1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. टीवी एक्टर की सड़क हादसे में हुई मौत, 22 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

टीवी एक्टर की सड़क हादसे में हुई मौत, 22 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

 Reported By: Saket Rai,  Rajesh Kumar Edited By: Himanshi Tiwari
 Published : Jan 17, 2025 08:53 pm IST,  Updated : Jan 17, 2025 09:33 pm IST

टीवी इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। 'धरतीपुत्र नंदिनी' एक्टर अमन जायसवाल की 22 साल की उम्र में जोगेश्वरी राजमार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इंडस्ट्री में उन्होंने टीवी शोज से अपने करियर की शुरुआत की थी।

Aman Jaiswal- India TV Hindi
अमन जायसवाल ने कम उम्र में दुनिया को कहा अलविदा। Image Source : INSTAGRAM

टीवी जगत से दुखद खबर मिली है। टीवी शो 'धरतीपुत्र नंदिनी' में किरदार के लिए मशहूर टीवी एक्टर अमन जायसवाल की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे 22 वर्ष के थे। अमन जायसवाल ने बहुत ही कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। एक्टर को जोगेश्वरी हाईवे पर एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। रोड एक्सीडेंट के बाद एक्टर को कामा अस्पताल ले जाया गया, जहां दुर्घटना के आधे घंटे बाद उनकी मृत्यु हो गई। दुर्घटना के समय वह बाइक पर थे। अमन के दोस्त अभिनेश मिश्रा ने खुद इस बात की जानकारी अपने सोशल मीडिया पर दी है और साथ ही एक इमोशनल नोट भी लिखा है।

कम उम्र में एक्टर ने दुनिया को कहा अलविदा

अमन जायसवाल की इस तरह अचानक मौत के बाद से उनके दोस्तों, परिवार और फैंस के बीच हलचल मची हुई है। इस घटना से पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री सदमे में है। टीवी एक्टर अमन जायसवाल टीवी शो 'धरतीपुत्र नंदिनी' में अपने काम के लिए जाने जाते थे। इस शो के लेखक धीरज मिश्रा ने बताया कि अमन ऑडिशन के लिए जा रहे थे। उसी वक्त जोगेश्वरी हाईवे पर उनकी बाइक को ट्रक ने टक्कर मारी थी।

Aman Jaiswal
Image Source : INSTAGRAMटीवी एक्टर की सड़क हादसे में हुई मौत

एक्टर की मौत से लगा झटका

धीरज मिश्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अमन को भावभीनी श्रद्धांजलि दी, जिसे अब हटा दिया गया है। उन्होंने दिवंगत अभिनेता की एक तस्वीर शेयर की थी और लिखा, 'आप हमारी यादों में जिंदा रहेंगे... भगवान कभी-कभी इतने क्रूर हो सकते हैं कि आपकी मौत ने मुझे आज एहसास कराया... अलविदा @aman__jazz।'

Aman Jaiswal
Image Source : INSTAGRAMअमन जायसवाल का निधन

अमन जायसवाल कौन थे?

उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले अमन जायसवाल ने टीवी शो से अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने 'धरतीपुत्र नंदिनी' में आकाश भारद्वाज और सोनी टीवी के 'पुण्यश्लोक अहिल्याबाई' में यशवंत राव फांसे का किरदार निभाया था जो जनवरी 2021 से अक्टूबर 2023 तक प्रसारित हुआ। एक मॉडल के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले एक्टर अमन, रवि दुबे और सरगुन मेहता के लोकप्रिय शो 'उडारियां' का भी हिस्सा थे, जिसमें प्रियंका चाहर चौधरी और अंकित गुप्ता ने अभिनय किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन