1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. संगीत
  4. राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक हुए उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान, भावुक हुए सोनू निगम सहित ये सेलेब्स

राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक हुए उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान, भावुक हुए सोनू निगम सहित ये सेलेब्स

 Published : Jan 18, 2021 08:27 am IST,  Updated : Jan 18, 2021 08:27 am IST

उस्ताद मुस्तफा खान को 2019 में ब्रेन स्ट्रोक हुआ था और उनके शरीर का बायां हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया था।

राजकीय सम्मान के साथ...- India TV Hindi
राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक हुए उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान Image Source : TWITTER: @MANGESHKARLATA/YOGEN SHAH

महान भारतीय शास्त्रीय संगीतकार और पद्म विभूषण से सम्मानित उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान का उनके आवास पर निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ मुंबई में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अपने गुरु की अंतिम यात्रा में सोनू निगम सहित अन्य जानी-मानी हस्तियां शरीक हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित म्यूजिक इंडस्ट्री ने शोक जताया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, 'उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान साहब का निधन हमारे सांस्कृतिक विश्व को गरीब बनाता है। वह संगीत के ज्ञाता थे, रचनात्मकता का एक धुरंधर थे, जिसकी रचनाओं ने उन्हें पीढ़ियों तक लोगों तक पहुँचाया। मुझे उनके साथ बातचीत करने की यादें याद हैं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।'

खान की पुत्रवधू नम्रता गुप्ता खान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनका निधन रविवार को दोपहर 12 बजकर 37 मिनट पर उनके बांद्रा स्थित आवास पर हुआ। नम्रता ने बताया, ‘‘सुबह वह ठीक थे। हमने उनकी देखरेख के लिए घर पर 24 घंटे नर्स रखी हुई थी। मालिश के दौरान उन्हें उल्टी हो गई और मैं तुरंत आई तो उनकी आंखे बंद थीं और वह धीरे-धीरे सांस ले रहे थे। मैंने डॉक्टरों से संपर्क करने की कोशिश की और जब वे आये तो उनकी मृत्यु हो चुकी थी।’’ 

ustad ghulam mustafa khan dies at 89
Image Source : YOGEN SHAHराजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक हुए उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान

अचानक निधन से सदमे में परिवार

उन्होंने कहा कि खान के अचानक निधन से परिवार सदमे में है क्योंकि वह बेहतर दिख रहे थे। संगीतकार तीन मार्च को 90 साल के होने वाले थे। खान को 2019 में ब्रेन स्ट्रोक हुआ था और उनके शरीर का बायां हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया था।

फिल्म जगत में शोक की लहर 

नम्रता ने अपने फेसबुक पेज पर खान के निधन की खबर भी साझा की। खान को सांताक्रुज कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक कर दिया गया। उनके निधन पर बॉलीवुड जगत में भी शोक की लहर है। लता मंगेशकर सहित तमाम हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए दुख व्यक्त किया है। 

ustad ghulam mustafa khan dies at 89
Image Source : YOGEN SHAHराजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक हुए उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान

स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने लिखा, 'मुझे अभी अभी ये दुखद खबर मिली है कि महान शास्त्रीय गायक उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान साहब इस दुनिया में नहीं रहे। ये सुनके मुझे बहुत दुख हुआ। वो गायक तो अच्छे थे ही, पर इंसान भी बहुत अच्छे थे। 

लता मंगेशकर ने आगे ट्वीट किया, 'मेरी भांजी ने भी खान साहब से संगीत सीखा है, मैंने भी उनसे थोड़ा संगीत सीखा था। उनके जाने से संगीत की बहुत हानि हुई है। मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पण करती हूं।'

ए आर रहमान ने ट्वीट किया- 'मेरी महेशा से पसंदीदा टीचर...उम्मीद करता हूं कि आपको दूसरी दुनिया में एक खास जगह मिले।'

मशहूर सिंगर सलीम मर्चेंट ने लिखा, 'उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान अब नहीं रहे। उन्हें 1991 में पद्मश्री, 2006 में पद्म भूषण और 2018 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। मैं सौभाग्यशाली रहा कि उनके साथ कुछ वक्त गुजारा। साथ ही महान गायक के साथ साथ अपना जन्मदिन साझा करता हूं। परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।'  

हंसल मेहता ने ट्वीट किया, 'मेरे टीचर.. एक छात्र का ऐसा गुरु, जो अब नहीं है। महान टीचर। महान कलाकार। हिंदुस्तानी क्लासिकल म्यूजिक शोकग्रस्त है। उनके छात्र अनाथ हो गए हैं। मैं अनाथ हो गया हूं। RIP उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान साब। भाई मुर्तुजा, कादिर और रब्बानी मजबूत रहें।'

सिंगर हर्षदीप कौर ने लिखा, 'रेस्ट इन पीस.. उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान साहब। एक महान आत्मा और महान आर्टिस्ट। म्यूजिक इंडस्ट्री को गहरी क्षति पहुंची है।'

(PTI इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Music से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन