1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 'द ट्रेटर्स 2' में मल्लिका शेरावत का बड़ा दावा, टॉम क्रूज भेजता है वीडियो, बोलीं- उसे मुझ पर क्रश है

'द ट्रेटर्स 2' में मल्लिका शेरावत का बड़ा दावा, टॉम क्रूज भेजता है वीडियो, बोलीं- उसे मुझ पर क्रश है

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 12, 2026 02:36 pm IST,  Updated : Aug 12, 2026 02:36 pm IST

अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने 'द ट्रेटर्स 2' के वायरल वीडियो में दावा किया कि हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज को उन पर क्रश है। 13 अगस्त से प्राइम वीडियो पर शुरू होने वाले इस शो को करण जौहर होस्ट कर रहे हैं।

TOM CRUISE MALLIKA SHERAWAT- India TV Hindi
टॉम क्रूज और मल्लिका शेरावत। Image Source : TOM CRUISE MALLIKA SHERAWAT INSTAGRAM

बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत जल्द ही आगामी रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स 2' में नजर आने वाली हैं। 13 अगस्त को शो के प्रीमियर से ठीक पहले इंटरनेट पर एक वीडियो क्लिप काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस क्लिप में मल्लिका शो के अन्य कंटेस्टेंट्स के साथ बातचीत करते हुए दावा कर रही हैं कि हॉलीवुड के दिग्गज सुपरस्टार टॉम क्रूज का उन पर क्रश है। इतना ही नहीं एक्ट्रेस ये भी कहती हैं कि टॉम क्रूज उन्हें वीडियो भेजते हैं। उनका जवाब सुनकर सभी हैरान हो जाते हैं। अभिषेक मल्हान उन्हें एक टक देखने लगते हैं। अब मल्लिका के फैंस भी इस पर रिएक्ट कर रहे हैं।

क्या है मलाइका कहना?

वीडियो में शो के प्रतिभागी और कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू) मल्लिका से पूछते नजर आते हैं कि क्या कभी उनका किसी पर क्रश रहा है या फिर हमेशा हर किसी को सिर्फ उन पर ही क्रश होता है? इस पर मल्लिका हंसते हुए जवाब देती हैं, टसबको मेरे पर ही क्रश आता है। आजकल टॉम क्रूज को भी मुझ पर क्रश आया हुआ है। मैं झूठ नहीं बोल रही, अगर अभी मेरे पास मेरा फोन होता तो मैं उनके वीडियो दिखाती।' मल्लिका का यह जवाब सुनकर कुल्लू और अभिषेक मल्हान उनसे पूछते हैं, 'वह आपको किस तरह के वीडियो भेज रहे हैं? क्या वह स्नैप भेज रहे हैं?' इस पर मल्लिका खुलासा करती हैं, 'नहीं, स्नैप्स नहीं, बल्कि तब के वीडियो जब हम साथ में पार्टी कर रहे थे। वह वाकई बहुत शानदार इंसान हैं।'

यहां देखें वीडियो

पार्टी के वीडियो और सोशल मीडिया रिएक्शन

जैसे ही यह क्लिप सोशल मीडिया पर आई, यूजर्स ने इस पर अलग-अलग तरह से प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। एक यूजर ने लिखा, 'सुनने में यह भले ही अजीब और मजाकिया लग रहा हो, लेकिन वह सच कह रही हैं।' वहीं दूसरे ने मजाक उड़ाते हुए लिखा, 'लोल! क्या जोक है।' एक अन्य यूज़र ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया, 'इन्हें उर्वशी रौतेला सिंड्रोम हो गया है।' हालांकि कुछ फैंस उनके समर्थन में भी दिखे और एक ने लिखा, 'मुझे उन पर भरोसा है, वह बहुत रियल हैं।'

शो का हिस्सा बनने से झिझक रही थीं मल्लिका

इससे पहले 'टाइम्स एंटरटेनमेंट' को दिए एक इंटरव्यू में मल्लिका ने स्वीकार किया था कि वह शुरुआत में 'द ट्रेटर्स' में शामिल होने को लेकर काफी दुविधा में थीं। उन्होंने बताया, 'शुरुआत में मैं इस शो को लेकर काफी झिझक रही थी। मैं कोई रियलिटी शो नहीं करना चाहती थी क्योंकि बतौर एक्टर इसमें मेरी दिलचस्पी नहीं थी। लेकिन मेरी मैनेजर अंकिता ने मुझे समझाया। उसने कहा कि कम से कम पहला सीजन देखकर तो तय कीजिए, अगर पसंद न आए तो मना कर देंगे। जब मैंने पहला सीजन देखा, तो मुझे यह कॉन्सेप्ट बहुत पसंद आया।'

जानिए क्या है 'द ट्रेटर्स 2' और कौन-कौन हैं कंटेस्टेंट्स

'द ट्रेटर्स' एक ऐसा गेम शो है जहां सभी कंटेस्टेंट्स एक साथ एक ही घर में रहते हैं, जिन्हें गुप्त रूप से 'ट्रेटर्स' (गद्दार) और 'इन्नोसेंट्स' (बेगुनाह) के रूप में बांटा जाता है। ट्रेटर्स को बिना अपनी पहचान उजागर किए अन्य सदस्यों को शो से बाहर करना होता है, वहीं इन्नोसेंट्स अपनी रणनीति और दिमाग के बल पर ट्रेटर्स का पर्दाफाश करते हैं। इस शो के पहले सीजन की विजेता उर्फी जावेद और निकिता लूथर रही थीं। करण जौहर द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो के दूसरे सीजन में 21 कंटेस्टेंट्स हिस्सा ले रहे हैं। इसका ट्रेलर भी सामने आ चुका है। इस बार मल्लिका शेरावत के अलावा मुनव्वर फारूकी, श्वेता तिवारी, रिया चक्रवर्ती, अभिषेक मल्हान, क्रिस्टल डिसूजा, पारुल गुलाटी, दलीप ताहिल, शाहनील गिल, शालिनी पासी, रणवीर बरार, आदित्य कुलश्रेष्ठ, हरमन बावेजा, प्रिश, रिदा थराना, साउंडस मौफकीर और रैपर इक्का जैसे बड़े नाम शामिल हैं। यह रियलिटी शो 13 अगस्त से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा।

ये भी पढ़ें:  कौन हैं रवि किशन की बेटी इशिता शुक्ला? ग्लैमर से दूर हैं दमदार स्नाइपर शूटर, बॉलीवुड छोड़ चुनी देश सेवा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन