आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी 20 क्रिकेट विश्वकप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले इस टी 20 वर्ल्डकप के लिए फैन्स काफी उत्साहित हैं और तैयारी पूरी हो चुकी है। वर्ल्डकप फिनाले के इस ग्रांड ईवेंट में बॉलीवुड के सुपरहिट सिंगर्स भी यहां स्टेज से धमाल मचाते नजर आने वाले हैं। फाल्गुनी पाठक से लेकर सिंगर सुखबीर सिंह की आवाज यहां गूंजती नजर आएगी।
गुजरात की चहेती गायिका फाल्गुनी पाठक उत्सव की शुरुआत करेंगी और अहमदाबाद के इस भव्य आयोजन में रंग भर देंगी। आईसीसी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, फाल्गुनी पाठक अपने मशहूर गीतों जैसे 'मैंने पायल है छनकाई' और 'ओ पिया' पर 50 बॉलीवुड नर्तकियों के साथ प्रस्तुति देंगी और एक जीवंत नृत्य प्रस्तुति से स्टेडियम एक उत्सवपूर्ण वातावरण में परिवर्तित हो जाएगा। भांगड़ा के राजकुमार के नाम से मशहूर सुखबीर सिंह मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे, जहां वे अपने मनमोहक पंजाबी संगीत और ढोल की थापों के साथ-साथ नर्तकों की एक दमदार मंडली को भी पेश करेंगे। पंजाबी पॉप संगीत के आधुनिक दिग्गज सुखबीर सिंह को 'इश्क (ओह हो हो हो)' और 'दिल करे' जैसे सुपरहिट गानों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
समारोह का समापन दो बार के ग्रैमी और पांच बार के लैटिन ग्रैमी विजेता रिकी मार्टिन के शानदार प्रदर्शन के साथ होगा। लिविन ला विडा लोका, शी बैंग्स और फुटबॉल के मशहूर गीत ला कोपा डे ला विडा जैसे वैश्विक चार्ट-टॉपर्स से भरे करियर के साथ, रिकी मार्टिन दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में अपने विशिष्ट ऊर्जावान प्रदर्शन के साथ अपने शानदार करियर में एक और मील का पत्थर जोड़ेंगे।
विश्वकप के इस फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम न्यूजीलैंड का सामना करेगी और आज शाम 7 बजे से ये जंग शुरू हो जाएगी। इससे पहले भारत ने इंग्लैंड को कड़े मुकाबले में मात देकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। वहीं इससे पहले न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल का टिकिट पक्का किया था। अब टी 20 विश्वकप 2026 का ये खिताब किसके सिर सजेगा ये देखना दिलचस्प होगा।
ये भी पढ़ें- फिनलैंड के राष्ट्रपति से पहले भारत के दिग्गजों को भी भा चुकी है धुरंधर, बंगाल के सांसद ने भी खूब तारीफ की
संपादक की पसंद