1. होम
  2. मनोरंजन
  3. मूवी रिव्यू
  4. डू यू वाना पार्टनर

Do You Wanna Partner Review: बिजनेस वूमन का याराना दिखाती है ये सीरीज, जानें तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी में कितना है दम

 Written By: Twinkle Gupta
 Published : Sep 12, 2025 12:09 am IST,  Updated : Sep 12, 2025 02:23 am IST

तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी की सीरीज 'डू यू वाना पार्टनर' प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुकी है। इसमें दिखाया गया है कि मेल डोमिनेट बिजनेस इंडस्ट्री में दो बिजनेस वूमन साथ मिलकर खुद का बीयर ब्रांड कैसे आगे बढ़ाती हैं। यहां जाने सीरीज कैसी है।

Do You Wanna Partner Review
तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी की सीरीज Photo: TEAM PRIME VIDEO
  • फिल्म रिव्यू: डू यू वाना पार्टनर
  • स्टार रेटिंग 2.5/5
  • पर्दे पर: September 12, 2025
  • डायरेक्टर: Collin D'Cunha, Archit Kumar
  • शैली: Comedy drama

प्राइम वीडियो का नया शो 'डू यू वाना पार्टनर' रिलीज हो गया है और आपको ये सीरीज दो लड़कियों की जिंदगी दिखाएगी जो याद दिलाती है कि दोस्त कैसे बिजनेस पार्टनर बन जाते हैं। यह सीरीज बचपन की दो सबसे अच्छी दोस्त, शिखा रॉय चौधरी और अनाहिता मकुजिना की कहानी है जो पुरुष-प्रधान शराब उद्योग में कदम रखते हुए अपना खुद का क्राफ्ट बियर ब्रांड 'जुगारो' लॉन्च करती हैं। आठ एपिसोड वाली इस कॉमेडी-ड्रामा सीरीज का निर्देशन कॉलिन डी कुन्हा और अर्चित कुमार ने किया है और इसमें तमन्ना भाटिया, डायना पेंटी, जावेद जाफरी, नीरज काबी, रणविजय सिंह, नकुल मेहता, सूफी मोतीवाला, श्वेता तिवारी और आयशा रजा मिश्रा जैसे कलाकार अलग-अलग भूमिकाओं में हैं।

क्या है सीरीज की कहानी

प्राइम वीडियो की ये सीरीज उलटी समयरेखा से शुरू होती है, जहां शिखा रॉय चौधरी (तमन्ना भाटिया), डायलन थॉमस (जावेद जाफरी) और अनाहिता मकुजिना (डायना पेंटी) का अपहरण कर उन्हें पुलिस स्टेशन में पेश किया जाता है। बाद में कुछ नई चीजों का पता चलता है कि अपने-अपने करियर में अनुचित रूप से दरकिनार किए जाने के बाद दोनों शिखा के दिवंगत पिता की बीयर रेसिपी, जिसे मूल रूप से 'गोंडोगोल' कहा जाता था। वह उसे फिर बनाने का फैसला करते हैं। हालांकि, उनके लिए यह उतना आसान नहीं है, जितना लगता है। दोनों बेस्टी को लाइसेंसिंग, फंडिंग और बाजार में अपनी जगह बनाने के दौरान कई बाधाओं का सामना करना पड़ता है। उन्हें लगता है कि उन्हें बस यही सब झेलना है, जब तक कि उन्हें लैंगिक पूर्वाग्रह का सामना नहीं करना पड़ता। हालांकि, दोनों इन सब से बखूबी निपटते हैं और इंडस्ट्री में विश्वसनीयता के साथ-साथ सफलता भी हासिल करने के लिए एक काल्पनिक पुरुष किरदार, 'डेविड जोन्स' का निर्माण करते हैं।

