1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. शहजाद पूनावाला नहीं चाहते थे 'राइज एंड फॉल 2' से बाहर हों सिवेत तोमर, बोले- 'मेकर्स से कहा था, उसे बाहर मत करो'

शहजाद पूनावाला नहीं चाहते थे 'राइज एंड फॉल 2' से बाहर हों सिवेत तोमर, बोले- 'मेकर्स से कहा था, उसे बाहर मत करो'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 01, 2026 12:45 pm IST,  Updated : Oct 01, 2026 12:45 pm IST

'राइज एंड फ़ॉल' सीजन 2 के बीते एपिसोड में शहजाद पूनावाला और सिवेत तोमर के बीच जबरदस्त झड़प हो गई, जिसके बाद सिवेत को शो से बाहर कर दिया गया। अब शहजाद ने बताया कि सिवेत तोमर के साथ हुई हाथापाई के बाद उन्होंने मेकर्स से अपील की है कि वह सिवेत को माफ करने के लिए कहा है।

shehzaad Poonawalla- India TV Hindi
शहजाद पूनावाला, सिवेत तोमर। Image Source : INSTAGRAM/@MXBYPRIMEVIDEO

बीजेपी के पूर्व प्रवक्ता शहजाद पूनावाला 'राइज एंड फॉल सीजन 2' में आने के बाद से ही चर्चा में बने हुए हैं। कहने को तो ये शहजाद पूनावाला का पहला रियेलिटी शो है, लेकिन पहले ही शो में उनके अलग-अलग अवतार देखने को मिल रहे हैं। पिछले दिनों 'रोडीज' फेम सिवेत तोमर के साथ शहजाद की तीखी बहस और हाथापाई देखने को मिली थी, जिसके बाद सिवेत को शो से बाहर कर दिया गया। अब शहजाद पूनावाला का कहना है कि वह ये नहीं चाहते थे कि सिवेत शो से बाहर हों। शो में स्वरा भास्कर के साथ भी पूनावाला को घुलते-मिलते देखा गया, जिनके साथ अक्सर उनकी अनबन देखने को मिलती है।

प्रियंका चाहर चौधरी संग हुई बहस

इरीना रुदाकोवा से बात करते हुए, शहजाद ने बताया कि प्रियंका चाहर चौधरी के साथ हुई बहस के बाद उनकी मानसिक स्थिति कैसी है। दरअसल, शहजाद ने प्रियंका को 'गोल्ड डिगर' कहा था। फिर  उन्होंने प्रियंका को 'अस्थिर स्वभाव का व्यक्ति' बताया और कहा कि उन्हें चिंता थी कि वह ऐसे आरोप लगा सकती है जिनका इस्तेमाल उनके 'प्रतिद्वंद्वी' उनके खिलाफ कर सकते हैं।

शहजाद नहीं चाहते थे शो से बाहर हों सिवेत

इसके बाद शहजाद पूनावाला ने सिवेत के साथ हुई हाथापाई के बारे में बात की और बताया कि उन्होंने इलाज के दौरान मेकर्स से सिवेत को एक और मौका देने के लिए कहा था। शहजाद कहते हैं- जब मेरी पिटाई हुई और मैं बाहर गया, तो उसके दो घंटे बाद इलाज कराते समय मैंने मेकर्स से कहा, 'उसे बाहर मत भेजो, उसे यहीं रखो। उसे माफ़ कर दो।' जानते हो मैंने ऐसा क्यों कहा? क्योंकि वह लड़का 29-30 साल का है। यह उसकी रोज़ी-रोटी का जरिया है। यह मेरी रोजी-रोटी का ज़रिया नहीं है। तो जब मैं सिवेत को माफ़ कर सकता हूं, तो क्या आपको लगता है कि मैं प्रियंका से माफ़ी नहीं मांग सकता?'

शहजाद पूनावाला किस बात से हुए आहत?

शहजाद आगे बताते हैं कि उन्हें ये बात बुरी लगी कि इस घटना को किस तरह पेश किया जा रहा है और माफी मांगने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जबकि उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने कुछ गलत किया है। शो में अब शहजाद की स्वरा भास्कर से भी बातचीत होती दिख रही है। हालिया एपिसोड में स्वरा ने शहजाद को अपना ख्याल रखने और अच्छे से खाने की सलाह दी। इस पर शहजाद कहते हैं कि वह अपने शरीर को अच्छे से समझते हैं और राजनीति में रहने के दौरान इससे मुश्किल और तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना कर चुके हैं।

ये भी पढ़ेंः स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के बीच हुई जुबानी जंग, 'डूबते राजनीतिक करियर' वाले कमेंट पर 'राइज एंड फॉल 2' में हुआ हंगामा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।