11 मिनट की 'टॉक्सिक', UK सेंसर बोर्ड की रिपोर्ट ने बढ़ाई हलचल

'धुरंधर' से भी ज्यादा खतरनाक और बोल्ड होगी सुपरस्टार यश की 3 घंटे 11 मिनट की 'टॉक्सिक', UK सेंसर बोर्ड की रिपोर्ट ने बढ़ाई हलचल

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 20, 2026 08:00 am IST,  Updated : Aug 20, 2026 08:00 am IST

कन्नड़ सुपरस्टार यश की एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'टॉक्सिक' 26 अगस्त को रिलीज हो रही है। अपनी बोल्ड और डार्क थीम के कारण यूके सेंसर बोर्ड से 18+ सर्टिफिकेट मिलने से यह फिल्म काफी चर्चा में है।

durandhar toxic- India TV Hindi
रणवीर सिंह और यश। Image Source : JIOSTUDIO, KVN PRODUCTIONS YOUTUBE

कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' इन दिनों अपनी रिलीज से पहले ही जबरदस्त सुर्खियों में बनी हुई है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म को ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन द्वारा ब्रिटेन में रिलीज के लिए '18+'यानी केवल एडल्ट्स के लिए रेटिंग दी गई है। सेंसर बोर्ड के विवरण के अनुसार 'टॉक्सिक' में बेहिसाब हिंसा, बोल्ड सीन्स और खौफनाक दृश्य शामिल हैं, जिसके कारण इसे ब्रिटेन में यह सख्त सर्टिफिकेट मिला है।

'धुरंधर' की तुलना में कहीं अधिक खतरनाक और हिंसक

ब्रिटिश सेंसर बोर्ड की रेटिंग सामने आने के बाद फिल्म प्रेमी इसकी तुलना रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' सीरीज से कर रहे हैं। गौरतलब है कि साल 2025 में आई 'धुरंधर' और इस साल मार्च में रिलीज हुई 'धुरंधर 2' दोनों को भी BBFC द्वारा 18+ सर्टिफिकेट ही मिला था, लेकिन 'टॉक्सिक' को उनसे भी कहीं ज्यादा खतरनाक रेटिंग मिली है। जहां 'धुरंधर' फिल्मों को केवल हिंसा श्रेणी में 5/5 अंक मिले थे और बाकी श्रेणियों में 2 से 4 रेटिंग मिली थी, वहीं 'टॉक्सिक' ने हिंसा, सेक्सुअल सीन्स और इंजरी डिटेल जैसी तीनों मुख्य श्रेणियों में 5 में से पूरे 5 अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा थ्रेट, थ्रिल, न्यूडिटी, ड्रग्स और भाषा की श्रेणियों में भी इसे 4/5 रेटिंग दी गई है।

सेंसर बोर्ड की गलती और फिल्म का प्लॉट

ब्रिटिश सेंसर बोर्ड की रिपोर्ट में एक दिलचस्प चूक भी सामने आई है। BBFC ने गलती से 'टॉक्सिक' को कन्नड़ के बजाय तमिल भाषा की फिल्म के रूप में सूचीबद्ध कर दिया है। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर फिल्म की कहानी का ब्यौरा देते हुए लिखा गया है, 'गोवा के एक शक्तिशाली ड्रग कार्टेल के मुखिया की कहानी है, जो अपने ही विनाश के बीज बोता है।' ब्रिटेन में सेंसर बोर्ड द्वारा पास किए गए इस ड्रामा का कुल रनटाइम 191 मिनट और 41 सेकंड लगभग 3 घंटे 11 मिनट तय किया गया है।

Dhurandhar toxic
Image Source : BBFC WEBSITEटॉक्सिक और धुरंधर की रेटिंग, जिसे बीबीएसी ने जारी किया।

खून-खराबे और बोल्ड सीन्स की भरमार

BBFC की आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में बेहद खौफनाक और विचलित करने वाले दृश्य मौजूद हैं। हिंसक सीन्स के सेक्शन में लिखा गया है कि फिल्म में अंधाधुंध शूटिंग, चाकूबाजी, गला काटने, सिर फटने, प्रताड़ना, फांसी देने और शरीर के अंग काटने जैसे भयावह दृश्य हैं, जिनसे भारी मात्रा में खून-खराबा और वीभत्स जख्म दिखाई देते हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि हिंसक घटनाओं के बाद कटे हुए शरीर के अंग, खून के तालाब और लाशों के दृश्य बार-बार आते हैं। इसके अलावा फिल्म में क्लबों के बैकड्रॉप में बोल्ड व इरोटिक सीन्स, नशीली दवाओं का अत्यधिक इस्तेमाल और बच्चों से संबंधित एक संवेदनशील या परेशान करने वाला दृश्य भी शामिल बताया गया है।

26 अगस्त को बड़े पर्दे पर देगी दस्तक

'टॉक्सिक' शुरुआत में मार्च में रिलीज होने वाली थी और इसका सीधा मुकाबला रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' से होने वाला था। हालांकि, पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में उपजे तनाव के चलते मेकर्स ने इसकी रिलीज को आगे बढ़ा दिया था। अब यह विशाल बजट वाली एक्शन थ्रिलर 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म को मुख्य रूप से कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है, जो भारत की सबसे महंगी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।

विवादों और आलोचनाओं के बावजूद बढ़ी उत्सुकता

फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले वेंकट के नारायण और यश ने मिलकर किया है। इस फिल्म में यश के अलावा कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म के शुरुआती प्रोमोशनल कंटेंट और टीज़र को लेकर सोशल मीडिया पर अत्यधिक हिंसा और बोल्डनेस के कारण आलोचना भी झेलनी पड़ी है। हालांकि इस 18+ रेटिंग और खौफनाक डिटेल्स ने सिनेप्रेमी दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। अब देखना यह होगा कि 26 अगस्त को यह पैन-इंडिया एक्शन ड्रामा बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाता है।

ये भी पढ़ें: सुसाइड के ख्याल, घटा 18 किलो वजन, शिल्पा शेट्टी संग तलाक की अफवाहों के बाद बिगड़ी थी राज कुंद्रा की हालत

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन