1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. रामेश्वर शर्मा पर असदुद्दीन ओवैसी का आपत्तिजनक बयान, खुले मंच से दे दी बड़ी चुनौती

रामेश्वर शर्मा पर असदुद्दीन ओवैसी का आपत्तिजनक बयान, खुले मंच से दे दी बड़ी चुनौती

 Reported By: Anurag Amitabh,  Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Sep 16, 2026 08:53 am IST,  Updated : Sep 16, 2026 08:53 am IST

भोपाल में AIMIM सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के काजी कैंप पर मिसाइल वाले बयान पर पलटवार किया। ओवैसी ने शर्मा को काजी कैंप में मिसाइल लॉन्च करने की चुनौती दी। शर्मा ने पहले सफाई दी थी कि उनका इशारा इस्लामाबाद के काजी कैंप की ओर था।

Asaduddin Owaisi, Rameshwar Sharma, Bhopal Qazi Camp Controversy- India TV Hindi
AIMIM सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी। Image Source : REPORTER INPUT

Highlights

  • असदुद्दीन ओवैसी ने रामेश्वर शर्मा के मिसाइल वाले बयान पर भोपाल में तीखा पलटवार किया।
  • रामेश्वर शर्मा ने बाद में सफाई दी थी कि उनका बयान पाकिस्तान के काजी कैंप को लेकर था।
  • UCC के बहाने ओवैसी ने केंद्र और राज्य सरकार पर अल्पसंख्यक अधिकार छीनने का आरोप लगाया।

भोपाल: समान नागरिक संहिता यानी कि UCC के विरोध में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करने भोपाल पहुंचे AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के एक विवादित बयान पर तीखा पलटवार किया। भोपाल के सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में ओवैसी ने शर्मा के बयान का जिक्र करते हुए उन्हें सीधे चुनौती दी। इस दौरान उन्होंने विधायक के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया।

क्या बोले असदुद्दीन ओवैसी?

ओवैसी ने कहा कि उन्होंने रामेश्वर शर्मा का बयान सुना है, जिसमें उन्होंने करोंद चौराहे से काजी कैंप तक मिसाइल लॉन्च करने की बात कही थी। ओवैसी ने कहा,

'रामेश्वर शर्मा, अगर तुम माई के लाल हो तो बताओ, कब मिसाइल लॉन्च करोगे? मैं अकेला काजी कैंप में खड़ा रहूंगा। मैं शहीद होने के लिए तैयार हूं, मरने के लिए तैयार हूं, लेकिन तुम्हारे सामने सिर झुकाने के लिए तैयार नहीं हूं। रामेश्वर शर्मा को काजी कैंप का इतिहास मालूम होना चाहिए। ये काजी कैंप क्या है? सुनो रामेश्वर शर्मा, ये काजी कैंप कौन थे? आजादी के मुजाहिदीन कौन थे?'

शर्मा को औवैसी ने 'छोटू' कहा

भाषण के दौरान ओवैसी ने शर्मा के खिलाफ एक बेहद आपत्तिजनक शब्द का भी इस्तेमाल किया। इस दौरान सभा में  मौजूद लोग जमकर तालियां बजाते दिखे। ओवैसी ने अपने भाषण में काजी सैयद आबिद अली, वाजिद अली हुसैनी, खान शाहिद अली खान, फाजिल मोहम्मद खान, अब्दुल खान, शेख हमजा, सादात खान और रिसालदार वाली शाह जैसे नामों का भी जिक्र किया। उन्होंने रामेश्वर शर्मा पर निशाना साधते हुए उन्हें 'छोटू' कहा और बोले कि ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए।

किस बयान पर हुआ विवाद?

दरअसल, कुछ दिन पहले जन्माष्टमी के दौरान आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कथित तौर पर कहा था, 'करोंद स्क्वायर से मिसाइल चलाओ तो काजी कैंप पर गिरे।' उनके इस बयान पर विवाद खड़ा हुआ था। हालांकि, बाद में शर्मा ने सफाई देते हुए कहा था कि उनका इशारा पाकिस्तान के काजी कैंप की ओर था, न कि भोपाल के काजी कैंप की ओर। इसी बयान को लेकर अब ओवैसी ने भोपाल में आयोजित जनसभा के दौरान रामेश्वर शर्मा पर पलटवार किया।

UCC के मुद्दे पर भी सरकार पर निशाना

जनसभा से पहले और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। ओवैसी ने आरोप लगाया कि UCC के नाम पर अल्पसंख्यकों के अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने UCC के विरोध में आयोजित जनसभा के दौरान इसी मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। बता दें कि पिछले महीने मध्य प्रदेश विधानसभा में विधानसभा में भारी हंगामे के बीच UCC बिल पास हुआ था

ये भी पढ़ें: 'अपनी खुन्नस मिटाने के लिए हमारी मस्जिद नहीं गिरा सकते', असदुद्दीन ओवैसी ने बोला तीखा हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।