एक्टर गौरव खन्ना के तलाक की खबर इन दिनों हर तरफ चर्चा में है। हाल ही में उनकी पत्नी और एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला ने रियेलिटी शो 'लॉकअप 2' के सेट पर खुलासा किया कि वह और गौरव खन्ना करीब 1 साल से अलग-अलग रह रहे हैं और अब दोनों तलाक ले रहे हैं। आकांक्षा चमोला के इस खुलासे से उनके और गौरव खन्ना के फैंस हैरान हैं, क्योंकि बीते महीनों में अक्सर दोनों एक-दूसरे के साथ प्यार भरे वीडियो और तस्वीरें साझा करते रहे हैं। बिग बॉस 19 के दौरान भी आकांक्षा, गौरव खन्ना को सपोर्ट करने पहुंची थीं और नेशनल टीवी पर उन पर प्यार लुटाती दिखी थीं। ऐसे में एक्ट्रेस के इस खुलासे को कोई पीआर स्टंट कह रहा है तो कई ने उन पर और गौरव पर फैंस के इमोशंस के साथ खेलने का आरोप लगाया। दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर एक शख्स का कमेंट चर्चा में है। खुद को आकांक्षा का पिता बताने वाले शख्स ने सोशल मीडिया पर आकांक्षा और गौरव के रिश्ते को लेकर चौंकाने वाले दावे किए हैं।
खुद को आकांक्षा चमोला का पिता बताने वाले शख्स का दावा
खुद को आकांक्षा चमोला का पिता बताने वाले शख्स ने एक वीडियो पर कमेंट करते हुए बताया कि उनकी बेटी और दामाद यानी आकांक्षा और गौरव सच में अलग-अलग रह रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने अभिनेता पर ये भी आरोप लगाया है कि वह आकांक्षा को सबके सामने विलेन के तौर पर पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। आकांक्षा के पिता ने लंबे-चौड़े कमेंट के जरिए पूरी स्थिति बयां की है।
कमेंट में क्या कहा?
गौरव खन्ना और आकांक्षा के बारे में एक इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करते हुए शख्स ने लिखा, 'जैसे कि आप बहुत सच्चे हैं। मैं आकांक्षा का पिता हूं और उसने जो कहा, वो सब बिल्कुल सच है। आकांक्षा एक साल से अंधेरी में मेरे घर में रह रही है। दोनों सिर्फ आधिकारिक तौर पर अलग होने तक ही पेशेवर रूप से एक-दूसरे का सहयोग करेंगे। मैं गौरव के बारे में एक बात जरूर कहना चाहूंगा कि वह बहुत अच्छे एक्टर हैं। वह आकांक्षा का न तो आर्थिक रूप से सहयोग करते हैं और न ही नैतिक रूप से। उन्होंने बच्चे के बारे में बात करने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने भरोसा तोड़ा। जानबूझकर ऐसा किया, ताकि सहानुभूति मिल सके। मीडिया में आकांक्षा को पूरी प्लानिंग के साथ विलेन बना दिया। थैंक यू।' हालांकि, कमेंट में खुद को आकांक्षा का पिता बताने वाला व्यक्ति असल में एक्ट्रेस के पिता हैं या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

आकांक्षा चमोला का खुलासा
आकांक्षा चमोला ने हाल ही में रियेलिटी शो 'लॉकअप 2' में एंट्री ली है, जहां उन्होंने खुलासा किया कि वह और गौरव खन्ना एक साल से अलग रह रहे हैं और तलाक लेने वाले हैं। एक्ट्रेस ने इस बारे में बात करते हुए कहा - 'इस बारे में किसी को नहीं पता है, लेकिन मैं और गौरव 1 साल से अलग रह रहे हैं और तलाक ले रहे हैं। हमने ये फैसला आपसी सहमति से लिया है। हमारे बीच कोई कड़वाहट नहीं है, हम अब भी एक-दूसरे से बात करते हैं। लेकिन, हमें लगता है कि हम पार्टनर के तौर पर एक-दूसरे के लिए सही नहीं हैं।'
ये भी पढ़ेंः राखी सावंत ने खोल दी गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला के रिश्ते की पोल? तलाक की खबरों के बाद कहा झूठी