किसी भी फिल्म को शानदार बनाने के लिए बड़े बजट, सुपरस्टार्स से भरी कास्ट, तगड़े वीएफएक्स और बेजोड़ गानों की जरूरत नहीं होती, कई बार दिल छू लेने वाली कहानी और असल लगने वाला अभिनय ही काफी होता है। ओटीटी पर ऐसे कंटेंट अक्सर लोगों का दिल जीतने में कामयाब होते हैं। हाल ही में बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसी ही फिल्म रिलीज हुई, जिसकी कहानी इतनी दमदार थी कि इसके देखने के लिए थिएटर फुल रहे। अब ये कहानी बड़े पर्दे से ओटीटी के पर्दे पर आ गई है। हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं, ये रत्ना कुमार की डायरेक्ट की हुई तमिल भाषा की रोमांटिक फिल्म '29' है। ये फिल्म 29 साल के एक शख्स की कहानी पेश करती है, जिसकी जिंदगी में काफी संघर्ष है, लेकिन इसी बीच उसकी मुलाकात एक बेफिक्र और जिंदादिल महिला से होती है और यहीं ये कहानी में मोड़ आता है।
क्या है 29 की कहानी का थीम?
ये एक 'कमिंग-ऑफ-एज' यानी बढ़ती उम्र के साथ कैसे समझदारी आती है इस पर आधारित फिल्म है जिसमें जिंदगी की सच्चाई दिखाई गई है। '29' को 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। कहानी में मुख्य किरदार का नाम सत्य है, कहानी की शुरुआती उसी की रूपरेखा तय कर के होती है, जो आइडेंटिटी क्राइसिस से जूझ रहा है और अपनी जिंदगी को अपनी चाहत के हिसाब से ठीक करने की कोशिश कर रहा है। आखिरकार वह विजी नाम की लड़की से मिलता है जो उसकी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन जाती है। आइए इसकी कहानी पर चलते हैं।
ट्रेलर और कहानी
'29' सत्य नाम के एक 29 साल के आदमी की कहानी है जो अपनी असली पहचान और जिंदगी के मकसद को खोजने के लिए संघर्ष कर रहा है। उसे अपनी जिंदगी में सब कुछ खोया-खोया सा लगता है, वह बार-बार नौकरी बदलता है और जिंदगी के मकसद पर सवाल उठाता है। अपनी जिंदगी के सफर में वह विजी नाम की लड़की से मिलता है। वह उसकी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन जाती है। उनके रिश्ते में कई चुनौतियां आती हैं क्योंकि जिंदगी के संघर्षों की वजह से उसके लिए किसी रिश्ते के प्रति पूरी तरह कम्मिटेड होना मुश्किल हो जाता है। इस कपल का पूरा सफर रोमांस, भावनाओं, सपनों को पूरा करने और जिंदगी का मकसद खोजने के बारे में है।
कास्ट और क्रू
'29' में विधु ने सत्य, प्रीति असरानी ने विजयलक्ष्मी, महेंद्रन ने संतोष, अविनाश ने मणि, शहनाज फातिमा ने जानू और प्रेम कुमार ने कुरुनीला कथिरवन की अहम भूमिकाएं निभाई हैं। इसे कार्तिक सुब्बाराज ने स्टोन बेंच क्रिएशन्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। कार्तिकेयन संथानम और लोकेश कनगराज ने 'जी स्क्वाड' के बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया है। इसे रत्ना कुमार ने लिखा और डायरेक्ट किया है।
IMDb रेटिंग और OTT पर कहां देखें
फिल्म की IMDb रेटिंग शानदार है। इस फिल्म को 7.4 रेटिंग मिली है। इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं। ये फिल्म आपको काफी कुछ सोचने पर मजबूर करेगी और इसकी कहान से आप काफी हद तक रिलेट कर पाएंगे। ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर ट्रेंडिंग बनी हुई है और माधुरी दीक्षित की फिल्म 'मां बहन' से भी आगे निकल गई है।
ये भी पढ़ें: 6 महीने से नहीं डोली इमरान हाशमी की वेब सीरीज 'तस्करी' की बादशाहत, सस्पेंस की खान है 7 एपिसोड की क्राइम थ्रिलर सीरीज