साउथ सिनेमा के चर्चित कपल सूर्या और ज्योतिका ने शादी के 20 साल पूरे होने के खास मौके को बेहद यादगार बना दिया। दोनों ने अपनी शादी की सालगिरह पर एक बार फिर शादी के वचन दोहराए और क्रिश्चियन वेडिंग सेरेमनी के जरिए अपने रिश्ते को नए सिरे से सेलिब्रेट किया। इस खास समारोह में उनके बच्चे दिया और देव भी मौजूद रहे। परिवार और करीबी दोस्तों के बीच हुई इस सेरेमनी में सूर्या के भाई और अभिनेता कार्थी भी नजर आए।
बेटे के साथ ज्योतिका ने की एंट्री
साउथ और बॉलीवुड एक्ट्रेस ज्योतिका और सूर्या ने इस खास दिन की झलक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक खूबसूरत वीडियो के जरिए साझा की है। वीडियो में ज्योतिका व्हाइट वेडिंग ड्रेस में अपने बेटे देव का हाथ थामकर वेडिंग वेन्यू में एंट्री करती दिखाई देती हैं। वहीं उनकी बेटी दिया सूर्या के पास खड़ी नजर आती हैं। इसके बाद कपल एक-दूसरे के सामने खड़े होकर अपने वचन दोहराता है। इस दौरान दोनों काफी भावुक भी हो जाते हैं। वीडियो में उनकी शादी की नई तस्वीरों के साथ-साथ कुछ खूबसूरत मोमेंट्स की झलक भी देखने को मिलती है। पूरे समारोह का माहौल बेहद सादगी भरा और भावनात्मक नजर आया।
'परफेक्ट शादी' नहीं, रिश्ते की खामियों का जश्न
ज्योतिका ने वीडियो शेयर करते हुए बताया कि यह समारोह किसी परफेक्ट शादी का जश्न नहीं, बल्कि उन तमाम उतार-चढ़ावों का सेलिब्रेशन है, जिन्होंने उनके रिश्ते को मजबूत बनाया। उन्होंने अपने रिश्ते को प्यार, समझ, समझौते, त्याग और एक-दूसरे को स्वीकार करने की कहानी बताया। ज्योतिका के मुताबिक 20 साल साथ बिताने के बाद दोनों उन लोगों का भी जश्न मना रहे हैं, जो वे एक-दूसरे की वजह से बन पाए हैं। उनके इस संदेश ने शादी और रिश्तों को लेकर उनकी सोच की एक अलग तस्वीर सामने रखी।
ज्योतिका ने सूर्या के लिए लिखी दिल की बात
वाउ रिन्यूअल के मौके पर ज्योतिका ने अपने पति सूर्या के लिए एक लंबा और भावुक नोट भी लिखा। उन्होंने कहा कि कभी जिस सपने को हकीकत से काफी दूर समझा था, वही आज उनकी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने आगे की जिंदगी को सकारात्मक नजरिए से जीने और हर पल को सेलिब्रेट करने का संकल्प लिया। ज्योतिका ने अपनी शादी को लेकर कहा कि जिंदगी में सब कुछ पूरी तरह परफेक्ट नहीं होता। उनके मुताबिक रिश्तों में आने वाली कमियों और खाली जगहों को इंसान अपनी समझ और प्यार से भरता है। यही चीज किसी रिश्ते को खास बनाती है।
परिवार को बताया अपनी सबसे बड़ी खुशी
ज्योतिका ने अपने परिवार के लिए भी खास बातें लिखीं। उन्होंने सूर्या के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके जीवन में एक ऐसा साथी है, जो उन्हें सुरक्षा और सम्मान देता है। वहीं अपने बच्चों को उन्होंने अपनी जिंदगी का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने मां के तौर पर भी खुद से एक खास वादा किया। ज्योतिका के लिए अच्छी मां होने का मतलब केवल बच्चों की देखभाल करना या उनके लिए रोजमर्रा के काम करना नहीं है। वह चाहती हैं कि उनके बच्चे अपने माता-पिता की प्रेम कहानी को देखकर खुश हों और उसे दोबारा जीना चाहें।
पति से ज्यादा दोस्त हैं सूर्या
ज्योतिका ने अपने रिश्ते की सबसे खास बात बताते हुए सूर्या के साथ अपनी दोस्ती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए सूर्या सिर्फ पति नहीं, बल्कि उनके बराबर खड़े रहने वाले दोस्त, भरोसेमंद साथी और राजदार भी हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि वह आगे भी ऐसी ही 'इम्परफेक्ट वाइफ' बनी रहना चाहती हैं, जो कभी पति से बहस करे और फिर मनाकर रिश्ते को थोड़ा और मजबूत कर ले। उनके मुताबिक, हर बार साथ आने के बाद दोनों एक-दूसरे को थोड़ा और बेहतर तरीके से समझ पाते हैं।
1999 में हुई थी पहली मुलाकात
सूर्या और ज्योतिका की प्रेम कहानी करीब दो दशक से भी ज्यादा पुरानी है। दोनों की पहली मुलाकात 1999 में फिल्म 'पूवेलम केट्टुप्पर' के सेट पर हुई थी। साथ काम करते-करते दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। कई साल एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 11 सितंबर 2006 को शादी कर ली। अब शादी के 20 साल पूरे होने पर कपल ने दोबारा वचन लेकर अपने रिश्ते के नए अध्याय की शुरुआत की है। उनके इस खास सेलिब्रेशन में प्यार के साथ परिवार और दोस्ती की भी खूबसूरत झलक देखने को मिली।
ये भी पढ़ें: बहन अर्पिता और अलविरा ने सलमान खान को बताई आरती की विधि, भाई-बहन की क्यूट बॉन्डिंग जीत रही दिल