1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 400 करोड़ पार 'हनुमान अंश', बड़ी सफलता देख जगी आस, अब TV पर आए नीम करोली बाबा की कहानी, सामने आया प्रोमो

400 करोड़ पार 'हनुमान अंश', बड़ी सफलता देख जगी आस, अब TV पर आए नीम करोली बाबा की कहानी, सामने आया प्रोमो

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 01, 2026 01:11 pm IST,  Updated : Oct 01, 2026 01:11 pm IST

'हनुमान अंश' की सफलता को देखते हुए अब सोनी टीवी ने नीम करोली बाबा की कहानी को घर-घर तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। सोनी ने नए शो का ऐलान किया और इसके साथ ही पहली झलक भी दुनिया को दिखाई है।

hanuman ansh- India TV Hindi
हनुमान अंश। Image Source : SONY TV INTAGRAM

साल 2026 में कम बजट की फिल्मों के बीच 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसकी शायद शुरुआत में किसी ने उम्मीद नहीं की थी। महज कुछ लाख रुपये की ओपनिंग के साथ सिनेमाघरों में पहुंची यह फिल्म अब दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है। फिल्म की कहानी आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन से जुड़ी है। अब इसी आध्यात्मिक दुनिया और बाबा से जुड़े किस्सों को छोटे पर्दे पर भी पेश करने की तैयारी शुरू हो गई है। सोनी ने नीम करोली बाबा पर आधारित नई सीरीज का ऐलान किया है।

सोनी ने जारी किया सीरीज का पहला प्रोमो

सोनी ने 30 सितंबर को सोशल मीडिया पर इस नई सीरीज का पहला प्रोमो शेयर किया। शो का नाम 'नीम करोली बाबा' रखा गया है। यह सीरीज सोनी टीवी पर प्रसारित होगी, जबकि दर्शक इसे सोनी लिव पर स्ट्रीम भी कर सकेंगे। हालांकि मेकर्स ने अभी शो की रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। प्रोमो में नीम करोली बाबा से जुड़ी आध्यात्मिक दुनिया की झलक देखने को मिलती है। वीडियो में उनके जीवन से जुड़े चमत्कारों और चर्चित किस्सों को कहानी के तौर पर दिखाने की ओर इशारा किया गया है। प्रोमो के वॉयसओवर में कहा जाता है, 'जिस इंसान की कहानियों ने देश को मंत्रमुग्ध कर दिया, अब सामने आएंगी उनकी जिंदगी से जुड़ी चमत्कारी गाथाएं।' वीडियो में बाबा की पहचान से जुड़े उनके प्रसिद्ध कंबल की झलक के साथ भगवान हनुमान का भी संदर्भ दिखाई देता है।

कब शुरू होगा शो, कौन होंगे कलाकार?

नीम करोली बाबा पर बनने वाली इस सीरीज को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि फिलहाल मेकर्स ने कलाकारों की पूरी कास्ट सामने नहीं रखी है। इसके अलावा शो के कितने एपिसोड होंगे और इसका प्रसारण किस तारीख से शुरू होगा, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। ऐसे में दर्शकों को सीरीज से जुड़ी बाकी जानकारी के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका

नीम करोली बाबा की कहानी पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की शुरुआत काफी धीमी रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये का कारोबार किया था। हालांकि समय के साथ दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर चर्चा बढ़ी और लोगों की सिफारिश के चलते इसके कलेक्शन में तेजी देखने को मिली। फिल्म में शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। खास बात यह है कि फिल्म का बजट कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये से भी कम बताया गया है। इसके बावजूद फिल्म ने दुनियाभर में 410.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। इस आंकड़े ने फिल्म को साल की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सरप्राइज फिल्मों में शामिल कर दिया है।

56वें दिन भी जारी है फिल्म की कमाई

ट्रेड ट्रैकर सैक्निल्क के मुताबिक रिलीज के 56वें दिन भी 'हनुमान अंश' भारत में 565 शोज में दिखाई जा रही थी। फिल्म ने उस दिन अब तक 0.11 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इसके साथ भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 371.78 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 314.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। फिल्म की कमाई को उसके बजट के मुकाबले देखें तो यह प्रदर्शन और भी खास नजर आता है। कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये से कम लागत में बनी फिल्म ने अपनी बताई गई निर्माण लागत से 200 गुना से ज्यादा कमाई की है। 'हनुमान अंश' 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली 28वीं हिंदी फिल्म बन गई है। इसके अलावा यह 2026 में इस क्लब में पहुंचने वाली तीसरी हिंदी रिलीज है। इससे पहले 'धुरंधर 2' और 'बॉर्डर 2' इस आंकड़े को पार कर चुकी हैं।

ये भी पढ़ें: 'वो मेरे जीजू हैं', कौन हैं रूहानी शर्मा, जिसने विराट कोहली को बताया जीजा, खूबसूरत हसीना का अनुष्का शर्मा से है खून का रिश्ता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।