बॉलीवुड क्वीन और मंडी से BJP सांसद कंगना रनौत इन दिनों अपनी 2014 में रिलीज हुई 'रिवॉल्वर रानी' से जुड़े एक पुराने किस्से को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में कंगना रनौत के साथ ने मशहूर एक्टर और कॉमेडियन वीर दास लीड रोल में थे और इसमें दोनों का एक किसिंग सीन भी था। इस फिल्म में वीर दास और कंगना रनौत पर फिल्माए किसिंग सीन को लेकर सीनियर जर्नलिस्ट सिमी चंदोक ने हाल ही में ऐसा दावा किया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर खलबली पैदा हो गई। अपने दावे के साथ ही सिमी चंदोक सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर भी आ गईं। दरअसल, उन्होंने दावा किया कि शूटिंग के दौरान, डायरेक्टर के 'कट-कट' बोलते के बाद भी कंगना नहीं रुकीं, जिससे वीर दास को चोट लग गई। अब वीर दास ने खुद इन दावों का सच बताया है।
वीर दास ने दावों को बताया झूठा
वीर दास ने वायरल किसिंग स्टोरी पर रिएक्ट करते हुए अपने X अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने इन दावों को काल्पनिक बताया है। स्टैंड-अप कॉमेडियन ने अपने पोस्ट में लिखा, 'ठीक है। मैं ये साफ कर दूं कि यह पूरी कहानी पूरी तरह से मनगढ़ंत और काल्पनिक है। कंगना एक बहुत ही प्रोफेशनल कलाकार थीं और मैं अब भी मानता हूं कि वह सच में गिफ्टेड आर्टिस्ट हैं। ये जो बातें उनके बारे में फैलाई जा रही हैं, वह पूरी तरह से गलत और अनुचित हैं। भले ही कुछ साल बाद उन्होंने मेरी कॉमेडी की वजह से मुझे आतंकवादी कहा हो, लेकिन सेट पर कभी हमारे बीच कोई दिक्कत नहीं थी।'

कंगना भी इस मामले पर दे चुकी हैं प्रतिक्रिया
बता दें, ये मामला पहली बार चर्चा में नहीं है। इससे पहले भी इस तरह के दावे किए जा चुके हैं, जिसे लेकर 2023 में कंगना ने बात की थी। दरअसल, 2023 में भी सोशल मीडिया पर इसी तरह के दावे किए जा रहे थे, जिस पर रिएक्ट करते हुए कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया था। कंगना ने इन दावों का जवाब देते हुए लिखा था- 'ऋतिक रोशन के बाद, मैंने क्या बेचारे वीर दास की इज्जत के साथ खिलवाड़ किया? आखिर ये सब कब हुआ?'
'रिवॉल्वर रानी' के बारे में
'रिवॉल्वर रानी' की बात करें तो साईं कबीर के निर्देशन में बनी ये फिल्म एक डार्क कॉमेडी-ड्रामा है, जिसमें कंगना रनौत और वीर दास लीड रोल में हैं। फिल्म में कंगना ने अल्का सिंह नाम की एक राजनेता और गैंगस्टर की भूमिका निभाई थी। फिल्म में कंगना और वीर दास के अलावा पीयूष मिश्रा, जाकिर हुसैन और पंकज सारस्वत जैसे अभिनेता भी अहम भूमिका में थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी, लेकिन वीर दास के साथ कंगना की जोड़ी काफी चर्चा में थी।
दोनों अभिनेताओं का वर्क फ्रंट
वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत हाल ही में फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में नजर आईं, जो 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ये फिल्म मुंबई में हुए 26/11 के आतंकवादी हमलों के दौरान कामा अस्पताल के स्टाफ़ द्वारा दिखाई बहादुरी और निस्वार्थ भाव की सच्ची कहानी को दर्शाती है। वहीं दूसरी ओर, वीर दास ने डार्क कॉमेडी 'हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस' में नजर आए थे।
ये भी पढ़ेंः बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला कंगना रनौत का जादू, 'भारत भाग्य विधाता' की कमाई रही उम्मीदों से कम, 7 दिनों में कमाए 6 करोड़