सोनम खान भले ही अब एक्टिंग जगत में एक्टिव नहीं हैं, लेकिन एक समय पर वह बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस थीं। उन्होंने अपने करियर में 'आखिरी गुलाम', 'जीने दो' से लेकर 'अजूबा' जैसी फिल्मों में काम किया और वाहवाही लूटी। सोनम खान एक्टिंग इंडस्ट्री में कुछ 8 साल तक एक्टिव रहीं, लेकिन इतने कम ही सालों में उन्होंने करीब 37 फिल्मों में काम किया। लेकिन, 1994 के बाद उन्होंने किसी फिल्म में काम नहीं किया। सोनम खान का स्टारडम तब देखने मिला था, जब 1989 में रिलीज हुई डायरेक्टर राजीव राय की 'त्रिदेव' में उन्होंने काम किया। इस फिल्म का गाना 'ओए ओए' खूब हिट हुआ था और इसमें वह नसीरुद्दीन शाह के साथ नजर आई थीं। इस फिल्म के बाद सोनम खान को लेकर एक और चर्चा हो गई थी और वो ये कि उन्हें ये फिल्म डायरेक्टर राजीव राय के साथ अफेयर के चलते मिली है। अब अभिनेत्री ने 37 साल पुरानी इस अफवाह का सच बताया है।
डायरेक्टर संग उड़ी थी अफेयर की अफवाह
जब 'त्रिदेव' रिलीज हुई, सोनम खान और डायरेक्टर राजीव राय के बीच नजदीकियों के चर्चे तेज हो गए। दोनों ने आगे चलकर 1991 में शादी भी की और इनका एक बेटा भी है। लेकिन, सोनम खान का कहना है कि जब उन्होंने ये फिल्म की, उनका राजीव राय के साथ किसी तरह का पर्सनल रिश्ता नहीं था। यही नहीं, उन्होंने ये भी दावा किया कि जब ये फिल्म आई थी, तब वह और राजीव दोनों ही अलग-अलग व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में थे। राजीव की गर्लफ्रेंड भी उनके साथ सेट पर होती थीं और उनका बॉयफ्रेंड भी उनके साथ हमेशा मौजूद होता था।
क्या बोलीं सोनम खान?
सोनम खान ने 37 साल पुरानी अफवाह से पर्दा उठाते हुए कहा- 'लोगों को लगता है कि 'त्रिदेव' के दौरान मेरा डायरेक्टर के साथ अफेयर था। लेकिन, ऐसा नहीं है। उस वक्त मेरा 'त्रिदेव' के डायरेक्टर के साथ कोई अफेयर नहीं था। 'त्रिदेव' की शूटिंग का पहला दिन, पहला गाना और मेरी जिंदगी की पहली अफवाह। इस फिल्म के रिलीज होने के बाद कई लोगों का ये मानना था कि फिल्म की शूटिंग के दौरान मेरा और फिल्म के डायरेक्टर का अफेयर चल रहा है, जिसकी वजह से मुझे फिल्म की दोनों लीड अभिनेत्रियों की तुलना में ज्यादा फायदा मिला। जैसे ज्यादा स्क्रीन टाइम मिलना या फिर एक सुपरहिट गाना मिलना, जो हर तरफ बज रहा था। लेकिन, ऐसा नहीं है। कहानी में ट्विस्ट ये है कि हम दोनों अलग-अलग व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में थे। शूटिंग के दौरान राजीव की गर्लफ्रेंड उनके साथ होती थीं और मेरा बॉयफ्रेंड भी सेट से कुछ ही दूरी पर था।'
कैसे मिला 'ओए ओए' गाना?
इसके बाद सोनम खान 'ओये ओये' गाना मिलने के पीछे की वजह के बारे में बात करती हैं और कहती हैं- 'सच तो ये है कि ओए-ओए वाला गाना मुझे बस यूं ही मिल गया। राजीव मुझे त्रिदेव में लेना ही नहीं चाहते थे। उन्होंने एक दूसरी एक्ट्रेस से बात कर ली थी, डील भी पक्ती हो गई थी। क्योंकि, जब यश जी ने उन्हें 'विजय' के कुछ हिस्से दिखाए थे तो उन्हें मैं पसंद नहीं आई थी। लेकिन, फिर उनके पास कोई और चारा ही नहीं बचा और फिर मैं उनकी आखिरी पसंद बन गई। हमारे बीच में कोई रोमांस, सीक्रेट कॉल या डायरेक्टर को कुछ फायदा पहुंचाने जैसा नहीं था। सिर्फ मैं थी और एक जबरदस्त गाना। त्रिदेव की रिलीज के काफी समय बाद मैंने और राजीव ने डेटिंग शुरू की थी, क्योंकि उस वक्त हम दोनों की सिंगल थे और दोनों में से किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं थी। तो मैं आप सबको बता देना चाहती हूं कि 'त्रिदेव' के दौरान मुझे कोई खास प्राथमिकता नहीं मिली। जीरो, बिलकुल मभी नहीं।'
ये भी पढ़ेंः Cocktail 2: शाहिद कपूर की 'कॉकटेल 2' बनी तबाही, बॉक्स ऑफिस पर हुई बल्ले-बल्ले, 100 करोड़ से बची है बस थोड़ी दूरी