1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. भरोसे की बलि और धोखे का खेल, 'द ट्रेटर्स' सीजन 2 में 21 सेलिब्रिटीज को इशारों पर नचाएंगे करण जौहर, सामने आया ट्रेलर

भरोसे की बलि और धोखे का खेल, 'द ट्रेटर्स' सीजन 2 में 21 सेलिब्रिटीज को इशारों पर नचाएंगे करण जौहर, सामने आया ट्रेलर

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 07, 2026 02:56 pm IST,  Updated : Aug 07, 2026 02:56 pm IST

प्राइम वीडियो पर 'द ट्रेटर्स' सीजन 2 का ट्रेलर आउट हो गया है। 13 अगस्त से शुरू हो रहे इस शो में करण जौहर की मेजबानी में 21 हस्तियां जैसलमेर के महल में माइंड गेम्स खेलेंगी।

traitor- India TV Hindi
द ट्रेटर। Image Source : PRIME VIDEO

रियलिटी शो का रोमांच पसंद करने वाले दर्शकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने अपने चर्चित अनस्क्रिप्टेड शो 'द ट्रेटर्स' के दूसरे सीजन का धमाकेदार ट्रेलर जारी कर दिया है। जैसलमेर के ऐतिहासिक और भव्य सूर्यगढ़ पैलेस में शूट किया गया यह शो एक बार फिर माइंड गेम्स, धोखे और रणनीति का नया स्तर पेश करने के लिए तैयार है। इस बार भी बॉलीवुड निर्माता-निर्देशक करण जौहर शो के 'मास्टरमाइंड' के रूप में वापसी कर रहे हैं, जो खिलाड़ियों को अपने इशारों पर नचाते नजर आएंगे।

शाही महल में रची जाएगी धोखे की साजिश

शो का नया सीजन न केवल भव्यता में आगे है, बल्कि इसकी थीम भी पहले से काफी डरावनी और सस्पेंस से भरी रखी गई है। इस बार करण जौहर के साथ 'बू' नाम का एक रहस्यमयी नया कैरेक्टर भी दिखाई देगा, जो खिलाड़ियों के लिए बुरी खबरें लेकर आएगा। ट्रेलर की शुरुआत में ही करण जौहर यह कहते सुने जा सकते हैं कि यह खूबसूरत महल एक सपने जैसा लगता है और वह इस सपने को बुरे सपने में बदलने का इंतजार कर रहे हैं। इस बार खिलाड़ियों को गुप्त गठजोड़, 'सर्कल ऑफ शक' और टावर में होने वाले एलिमिनेशन जैसी मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।

इंटरटेनमेंट और सोशल मीडिया की दुनिया से 21 दिग्गज मैदान में

इस सीजन में खेल को दिलचस्प बनाने के लिए मनोरंजन, कॉमेडी, एक्टिंग और सोशल मीडिया जगत की 21 मशहूर हस्तियों को एक छत के नीचे लाया गया है। इस प्रतिभागी सूची में मल्लिका शेरावत, श्वेता तिवारी, रिया चक्रवर्ती, मुनव्वर फारुकी, अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान), कुल्लू (आदित्य कुलश्रेष्ठ), क्रिस्टल डिसूजा, दलीप ताहिल, पारुल गुलाटी, रणवीर बराड़, और शालिनी पासी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इनके अलावा अंश चोपड़ा, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, प्रिश, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शाहनील गिल, सौंदूस मोफाकिर और तान्या पुरी भी इस खिताबी मुकाबले का हिस्सा बने हैं।

माइंड गेम और रणनीति की सबसे बड़ी परीक्षा

यह शो अंतरराष्ट्रीय बाफ्टा और एमी अवॉर्ड विजेता फॉर्मेट का भारतीय रूपांतरण है, जिसे धर्माटिक एंटरटेनमेंट और ऑल3मीडिया इंटरनेशनल ने मिलकर तैयार किया है। खेल का मूल नियम यह है कि खिलाड़ियों को 'इनोसेंट्स' और 'ट्रेटर्स' में बांटा जाता है। इनोसेंट्स का काम धोखेबाजों को पहचानकर उन्हें बाहर करना है, जबकि ट्रेटर्स को अपनी पहचान छिपाकर बाकी सदस्यों को खेल से हटाना होता है। इस बार प्रतियोगी फॉर्मेट से अच्छी तरह वाकिफ हैं, जिससे आपसी मुकाबला और अधिक अनपेक्षित और खतरनाक हो गया है।

इस तारीख से देख सकेंगे नए एपिसोड

करण जौहर के मुताबिक इस बार प्रतियोगियों की चालों और बदलते समीकरणों ने उन्हें खुद भी हैरान कर दिया है। 'द ट्रेटर्स' सीजन 2 का प्रीमियर 13 अगस्त से एक्सक्लूसिव तौर पर प्राइम वीडियो पर होने जा रहा है। दर्शक हर गुरुवार इसके नए एपिसोड्स का लुत्फ उठा सकेंगे। धोखा, सस्पेंस और बड़ी इनामी राशि के इस खेल में कौन बाजी मारेगा, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।

ये भी पढ़ें:  कौन थे प्रेम अदीब? 9 बार पर्दे पर दिखाई राम की मर्यादा, महात्मा गांधी थे फैन, रणबीर कपूर और अरुण गोविल से भी तगड़ी थी फॉलोइंग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन