कपूर परिवार का वह पहलू, जिसे दर्शक बहुत कम देख पाते हैं, अब नेटफ्लिक्स के नए शो 'डाइनिंग विद द कपूर्स' में सामने आएगा। इस शो में कपूर खानदान के सभी सदस्य रणबीर, करीना, करिश्मा, नीतू कपूर, रणधीर कपूर, अरमान और अदार एक साथ फैमिली डिनर के लिए जुटते हैं, जहां खुलकर, बेझिझक बातचीत होती है। जब शो का ट्रेलर रिलीज हुआ तो फैन्स ने नोटिस किया कि करीना के पति सैफ अली खान तो इसमें मौजूद हैं, लेकिन रणबीर कपूर की पत्नी आलिया भट्ट नजर नहीं आईं। इससे उनकी गैरमौजूदगी को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे। अब शो के क्रिएटर अरमान जैन ने इस पर खुलकर बात की है।
क्यों गायब हैं आलिया?
राज कपूर की बेटी और ऋषि व रणधीर कपूर की बहन रीमा जैन के बेटे अरमान, करिश्मा, करीना और रणबीर कपूर के पहले कजिन हैं। आलिया के शो में न होने के कारण पर बोलते हुए उन्होंने बॉलीवुड हंगामा से कहा, 'उनके पास पहले से शूटिंग की कमिटमेंट्स थीं। मैं जानता हूं यह फिल्मी लगेगा, लेकिन जैसा राज कपूर साहब ने कहा था, ‘काम ही पूजा है।’'
शो के डायरेक्टर ने कपूर परिवार की खासियत बताई
डाइनिंग विद द कपूर्स का आइडिया अरमान का ही था, जिसे उन्होंने नेटफ्लिक्स को पेश किया। इस स्पेशल को स्मृति मुंद्रा ने डायरेक्ट किया है, जो इससे पहले नेटफ्लिक्स के लिए द रोमांटिक्स बना चुकी हैं। बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में स्मृति ने कहा, 'इस परिवार की यही बात खास है, ये सभी वर्कहॉलिक्स हैं और अपने काम से बेहद प्यार करते हैं। हर कोई कोशिश करता है जितना हो सके साथ आने की, लेकिन कभी-कभी एक-दो लोग काम की वजह से शामिल नहीं हो पाते, और परिवार में इसे पूरी तरह समझा जाता है।'
भारतीय सिनेमा की विरासत
कपूर खानदान को भारत का सबसे प्रतिष्ठित और सफल फिल्म परिवार माना जाता है। इसकी नींव पृथ्वीराज कपूर ने रखी थी, जो 1930-40 के दशक में भारतीय सिनेमा के शुरुआती सुपरस्टार्स में से एक थे। उनके तीनों बेटे राज कपूर, शम्मी कपूर और शशि कपूर फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज सितारे रहे। इसके बाद अगली पीढ़ी में राज कपूर के बेटे ऋषि कपूर, रणधीर कपूर और राजीव कपूर ने भी फिल्मों में खास पहचान बनाई। अब यह विरासत रणबीर, करिश्मा, करीना और अगली पीढ़ी के कलाकारों के साथ आगे बढ़ रही है। 'डाइनिंग विद द कपूर्स' का प्रीमियर नेटफ्लिक्स पर 21 नवंबर को होगा।
ये भी पढ़ें: चीन का तेल निकालने वाले मेजर शैतान सिंह की पोतियां भी हैं शूरवीर, दादा के दिखाए रास्ते पर चलकर हुईं देश को समर्पित
ऐश्वर्या राय को टक्कर देकर बनी ग्लैमरस हसीना, फिर बॉलीवुड से हुआ मोह भंग, अब बनी बौद्ध भिक्षु