1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. OTT पर फिर 'धुरंधर' का धमाका, आते ही छा गया अनसेंसर्ड वर्जन, बिना किसी म्यूट के 'रॉ और अनदेखा' हुई स्ट्रीम

OTT पर फिर 'धुरंधर' का धमाका, आते ही छा गया अनसेंसर्ड वर्जन, बिना किसी म्यूट के 'रॉ और अनदेखा' हुई स्ट्रीम

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : May 22, 2026 12:40 pm IST,  Updated : May 22, 2026 12:40 pm IST

रणबीर सिंह की फिल्म का एक नया वर्जन तैयार किया गया है, जिसमें कोई भी सीन हटाया नहीं गया है, न ही कोई ऑडियो म्यूट है। इसे ओटीटी पर जारी कर दिया गया है, जानें कब और कहां देखें।

Ranveer singh dhurandhar- India TV Hindi
रणवीर सिंह। Image Source : PRESS KIT

बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी 'धुरंधर' इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में है। 'धुरंधर' और इसके सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे। जहां फैंस थिएटर के बाद अब इसके दूसरे भाग यानी 'धुरंधर 2' की ओटीटी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं इसके पहले पार्ट ने अचानक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दोबारा एंट्री मारकर तहलका मचा दिया है। नेटफ्लिक्स पर इस फिल्म को एक नए अवतार 'धुरंधर: रॉ एंड अनदेखा' के रूप में री-रिलीज किया गया है, जिसने दर्शकों के बीच भारी उत्सुकता जगा दी है।

क्या 'रॉ एंड अनदेखा' वर्जन में जोड़े गए हैं नए सीन्स?

सोशल मीडिया पर इस नए वर्जन के आते ही फैंस के मन में यह सवाल उठने लगा है कि क्या इस बार फिल्म में कुछ अतिरिक्त दृश्यों को जोड़ा गया है? तो आपको बता दें कि 'धुरंधर: रॉ एंड अनदेखा' और नेटफ्लिक्स पर पहले से मौजूद 'धुरंधर' के पुराने वर्जन की अवधि में कोई बदलाव नहीं है। ओटीटी दिग्गज ने इसमें कोई नया सीन शामिल नहीं किया है। दोनों वर्जन में एकमात्र और सबसे बड़ा अंतर यह है कि यह लेटेस्ट रिलीज पूरी तरह से अनसेंसर्ड है। फिल्म में इस्तेमाल किए गए किसी भी अपशब्द या कड़क संवाद को म्यूट नहीं किया गया है। निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म को अब दर्शक बिना किसी कट या रुकावट के उसके असली और बेबाक रूप में देख सकेंगे। यह खास वर्जन नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो चुका है।

'धुरंधर 2' की ओटीटी रिलीज का काउंटडाउन शुरू

पहले पार्ट के इस अनसेंसर्ड धमाके के बीच फैंस के लिए 'धुरंधर: द रिवेंज' को लेकर भी एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद धूम मचाने वाली यह फिल्म अब बहुत जल्द ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए तैयार है। यह ब्लॉकबस्टर सीक्वल आगामी 4 जून को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर रिलीज होने जा रहा है। घर बैठे इस फिल्म को देखने का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए यह किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।

बॉक्स ऑफिस पर हुई थी रिकॉर्डतोड़ कमाई

रणवीर सिंह स्टारर इस फ्रेंचाइजी के दूसरे पार्ट ने टिकट खिड़की पर जो इतिहास रचा है, उसने इंडस्ट्री के दिग्गजों को भी हैरान कर दिया है। 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए झंडे गाड़े हैं। आंकड़ों की बात करें तो इस सीक्वल ने दुनियाभर में 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं अकेले भारतीय बाजार में इस फिल्म का नेट कलेक्शन 1,100 करोड़ रुपये के पार रहा है। इस शानदार कमाई के साथ यह भारतीय सिनेमा की सबसे कामयाब फिल्मों की फेहरिस्त में शामिल हो चुकी है।

दमदार स्टार कास्ट और मेकर्स की जुगलबंदी

आदित्य धर के कुशल निर्देशन में बनी इन दोनों फिल्मों की कामयाबी के पीछे एक बड़ी वजह इसकी बेहतरीन स्टार कास्ट भी है। पहले पार्ट में अक्षय खन्ना ने डाकू 'रहमान' का खूंखार किरदार निभाकर खूब वाहवाही लूटी थी, हालांकि उनका यह रोल दूसरे पार्ट में नहीं है। इनके अलावा फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और दानिश पांडोर जैसे मंझे हुए कलाकारों ने बेहद महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। रणवीर सिंह के धमाकेदार एक्शन और इन दिग्गज कलाकारों की अदाकारी ने मिलकर 'धुरंधर' को एक यादगार फ्रेंचाइजी बना दिया है।

ये भी पढ़ें: क्या है कंगना रनौत के गले में लटके मंगलसूत्र की सच्चाई, एक्ट्रेस ने की शादी या कुछ और है माजरा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन