नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई नई रियलिटी सीरीज 'देसी ब्लिंग' इन दिनों दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है। यह शो मुख्य रूप से दुबई में रहने वाले बेहद अमीर भारतीय प्रवासियों की आलीशान जिंदगी को दिखाता है। इस शो के कई किरदारों में से जिसने नेटिजन्स का ध्यान सबसे ज्यादा अपनी ओर खींचा है, वह हैं ताबिंदा सनपाल। शो में उनके रहन-सहन और विचारों को देखकर कई लोग उन्हें एक ट्रेडवाइफ यानी पारंपरिक घरेलू पत्नी के रूप में देख रहे हैं। सीरीज के पहले ही एपिसोड में बुर्ज खलीफा स्थित उनके आलीशान घर का नजारा दिखाया गया है, जहां ताबिंदा अपने पति सतीश सनपाल के पैरों में क्रीम से मालिश करती नजर आती हैं। पैर के नाखून काटती हैं।
पति की करती हैं मालिश
इसी दौरान वह मजाकिया अंदाज में कहती हैं, 'आज मैंने कुछ ज्यादा ही मालिश कर दी है, इसके बदले मुझे एक हर्मीस बैग मिलना चाहिए।' पति के पैरों की मालिश करने के पीछे की वजह बताते हुए ताबिंदा ने शो में कहा, 'जब से मैं सतीश के साथ हूं, मैं हर सुबह उनके पैरों की मालिश करती हूं ताकि वह एक राजकुमार की तरह उठें। एक हिंदू होने के नाते सतीश का मानना है कि यदि पत्नी रोज सुबह अपने पति के पैर छूती है तो घर में बहुत लक्ष्मी आती है।' दिलचस्प बात यह है कि जब ताबिंदा उनके पैरों की मालिश कर रही होती हैं तब सतीश बेहद आराम से अपने फोन में स्क्रॉल कर रहे होते हैं। आज के दौर की कई आधुनिक महिलाओं के लिए इस सीन को सामान्य रूप से स्वीकार करना शायद थोड़ा मुश्किल हो और वे इसे हैरानी से देखें।
मन में छिपा है डर
शो में वह इसी मान्यता के चलते अपने पति के नाखून काटती हुई भी दिखाई देती हैं। इतना ही नहीं वो अपने पति से पूछती हैं कि उनकी दोस्त पामेला ने उन्हें किसी महिला के साथ देखा, जिसके जवाब में सतीश ऐसी हरकत करते हैं, जैसे उन्हें कुछ पता नहीं, इसके जवाब में तबिंदा कहती हैं कि औरतों के साथ घूमने की ये आदत छोड़ दो, नहीं इतिहास दोहराएगा, सतीश सवाल करता है क्या मतलब? इसके जवाब में तबिंदा कहती हैं, पहली पत्नी और दो बेटों को जैसे तुमने छोड़ दिया, वैसा ही मेरे साथ भी कर सकते हो। इसके जवाब में सतीश कैजुअल अंदाज में कहता है कि उन्हें भी कहां छोड़ा है, उनसे मिलता रहता हूं। तबिंदा इसके बाद दूसरा बेबी प्लान करने की जिद करती हैं।
कैसे सतीश की लाइफ में हुई तबिंदा की एंट्री?
इस पूरे सीन के बाद तबिंदा बताती हैं कि सतीश से जब उनकी मुलाकात हुई तो वो पहले से शादीशुदा था, उसका तलाक होने वाला था और वो किसी दूसरी औरत को डेट कर रहा था। इतना ही नहीं एक दूसरे सीन में वो जिक्र करती हैं उनके लिए ये बर्दाश्त कर पाना बेहद मुश्किल है कि उनकी पहली पत्नी और दोनों बेटे दुबई में ही एक लैविश लाइफ जीते हैं। इसके साथ ही बताती हैं कि उन्होंने साफ कर दिया है कि सतीश अपने बेटों को प्रॉपर्टी में कोई हिस्सा न दे। वो कई और सीन में बताती हैं कि उनके पास 40 किलो सोना है जो सतीश ने दिया है, वो हर साल धनतेरस पर 3 किलो सोना देता है। इसके अलावा वो कहती हैं कि सतीश ने वादा किया है कि इस बार आने वाली उनकी 10वीं शादी की सालगिराह पर वो उन्हें सोने से तौलेगा।
पति करता है पार्टियों में लड़कियों के साथ ऐश
कहानी यहीं नहीं रुकती तबिंदा अपनी दोस्तों से बात करते हुए अपनी इनसिक्योरिटी भी छिपाती हैं और कहती हैं कि सतीश बहुत पार्टी करता है और हर पार्टी अलग-अलग लड़कियों के साथ। ऐसा हो ही नहीं सकता कि उसकी पार्टी में लड़कियां न हों। वो कहती हैं कि उन्हें ये सब हैरान नहीं करता, जब तक सतीश अलग-अलग लड़कियों के साथ हैंगआउट करता है तब तक उन्हें मनजूर है, क्योंकि एक महिला के साथ करने लगेगा तो उसे प्यार हो जाएगा। वो जब ये सब कहती हैं तो वहां मौजूद उनकी बाकी दोस्तों ताजुब के साथ उन्हें देखती हैं।
कौन हैं ताबिंदा सनपाल? पढ़ाई, करियर और 14000 करोड़ की संपत्ति
ताबिंदा सनपाल सिर्फ एक घरेलू महिला नहीं हैं, बल्कि वह खुद भी एक सफल बिजनेसवुमन हैं। वह एनाक्स कैपिटल की संस्थापक और निदेशक हैं, जो संयुक्त अरब अमीरात की एक बड़ी फाइनेंशियल ब्रोकरेज फर्म है और एनाक्स होल्डिंग्स का ही एक हिस्सा है। इस कंपनी की शुरुआत उनके पति सतीश ने साल 2018 में की थी। ताबिंदा का जन्म और परवरिश लंदन में हुई थी। उनके पास बिजनेस और फाइनेंस में बैचलर की डिग्री है। वैश्विक वित्तीय बाजारों और नियमों में गहरी रुचि होने के कारण उन्होंने एफसीए नियमों में सीआईएसआई सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। कमाई और रईसी के मामले में भी वह काफी आगे हैं, अपने पति सतीश के साथ उनकी संयुक्त कुल संपत्ति लगभग 1.5 बिलियन डॉलर (14000 करोड़ रुपये से अधिक) आंकी गई है। हाल ही में वह अपने पति के साथ कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में भी शामिल हुई थीं।
बेवफाई पर ताबिंदा के हैरान करने वाले विचार
दोस्तों और परिवार के बीच ताबिंदा को प्यार से 'बिंदा' नाम से बुलाया जाता है। उनके स्वभाव में कई ऐसी अनोखी बातें हैं, जिसने दर्शकों का मनोरंजन किया है। सोने के प्रति उनका अत्यधिक लगाव, बच्चों को बेहद लाड-प्यार से बिगाड़ने वाली पैरेंटिंग स्टाइल और उनका मिलनसार स्वभाव उन्हें शो का एक बेहद दिलचस्प किरदार बनाता है। सीरीज के एक हिस्से में जब उनकी दोस्त उन्हें बताती है कि उसने सतीश को किसी दूसरी महिला के साथ देखा है तो इस पर ताबिंदा का जवाब काफी हैरान करने वाला था। उन्होंने बेहद सामान्य तरीके से स्वीकार किया कि वह सतीश की इस आदत से वाकिफ हैं। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें अपने पति के दूसरी महिलाओं के साथ वक्त बिताने से तब तक कोई दिक्कत नहीं है, जब तक कि वह उनके साथ कोई भावनात्मक रिश्ता न जोड़ें या किसी के प्यार में न पड़ें।