कुछ कहानियां सिर्फ कंपनियां बनाती हैं, कुछ विरासत खड़ी करती हैं तो कुछ चुपचाप किसी देश को वैश्विक मानचित्र पर एक नई पहचान दे देती हैं। अमेजन एमएक्स प्लेयर ने हाल ही में अपनी आगामी सीरीज 'मेड इन इंडिया-ए टाइटन स्टोरी' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह 6 कड़ियों की एक सीमित सीरीज है, जो भारत के सबसे भरोसेमंद और प्रतिष्ठित कंज्यूमर ब्रांड्स में से एक 'टाइटन' के बनने के पीछे की असाधारण यात्रा से प्रेरित है। यह सीरीज मशहूर लेखक विनय कामथ की लोकप्रिय किताब 'टाइटन - इंडियाज मोस्ट सक्सेसफुल कंज्यूमर ब्रांड' पर आधारित है। इस सीरीज में भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नसीरउद्दीन शाह महान उद्योगपति जेआरडी टाटा की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि बहुमुखी प्रतिभा के धनी जिम सरभ ने टाइटन के दूरदर्शी कर्ता-धर्ता जरक्सीज देसाई का किरदार निभाया है। इनके साथ ही वैभव तत्ववादी, नमिता दुबे, लक्ष्यवीर सरन और कावेरी सेठ जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
जरक्सीज देसाई का संघर्ष
'मेड इन इंडिया - ए टाइटन स्टोरी' की कहानी उदारीकरण से पहले के भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह वो दौर था जब देश आर्थिक और सामाजिक बदलाव की दहलीज पर खड़ा था। यह सीरीज जरक्सीज देसाई की नजरों से टाइटन के फर्श से अर्श तक पहुंचने के सफर को बेहद करीब से दिखाती है। ट्रेलर में उस दौर की झलक मिलती है जब एक भारतीय घड़ी ब्रांड बनाने का एक साहसिक विचार धीरे-धीरे एक बहुत बड़े आंदोलन में बदल जाता है। उस समय जब देश में विदेशी घड़ियों का बोलबाला था, जरक्सीज देसाई और जेआरडी टाटा को अपनी राह में भारी विरोध और अनिश्चितताओं का सामना करना पड़ा। तमाम मुश्किलों के बावजूद, दोनों इस विश्वास पर अडिग रहे कि भारत अपनी खुद की एक ऐसी विश्वस्तरीय चीज बना सकता है जो वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन करे। टाइमपीस बनाने के एक छोटे से विचार से शुरू हुआ यह सफर आगे चलकर एक ऐसी विरासत बन गया, जो आज हर भारतीय की पहचान का हिस्सा है।
मेक इन इंडिया की भावना और रिलीज की तारीख
यह सीरीज भारत सरकार की 'मेक इन इंडिया' पहल की भावना को गहराई से दर्शाती है, जिसका उद्देश्य भारत को वैश्विक डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग केंद्र में बदलना है। इस शानदार सीरीज को करण व्यास ने लिखा है और इसका निर्देशन रॉबी ग्रेवाल ने किया है, जबकि ऑलमाइट मोशन पिक्चर्स ने इसका निर्माण किया है। छह भागों की यह सीरीज देश के प्रति समर्पण, सही मार्गदर्शन और उत्कृष्टता की निरंतर खोज को बयां करती है। 'मेड इन इंडिया - ए टाइटन स्टोरी' आगामी 3 जून 2026 को प्रीमियर के लिए पूरी तरह तैयार है। दर्शक इस सीरीज को अमेजन एमएक्स प्लेयर पर बिल्कुल मुफ्त देख सकेंगे। यह मोबाइल डिवाइसेज, कनेक्टेड टीवी, अमेजन शॉपिंग ऐप, प्राइम वीडियो, फायर टीवी, जियो टीवी और एयरटेल एक्सस्ट्रीम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी।
ये भी पढ़ें: 'महाराणा प्रताप' की मासूम अजबदे याद है, पूरी तरह बदल गया क्यूट एक्ट्रेस का लुक, अब ग्लैमरस अदाओं से बनाती है दीवाना