ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। एक दौर था जब उन्होंने बॉलीवुड में भी अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन कोई खास कमाल नहीं कर सके। इसी दौर में चर्चाएं रहीं कि वो बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा को डेट कर रहे हैं। कई सालों तक ये डेटिंग की अफवाहों ने लोगों का ध्यान खींचा। अब 16-17 साल बाद क्रिकेटर ने इस पर चुप्पी तोड़ी है और प्रीति के साथ अपने डेटिंग की सालों पुरानी अफवाहों पर आखिरकार खुलकर बात की है। ब्रेट ली ने स्पष्ट किया कि उनके और प्रीति के बीच कभी कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं रहा। दोनों हमेशा से अच्छे दोस्त रहे हैं और वे प्रीति का बेहद सम्मान करते हैं।
क्या है ब्रेट ली का कहना?
'बॉम्बे टाइम्स' को दिए इंटरव्यू के दौरान जब ब्रेट ली से 2000 के दशक की इन अफवाहों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि किसी बॉलीवुड अभिनेत्री को डेट न करने का सच ही सबसे बड़ा स्कूप है। उन्होंने बताया कि प्रीति जिंटा और उनके बीच केवल गहरी दोस्ती का रिश्ता था और आज भी वे अच्छे दोस्त हैं। ब्रेट ली ने आगे कहा कि प्रीति उस समय पंजाब किंग्स टीम की सह-मालकिन थीं। वे एक बेहद समझदार महिला हैं और उनके मन में प्रीति के लिए बहुत सम्मान है। अफवाहों के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरों ने उन्हें कभी परेशान नहीं किया, क्योंकि वे हमेशा सच्चाई जानते थे। लोग जो चाहें कयास लगा सकते हैं, लेकिन उन्होंने कभी इन बातों का खुद पर असर नहीं होने दिया।
2008 से 2011 के बीच उड़ी थीं अफेयर की खबरें
प्रीति जिंटा और ब्रेट ली के अफेयर की अफवाहें 2008 से 2011 के दौरान सुर्खियों में रही थीं। उस समय ब्रेट ली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स टीम का हिस्सा थे। मुंबई के एक रेस्टोरेंट में दोनों को साथ में देखे जाने के बाद इन अफवाहों को और बल मिला था। हालांकि साल 2010 में ही प्रीति जिंटा ने इन खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि हर साल ब्रेट ली के साथ नाम जोड़ा जाना पुरानी और बेबुनियाद बात हो चुकी है। उन्होंने साफ कर दिया था कि वे सिर्फ और सिर्फ अच्छे दोस्त हैं।
दोनों का व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन
निजी जिंदगी की बात करें तो ब्रेट ली ने 2006 में एलिजाबेथ केम्प से शादी की थी, जिनसे उनका एक बेटा है। हालांकि, 2009 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद ब्रेट ली ने 2014 में लाना एंडरसन से शादी की, जिनसे उनके दो बच्चे हैं। वहीं प्रीति जिंटा ने 2016 में लॉस एंजिल्स में जीन गुडइनफ से शादी रचाई थी। साल 2021 में सरोगेसी के जरिए यह जोड़ा जुड़वां बच्चों के माता-पिता बना। वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रीति जल्द ही फिल्म 'बंटवारा 1947' में नजर आने वाली हैं, जो 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
ये भी पढ़ें: जब विजय आनंद ने सगी भांजी से रचाई शादी, भाई की करतूत पर भड़क गए देव आनंद, बोले- सब ओशो का किया धरा