आजकल OTT प्लेटफॉर्म पर आए दिन नए शोज रिलीज हो रहे हैं, जिनमें रोमांटिक ड्रामा और कॉमेडी से लेकर वॉर ड्रामा तक शामिल हैं। इस हफ्ते ओटीटी पर एक नए वॉर-ड्रामा 'ऑपरेशन सफेद सागर' की भी एंट्री हुई। देशभक्ति, साहस और कुर्बानी से भरी ये सीरीज Netflix पर रिलीज हुई है, जिसे आलोचकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और और अब सीरीज पर दर्शकों का रिएक्शन आना भी शुरू हो गया है। इस सीरीज में सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल और अभय वर्मा जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। छह एपिसोड वाली यह सीरीज़ 'गोल्डन एरोज' स्क्वाड्रन की कहानी है, जिसके अधिकारी बहुत जोखिम भरे मिशन, निजी मुश्किलों और बहुत ज्यादा ऊंचाई पर युद्ध लड़ने के दबाव का सामना करते हैं। चलिए जानते हैं वायुसेना के योगदान को दिखाती इस सीरीज को लेकर एक्स यूजर्स का क्या कहना है।
'ऑपरेशन सफेद सागर' का X पर रिव्यू
X यूजर्स से इस शो को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। एक यूजर ने पहले एपिसोड पर अपनी राय शेयर करते हुए इसे 'शानदार' बताया और लिखा, 'कल 'ऑपरेशन सफेद सागर' का पहला एपिसोड देखा और यह वाकई शानदार था। आज दूसरा एपिसोड देखने का इंतज़ार है। बेहतरीन एक्टिंग और माहौल। टीम ने बहुत अच्छा काम किया है।' एक और यूजर ने सीरीज को 9/10 रेटिंग देते हुए लिखा, 'अभी-अभी 'ऑपरेशन सफेद सागर' सीरीज देखी। 9/10 रेटिंग वाली सीरीज है। अगर आपको देशभक्ति पसंद है, तो आप इसे देख सकते हैं।' एक X यूजर ने ऐसे शो को सपोर्ट करने के लिए नेटफ्लिक्स की तारीफ की और लिखा, 'ऑपरेशन सफेद सागर के साथ आपने कमाल कर दिया। 3 एपिसोड और आख़िरकार एक ऐसी सीरीज जो इंडियन एयर फोर्स के साथ पूरा न्याय करती है! इस तरह का काम साबित करता है कि आप इस फील्ड में सबसे अच्छे क्यों हैं। आपको सलाम।"
ऑपरेशन सफेद सागर: एपिसोड्स और उनके नाम
जिम्मी शेरगिल, सिद्धार्थ, अभय वर्मा, आदिल हुसैन और दिया मिर्जा स्टारर वॉर-एक्शन ड्रामा 'ऑपरेशन सफेद सागर' में कुल छह एपिसोड हैं, और हर एपिसोड का समय 47 से 57 मिनट के बीच है। सीरीज के सभी छह एपिसोड्स की बात करें तो पहले एपिसोड का नाम- पीस एंड वॉर (Peace and War), दूसरे का- सदा-ए-सरहद (Sada-e-Sarhad), तीसरे एपिसोड का नाम- सफेद सागर (Safed Sagar), चौथे एपिसोड का नाम- गोल्डन एरो (Golden Arrows), पांचवे का- बॉम्ब्स अवे (Bombs Away) और छठे का नाम- लाइन ऑफ़ कंट्रोल (Line of Control) है।
ऑपरेशन सफेद सागर का रिव्यू
इंडिया टीवी ने अपने रिव्यू में 'ऑपरेशन सफद सागर' को 5 में से 3.5 स्टार दिए। रिव्यू का एक हिस्सा कहता है कि 'ऑपरेशन सफेद सागर' सिर्फ एक और वॉर ड्रामा नहीं बल्कि, यह भारतीय वायु सेना के जांबाजों को एक सच्ची श्रद्धांजलि है। भारतीय वायु सेना के वो जांबाज जिन्होंने भारतीय सैन्य इतिहास के सबसे मुश्किल कॉम्बैट मिशन में से एक को अंजाम दिया। यह उनकी बहादुरी का सम्मान करता है। सीरीज की खासियत ये भी है कि ये ड्यूटी के दौरान सैन्य कर्मियों द्वारा महसूस की गई भावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं करता। और सबसे अच्छी बात? यह कहानी को घुमा-फिराकर नहीं कहता, बल्कि सीधे मुद्दे की बात करता है।' जानकारी के लिए बता दें कि 'ऑपरेशन सफेद सागर' को अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव ने बनाया है।