अनाहिता के भाई, फिरदौस मकुजिना (सूफी मोतीवाला) और ब्रू मास्टर बॉबी बग्गा (नकुल मेहता) की मदद से, वे अपने प्रोडक्शन शुरू कर देते हैं। हालांकि, एक प्रोडक्शन दुर्घटना के कारण उनके सारे पैसे कत्म हो जाते हैं, जिससे उन्हें एक खूंखार गैंगस्टर, लैला सिंह (श्वेता तिवारी) से 2 करोड़ रुपये उधार लेने पड़ते हैं जो बाद में डेविड (काल्पनिक आवाज) से मिलने की मांग करती है।

शिखा और अनाहिता इस समस्या से निपटने के लिए एक चतुर योजना भी बनाती हैं, जिसमें कोलकाता के मेथड एक्टर डायलन थॉमस (जावेद जाफरी) को शामिल किया जाता है, जिन्हें 'डेविड जोन्स' की भूमिका निभाने के लिए चुना जाता है। ब्रांड 'जुगारो' सफलतापूर्वक लॉन्च होता है, लेकिन प्रतिद्वंद्वी विक्रम वालिया (नीरज काबी), जिसने कभी शिखा के पिता संजय रॉय चौधरी (इंद्रनील सेनगुप्ता) को धोखा दिया था, वह मजदूर हड़ताल सहित बाधाएं खड़ी करता है।

अब, क्या शिखा और अनाहिता, संजय के सपने को साकार कर पाएंगी, क्या वे अपनी मेहनत को सफलता में बदल पाएंगी और क्या कोई रोमांटिक जोड़ी के बारें दिखाया जाएगा? जानने के लिए अमेजन प्राइम वीडियो की 'डू यू वाना पार्टनर' देखें।

निर्देशन और लेखन

निशांत नायक और मिथुन गंगोपाध्याय द्वारा निर्मित इस शो को नंदिनी गुप्ता, निधि सेठिया और अर्श वोरा ने भी लिखा है, जिन्होंने काफी अच्छा काम किया है। वह इस सीरीज से दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहे, लेकिन कई सीन थोड़ा कंफ्यूज करते है। वहीं, डेविड जोन्स की भूमिका के लिए जावेद जाफरी को क्यों चुना गया। यह आपको कहानी के आगे दिखाई देगा।

'डू यू वाना पार्टनर' की एक और कमी इसके कमजोर किरदार हैं। शिखा और अनाहिता शुरू से अंत तक लगभग एक जैसे ही रहते हैं और पेशेवर उपलब्धियों के अलावा इन किरदार का ज्यादा कोई काम नहीं होता है। शिखा की मां राधा रॉय चौधरी और यहां तक कि कबीर जैसे सहायक किरदार भी कमजोर दिखाई दिए।

यह सीरीज कार्यस्थल और व्यावसायिक दुनिया में लैंगिक भेदभाव को उजागर करती है। इसके अलावा, कई भारतीय वेब सीरीज की तरह, 'डू यू वाना पार्टनर' के निर्माताओं ने भी ड्रामा को लंबा खींचने और उसे लंबा दिखाने के लिए एक ब्रेकअप ट्रैक डाला है। उदाहरण के लिए कबीर के साथ शिखा का अचानक ब्रेकअप जबरदस्ती और अनावश्यक लगता है।

सिनेमैटोग्राफर अनुभव बंसल द्वारा कैद की गई दिल्ली और कोलकाता की पृष्ठभूमि प्रामाणिकता जोड़ती है। अमित कुलकर्णी की एडिटिंग भी ध्यान देने लायक है जो काफी अच्छी थी। हालांकि, शिखा की मां (आयशा रजा मिश्रा) जैसे कुछ सहायक किरदारों को और बेहतर ढंग से पेश किया जा सकता था। लेकिन निर्देशक, कॉलिन डी कुन्हा और अर्चित कुमार, एक ऐसी कहानी लेकर आए हैं जो ड्रामा और कॉमेडी के बीच संतुलन बनाते हुए व्यवसाय में लैंगिक भेदभाव, कॉर्पोरेट पॉलिटिक्स और कुछ नए मुद्दों को भी उजागर करती है।

संगीत और बैकग्राउंड स्कोर

संगीतकार राजन बत्रा, हर्षवर्धन गढ़वी, रोनित विंटा, जस, प्रभदीप, रूह और जोह, खोसला रघु और कनिष्क सेठ ने 'डू यू वाना पार्टनर' एल्बम के साथ शानदार काम किया है। इस सीरीज में कुल 12 साउंडट्रैक हैं और पूरी संभावना है कि 'उड़ जावां', 'कोल कोल', 'हम दम', 'कहानी', 'दुनिया झोल', 'जी ले जिंदगी' और 'कहानी (लव वर्जन)' आपकी प्लेलिस्ट में जगह बना लें। बैकग्राउंड स्कोर भी शानदार रहा है, खासकर लैला का एंट्री थीम और मुख्य कलाकारों के लिए 'बदमाश गुड़िया' जो कहानी में चार चांद लगा देते हैं।

अभिनय

शिखा के रूप में तमन्ना भाटिया और अनाहिता के रूप में डायना पेंटी ने दोस्ती, व्यवसाय और महत्वाकांक्षाओं के बीच उलझी आधुनिक समय की सबसे अच्छी सहेलियों के रूप में बेहतरीन अभिनय किया है। रणविजय सिंह ने कबीर, एक सहयोगी साथी की अपनी सीमित भूमिका में अच्छा काम किया है। फिरदौस के रूप में सूफी मोतीवाला मजाकिया और यादगार रोल प्ले करते दिखे, जबकि श्वेता तिवारी की लैला सिंह बहुत ही धांसू लग रही थी।

शिखा के पिता संजय रॉय चौधरी जो मूल ब्रू मास्टर थे। उनके रूप में इंद्रनील सेनगुप्ता फ्लैशबैक से दिल जीत लेते हैं। डेविड जोन्स/डायलन थॉमस के रूप में जावेद जाफरी ने बेहतरीन अभिनय किया है जो सीरीज में कॉमेडी और इमोशन को गहराई से जोड़ती है। वह अलग दिखते हैं और आपको यह विश्वास दिलाते हैं कि अनुभव मायने रखता है। नकुल मेहता ने एक भावुक शराब निर्माता और पिता, बॉबी बग्गा के रूप में अच्छा अभिनय किया है। विक्रम वालिया के रूप में नीरज काबी ने एक बार फिर नकारात्मक भूमिकाओं से विलेन के किरदार में जान डाल दी है।

'डू यू वाना पार्टनर' के सहायक कलाकार: नीरज सूद, निकिता आनंद, विजयंत कोहली, लोकेश मित्तल, मनमीत सिंह साहनी, आसिफ रहमान, जैज़लिन तनवाही, मोहम्मद रजा और सरबजीत सिंह अपने कम स्क्रीन समय के बावजूद बेहतरीन काम किया। इनमें प्रदीप काबरा संपत के रूप में उभरकर सामने आते हैं। अनुपम मित्तल और जसलीन रॉयल के कैमियो इस सीरीज को और भी बेहतर बनाते हैं।

क्यों देखनी चाहिए ये सीरीज

तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'डू यू वाना पार्टनर' पुरुष-प्रधान क्षेत्र में जेन-जेड रिश्तों, महिला मित्रता और उद्यमिता का जश्न मनाती है। हालांकि, लेखन किसी तरह कॉमेडी, सामाजिक टिप्पणियों और बीयर बनाने की तकनीकी बारीकियों के बीच संतुलन बनाता है। फिर भी शुरुआती कुछ एपिसोड थोड़े खींचे हुए लग सकते हैं। लेकिन, निधि सेठिया के डायलॉग बहुत ही बेहतरीन है। सीरीज में अच्छे साउंडट्रैक भी हैं।

इसके अलावा, यह एक उम्मीद भरे नोट के साथ खत्म होती है जो व्यक्तिगत और पेशेवर तनावों को सुलझाती है। मेकर्स ने दूसरे सीजन को लेकर भी हिंट दिया है। 'डू यू वाना पार्टनर' एक बार देखी जा सकती है, जिसे 5 में से 2.5 स्टार मिलना चाहिए, जिसका आनंद आप घर बैठे ले सकते हैं।

Advertisement