बॉलीवुड व देश के जाने-माने प्ले बैक सिंगर अरिजीत सिंह अब म्यूजिक डायरेक्टर बनने की राह पर चल पड़े हैं। अरिजीत फिल्म 'पगलेट' में अपना म्यूजिक दे कर इस विधा में अपना पहला कदम रखने जा रहे हैं। फिल्म में सान्या मल्होत्रा मुख्य किरदार में हैं।
अपने इस प्रोजेक्ट को लेकर अरिजीत काफी उत्साहित हैं। अरिजीत कहते हैं, "मेरे दिल के बहुत करीबी एक प्रोजेक्ट के साथ एक म्यूजिक कंपोजर के तौर पर मैंने अपना डेब्यू कर लिया है। मैं खुद को सम्मानित महसूस करता हूं कि मुझे दुनिया के सामने अपनी संगीत को परोसने का मौका मिला है। संध्या के आत्मविश्वास और जीत की प्रेरणादायक कहानी मेरे संगीतमय सफर से काफी मिलती-जुलती है और मैं 'पगलेट' जैसी एक स्पेशल फिल्म के साथ जुड़कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।"
'पगलेट' संध्या (सान्या मल्होत्रा द्वारा निभाया गया किरदार) की कहानी है, जो अपने पति के निधन पर दुख जताने के लिए संघर्ष कर रही है। अपनी खुद की पहचान और जिंदगी के मकसद को तलाशने के लिए वह आत्म खोज के अपने सफर पर निकलती है। इस राह पर चलने के दौरान उसे अपने परिवार के लोगों से भी संघर्ष का सामना करना पड़ता है।
उमेश बिष्ट द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म में सयानी गुप्ता, श्रुति शर्मा, आशुतोष राणा, रघुबीर यादव, शीबा चड्ढा, मेघना मलिक और राजेश तैलंग जैसे कलाकार भी हैं। 'पगलेट' को शोभा कपूर, एकता कपूर, गुनीत मोंगा और अचिन जैन ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।
संपादक की पसंद