1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कौन थे मेजर शैतान सिंह? '120 बहादुर' में जिनकी भूमिका निभा रहे हैं फरहान अख्तर, वॉर 2 के साथ जारी होगा टीजर

कौन थे मेजर शैतान सिंह? '120 बहादुर' में जिनकी भूमिका निभा रहे हैं फरहान अख्तर, वॉर 2 के साथ जारी होगा टीजर

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jul 16, 2025 06:15 pm IST,  Updated : Jul 16, 2025 06:15 pm IST

फरहान अख्तर अब अपनी नई फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें वह मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस फिल्म के टीजर का टीजर ऋतिक रोशन स्टारर 'वॉर 2' के साथ दिखाया जाएगा। तो चलिए जानते हैं इस अपकमिंग फिल्म के बारे में।

120 Bahadur- India TV Hindi
'120 बहादुर' का टीजर जल्द होगा जारी। Image Source : INSTAGRAM

फरहान अख्तर एक बार फिर एक बायोपिक के साथ दर्शकों के बीच दस्तक देने को तैयार हैं। फरहान अख्तर अब एक्सेल एंटरटेनमें की '120 बहादुर' में नजर आएंगे। इस फिल्म में वह मुख्य भूमिका में हैं। ये फिल्म इस साल नवंबर में बड़े पैमाने पर रिलीज होने जा रही है, जिसे लेकर पहले ही फैन्स के बीच काफी उत्साह बना हुआ है। इसी बीच खबर है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट अगस्त के पहले हफ्ते में 120 बहादुर का टीजर लॉन्च करने की तैयारी में है। 120 बहादुर का टीजर ऋतिक रोशन, कियारा आडवाणी और जूनियर एनटीआर की 'वॉर 2' के साथ दिखाया जाएगा।

फरहान अख्तर निभाएंगे मेजर शैतान सिंह भाटी का किरदार

'120 बहादुर' एक हाई ओक्टेन एक्शन फिल्म है, जिसकी शूटिंग के लिए मेकर्स ने इंटरनेशनल टीम को भी साथ लिया है। 'लक्ष्य' के बाद यह एक्सेल की एक और आर्मी अफसर पर बनी फिल्म है, जिसमें फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी (पीवीसी) की भूमिका में नजर आने वाले हैं। इससे पहले फरहान अख्तर मिल्खा सिंह की बायोपिक 'भाग मिल्खा भाग' में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं और अब वह मेजर शैतान सिंह भाटी के किरदार के लिए खासी तैयारी कर रहे हैं।

कौन थे मेजर शैतान सिंह भाटी?

फरहान अख्तर की फिल्म '120 बहादुर' में जिन मेजर शैतान सिंह भाटी की कहानी दिखाई जानी है, वह परमवीर चक्र विजेता थे और एक ऐसे जांबाज सिपाही थे, जिनकी बहादुरी ने 1962 के भारत-चीन युद्ध को भारतीय सेना की ऐतिहासिक लड़ाइयों में से एक और अमर बना दिया। शैतान सिंह भाटी का जन्म 1924 को राजस्थान में हुआ और वह 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के कमांडिंग ऑफिसर थे। 18 नवंबर 1962 को भाटी और उनकी टुकड़ी के 119 जवानों ने लद्दाख के बर्फ से ढके रेजांग ला पर चीनी हमले का डटकर सामना किया। उनकी बहादुरी के चलते ही चुशूल एयरस्ट्रिप की हिफाजत हो सकी थी और इसी के साथ शैतान सिंह भाटी का नाम वीरता की मिसाल बन गया। '120 बहादुर' में फरहान अख्तर इन्हीं मेजर शैतान सिंह भाटी का किरदार निभाएंगे।

14 अगस्त को जारी होगा 120 बहादुर का टीजर

फिल्म '120 बहादुर' का टीजर 14 अगस्त 2025 को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। यह टीजर एक्शन से भरपूर फिल्म 'वॉर 2' के साथ दिखाया जाएगा, जिसमें ऋतिक रोशन और एनटीआर लीड रोल में हैं। इस वक्त एक्सेल एंटरटेनमेंट में 120 बहादुर का पोस्ट-प्रोडक्शन तेजी से चल रहा है और टीम इसके जबरदस्त प्रमोशन की तैयारी में जुटी है। इसी बीच फरहान अख्तर अपनी अगली डायरेक्शनल फिल्म 'डॉन 3' की तैयारी भी कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग जनवरी 2026 से शुरू हो सकती है। इस फिल्म में रणवीर सिंह और कृति सेनन लीड रोल में नजर आएंगे।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन