1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पंजाबी फिल्मों में काम, सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर, कौन थे मैड संधू? जिनकी दिनदहाड़े गोली मारकर कर दी गई हत्या

पंजाबी फिल्मों में काम, सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर, कौन थे मैड संधू? जिनकी दिनदहाड़े गोली मारकर कर दी गई हत्या

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 04, 2026 06:50 am IST,  Updated : Oct 04, 2026 06:50 am IST

अमृतसर में इंफ्लूएंसर मैड संधू की शनिवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। संधू अपनी गाड़ी धुलवाने के लिए जा रहे थे, तभी बाइक पर आए दो हमलावरों ने उन्हें सरेआम गोली मार दी और संधू की जान चली गई।

mad sandhu- India TV Hindi
इंफ्लूएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या। Image Source : INSTAGRAM/@ITS_MADSANDHUOFFICIAL

पंजाब के अमृतसर से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने पंजाबी मनोरंजन जगत को हिलाकर रख दिया है। पंजाब एक मशहूर मेकअप आर्टिस्ट और LGBTQ इंफ्लूएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। शनिवार की शाम अमृतसर में मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात लोगों ने उस वक्त संधू पर गोलियां चला दीं जब वह अपनी गाड़ी धुलवाने के लिए जा रहे थे। बाइक सवारों ने शनिवार शाम करीब 6 बजे शहर के लोहारका रोड इलाके में इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और संधू पर कई राउंड फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। संधू को दो गोलियां लगीं और वह खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़े मिले। गोलीबारी के बाद संधू को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

DSP प्रभजोत सिंह विर्क ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान बताया कि इस हमले में संधू को दो गोलियां लगी थीं, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हमारी टीमें पहले से ही इस मामले की जांच कर रही हैं और हमें कुछ अहम सुराग मिले हैं।' उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल से गोली के दो खाली खोखे बरामद किए हैं और हत्या से जुड़ी परिस्थितियों की जांच के लिए टीमें बनाई हैं।

क्या हत्या के पीछे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों का हाथ है?

इस बीच यूके में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। हालांकि, इस पोस्ट की सच्चाई की पुष्टि नहीं हुई है और न ही पुलिस ने अभी तक गोलीबारी में ढिल्लों के शामिल होने की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है। इस कथित पोस्ट में ढिल्लों ने आरोप लगाया कि संधू 'नई पीढ़ी को गुमराह' कर रहे थे। ढिल्लों ने मैड संधू के सोशल मीडिया पोस्ट्स की भी आलोचना की है। पोस्ट में गैंगस्टर से जुड़े कई अन्य नामों और समूहों का भी ज़िक्र था। इसमें उन लोगों के लिए भी चेतावनी थी जिन्होंने कथित तौर पर समूह की कॉल का जवाब नहीं दिया था। उनसे कहा गया कि वे 'इंतजार करें और देखें'।

मैड संधू कौन थे?

मैड संधू की बात करें तो उनका असली नाम मधुसूदन था। संधू पेशे से एक मेकअप आर्टिस्ट, स्टाइलिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थे। वह पंजाबी सिनेमा में भी काम कर चुके थे। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी और वे अक्सर पॉडकास्ट और दूसरे डिजिटल प्रोग्राम में मेकअप, पंजाबी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री और जेंडर से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए नजर आते थे। सोशल मीडिया पर अक्सर मैड संधू को होमोफोबिक ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ता था, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने कभी अपनी पहचान के बारे में खुलकर बात करना नहीं छोड़ा। उन्होंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत फैशन इंडस्ट्री से की थी। मेकअप आर्टिस्ट और डिजिटल क्रिएटर के तौर पर अपनी पहचान बनाने से पहले, उन्होंने पंजाब और मुंबई में फिल्मों के लिए स्टाइलिस्ट और असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिज़ाइनर के तौर पर काम किया था।

ये भी पढ़ेंः 'किसी को नहीं छोड़ूंगा', जाह्नवी कपूर संग मॉर्फ्ड AI वीडियो देख Jr NTR का पारा हुआ हाई, बोले- 'ये घिनौना और शर्मनाक है'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।