1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'टूटी सीट, व्हील चेयर भी नहीं दी', एक्टर ने पहले लगाए गंभीर अरोप, अब एयर इंडिया ने दी सफाई

'टूटी सीट, व्हील चेयर भी नहीं दी', एक्टर ने पहले लगाए गंभीर अरोप, अब एयर इंडिया ने दी सफाई

 Written By: Priya Shukla
 Published : Apr 15, 2025 10:07 am IST,  Updated : Apr 15, 2025 03:45 pm IST

कॉमेडियन और एक्टर वीर दास ने हाल ही में एक एयरलाइन कंपनी पर अपना गुस्सा उतारा और जमकर फटकार लगाई। एक्टर के अनुसार, उनकी पत्नी फ्रैक्चर्ड पैर के साथ सफर कर रही थीं, लेकिन एयरलाइन कंपनी की तरफ से उनकी पत्नी को प्री-बुक्ड व्हीलचेयर भी नहीं दी गई।

Vir Das- India TV Hindi
एयर इंडिया पर भड़के वीर दास। Image Source : INSTAGRAM

कॉमेडियन और एक्टर वीर दास अक्सर ही किसी ना किसी वजह के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं। एक्टर अब अपनी और अपनी पत्नी की हालिया हवाई यात्रा के चलते चर्चा में हैं। एक्टर के अनुसार उनकी पत्नी शिवानी माथुर को हवाई सफर के दौरान कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। वीर दास ने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर अपने फैंस को अपने और अपनी पत्नी के इस बुरे अनुभव के बारे में बताया। कॉमेडियन ने बताया कि उनकी पत्नी शिवानी का पैर फ्रैक्चर है, उन्हें किसी वजह से हाल ही में दिल्ली जाना पड़ा। शिवानी के लिए उन्होंने एयर इंडिया की टिकट बुक की, इसके साथ उन्होंने एक व्हील चेयर भी बुक की। लेकिन, जब उन्हें व्हीलचेयर की जरूरत पड़ी तो केबिन क्रू ने उन्हें घूरकर देखा और उन्हें व्हीलचेयर भी नहीं दी। वीर दास के आरोपों पर अब एयर इंडिया ने भी बयान जारी किया है और कहा कि उन्होंने व्हीलचेयर देने में देरी की लेकिन इससे इंकार नहीं किया है।

वीर दास ने बताया कि एयर इंडिया के विमान के दिल्ली में लैंड करने के बाद उनकी पत्नी को पैर में फ्रैक्चर होने के बाद भी व्हीलचेयर नहीं मिली, जिसके चलते शिवानी को फ्रैक्चर्ड पैर के साथ विमान की सीढ़ी से उतरना पड़ा। मुंबई से दिल्ली की उड़ान के दौरान उन्हें केवल यही समस्या नहीं झेलनी पड़ी। दास ने बताया कि उन्होंने 50,000 में टिकट ली थी और उन्हें जो सीट मिली वह टूटी हुई थी। सीट का लेग रेस्ट भी टूटा था और सीट झुकी हुई थी।

वीर दास का पोस्ट

आज सुबह शेयर की गई एक एक्स पोस्ट में वीर दास ने लिखा- "डियर एयर इंडिया, मेरा मानना ​​है कि आपके पास सबसे बढ़िया केबिन क्रू है, यह पोस्ट लिखते हुए मुझे बहुत दुख हो रहा है। मेरी पत्नी और मैंने व्हीलचेयर बुक की थी, क्योंकि उसके पैर में फ्रैक्चर है जो अभी भी ठीक नहीं हो रहा है। हम दिल्ली के लिए उड़ान भर रहे थे। 50 हजार प्रति सीट। टूटी हुए फुट रेस्ट और सीट भी झुकी हुई है, पूरी तरह से सीधी नहीं हो रही है। दो घंटे देरी से हम दिल्ली में उतरे और वहां हमें बताया गया कि सीढ़ी से उतरना है। जबकि, व्हीलचेयर पहले से बुक किया हुआ था। मैंने एक एयर होस्टेस से मेरी पत्नी की मदद करने के लिए कहा, क्योंकि मैं चार बैग ले जा रहा था। लेकिन, मेरे ये कहने पर बस सन्नाटा था। सब एक-दूसरे को बेखबर नजरों से देख रहे थे।"

नहीं मिली व्हीलचेयर

वीर दास आगे लिखते हैं- 'मैं एयर इंडिया के एक पुरुष ग्राउंड स्टाफ सदस्य से हमारी मदद करने के लिए कहता हूं, वह मेरी तरफ देखता है, कंधे उचकाता है और मुझे अनदेखा करता है। फ्रैक्चर के बावजूद मेरी पत्नी सीढ़ी से नीचे उतरती है। मैं बसों के पास नीचे एयर इंडिया के एक स्टाफ सदस्य को बताता हूं कि क्या हुआ। वह कहता है "सर क्या करें... सॉरी"। हम टर्मिनल पर पहुंचते हैं, शांत लोगों ने व्हीलचेयर स्टाफ को बताया कि हमने पहले से एक कुर्सी बुक कर ली थी। वह अनजान है। हर जगह व्हीलचेयर हैं। कोई कर्मचारी नहीं है क्योंकि उड़ान में देर हो चुकी थी। मैं एक कुर्सी लेता हूं और उसे बैगेज क्लेम तक ले जाता हूं, फिर एयरपोर्ट से बाहर पार्किंग तक।'

एयर इंडिया का बयान

एयर इंडिया प्रवक्ता ने कहा, 'हमने वीर दास द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई उस पोस्ट पर चिंता व्यक्त की है जिसमें उन्होंने बताया है कि 14 अप्रैल 2025 को AI816 से मुंबई से दिल्ली की यात्रा करते समय उनके सह-यात्री को व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं कराई गई। हम मेहमानों के साथ सहानुभूति रखते हैं, खासकर उनकी गतिशीलता संबंधी चिंता को देखते हुए और मानते हैं कि यह अनुभव उम्मीदों से कम रहा। ऑपरेटिंग केबिन क्रू ने अतिथि की सहायता करने की पेशकश की, जिसमें SOP के अनुसार विमान को दिए गए 'एम्बुलिफ्ट' का उपयोग करके विमान से उतरना भी शामिल था, लेकिन व्हीलचेयर सहायता प्रदान करने में देरी हुई, लेकिन इनकार नहीं किया गया। उस समय व्हीलचेयर और कर्मचारियों की असामान्य रूप से उच्च मांग के कारण ऐसा हुआ था। एयर इंडिया अपने सभी मेहमानों के लिए संपूर्ण यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।'

पहले भी खराब रहा एक्सपीरियंस

इससे पहले 2022 में भी एक्टर ने एक पोस्ट के जरिए एयर इंडिया के साथ अपने खरीब एक्सपीरियंस का खुलासा किया था। उन्होंने एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया था कि वह करीब पांच घंटे फ्लाइट में फंसे रहे और इस बीच पैसेंजर्स और कर्मचारियों के बीच भी गहमा-गहमी हो गई।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन