1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. घर में यूरिया से नकली दूध बना रहे थे दो भाई, 1 हजार लीटर बाजार में खपाया; त्योहारों पर 10 हजार लीटर बेचने की थी तैयारी

घर में यूरिया से नकली दूध बना रहे थे दो भाई, 1 हजार लीटर बाजार में खपाया; त्योहारों पर 10 हजार लीटर बेचने की थी तैयारी

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 29, 2026 07:06 am IST,  Updated : Oct 29, 2026 07:06 am IST

मंदसौर के डूंगरखेड़ी गांव में दो भाई अपने घर में ही नकली दूध की फैक्ट्री चला रहे थे। पुलिस की दबिश से पहले दोनों आरोपी फरार हो गए। मौके से 10 लीटर नकली दूध के साथ यूरिया खाद, पाम ऑयल, वनस्पति तेल, पाउडर और दूध तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।

synthetic milk - India TV Hindi
मंदसौर में घर पर यूरिया, पाम ऑयल से नकली दूध बना रहे थे 2 भाई। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में नकली दूध के कारोबार का मामला सामने आया है। शामगढ़ थाना क्षेत्र के डूंगरखेड़ी गांव में दो भाई अपने घर में नकली दूध तैयार कर बाजार में बेच रहे थे। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर नकली दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण जब्त किए हैं। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घर को बना रखा था नकली दूध की फैक्ट्री

पुलिस के मुताबिक, डूंगरखेड़ी गांव में कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह नाम के दो भाई अपने घर में नकली दूध बनाने का काम कर रहे थे। यह मकान आबादी वाले इलाके से कुछ दूरी पर स्थित है। सूचना मिलने के बाद शामगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से करीब 10 लीटर नकली दूध के साथ यूरिया खाद, पाम ऑयल, वनस्पति तेल, पाउडर और दूध तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस को मौके से मिक्सर मशीन, मिक्सर प्लस कूलिंग उपकरण, पारस कंपनी के तेल के डिब्बे, पाउडर के 25-25 किलो वाले सात बोरे, 10 खाली डिब्बे और 15 लीटर की पांच केन में वनस्पति तेल भी मिला है।

1 हजार लीटर से ज्यादा दूध बेचने का दावा

पुलिस के अनुसार, दोनों भाई अब तक एक हजार लीटर से अधिक कथित नकली दूध बाजार में खपा चुके थे। बताया जा रहा है कि असली दूध में नकली दूध मिलाकर उसे बाजार में बेचा जा रहा था। त्योहारों के दौरान इस कारोबार को बड़े स्तर पर बढ़ाने की योजना थी और करीब 10 हजार लीटर नकली दूध तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी।

खाद्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर लिए नमूने

पुलिस ने कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, खाद्य विभाग की टीम करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार करने के साथ नमूने लेने की प्रक्रिया शुरू की। शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने बताया कि पुलिस ने दबिश देकर मौके से संदिग्ध दूध और उसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। दोनों आरोपी फरार हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। नकली दूध में यूरिया के इस्तेमाल और बरामद सामग्री से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच एवं खाद्य नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर होनी बाकी है।

इससे पहले ग्वालियर से मानव जीवन के साथ खिलवाड़ कर देने वाली तस्वीरें सामने आई थीं। यहां सीमेंट और केमिकल मिलाकर नकली जीरा बनाया जा रहा था। यह जीरा सौंफ पर सीमेंट और रसायन का लेप लगाकर बनाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई कर 46 बोरियां जब्त की थी।

(रिपोर्ट- अशोक परमार)

यह भी पढ़ें-

अहमदाबाद में चल रही थी नकली टोमेटो सॉस की फैक्ट्री, सड़े आलू-स्टार्च-एसिड का इस्तेमाल, 10 हजार KG सॉस नष्ट किया गया

जामनगर में छापेमारी में निकला 1200 लीटर नकली दूध... 75 किलो घी और मिल्क पाउडर भी जब्त

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।