1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: भगवान राम के वीडियो देख रही थी पत्नी, पति ने महाकाल का वीडियो देखने की रखी जिद; मना करने पर तलवार से काटा

VIDEO: भगवान राम के वीडियो देख रही थी पत्नी, पति ने महाकाल का वीडियो देखने की रखी जिद; मना करने पर तलवार से काटा

 Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 28, 2026 10:22 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 11:07 pm IST

मोबाइल पर भगवान के वीडियो देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच खूनी विवाद हो गया। पत्नी अपने फोन पर भगवान श्रीराम का वीडियो देख रही थी, तभी उसका पति वहां पहुंचा और महाकाल का वीडियो देखने की जिद करने लगा। पत्नी के मना करने पर गुस्साए पति ने घर के मंदिर से तलवार निकालकर उस पर हमला कर दिया।

महिला हुई घायल- India TV Hindi
महिला हुई घायल Image Source : REPORTER

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के हजीरा थाना क्षेत्र के कांचमिल इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मोबाइल फोन पर भगवान के वीडियो देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच ऐसा विवाद बढ़ा कि गुस्से में आकर पति ने पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कांचमिल बड़ा गेट के पास रहने वाले करणवीर उर्फ करू तोमर और उसकी पत्नी रेवती उर्फ रितु तोमर के बीच यह विवाद हुआ था। घटना के समय पत्नी अपने मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रही थी। इसी दौरान वहां उसका पति करणवीर आ गया और उसने पत्नी से महाकाल भगवान के वीडियो देखने की जिद शुरू कर दी। जब पत्नी ने ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी पति आग बबूला हो गया और घर के मंदिर में रखी तलवार उठाकर अपनी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई।

पड़ोसियों ने बचाई जान

हमले से घबराई घायल रितु तोमर ने अपनी जान बचाने के लिए भागकर पड़ोसी के घर में शरण ली, जिसके बाद पड़ोसियों ने आगे आकर उसकी जान बचाई। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों ने घटना की सूचना तुरंत हजीरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर आरोपी पति करू तोमर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या

एक अन्य खबर में, मध्य प्रदेश के दमोह जिले के कबीरपुर गांव में 19 सितंबर की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां द्वारका पटेल ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी पत्नी खेमा पटेल और तीन छोटे बच्चों की हत्या कर दी। वारदात सुबह करीब 4 बजे हुई, जब पूरा परिवार सो रहा था। घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। 

(रिपोर्ट- भूपेंद्र भदौरिया)

ये भी पढ़ें-

कर्नाटक MLC चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, NDA ने चारों सीटें जीतीं; पुट्टना की हार से बड़ा झटका

दिल्ली SIR पर सुप्रीम कोर्ट का सवाल- "पहले से वोटर हैं तो Form-6 क्यों?" चुनाव आयोग से मांगा जवाब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।