80 और 90 के दशक में 'रामायण' और 'महाभारत' ने लोगों का दिल जीत लिया था। जब ये शो टीवी पर आते थे तो ट्रैफिक रुक जाता था, लोग अपने सारे काम झटपट निपटा कर टीवी की स्क्रीन के आगे बैठ जाते थे। इसे देखने के लिए होड़ होती थी और इन शोज के किरदार घरों में देवी-देवताओं की तरह पूजे जाते थे। 38 साल बाद भी इस शो के किरदार लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। बीते सालों में ये एक्टर काफी बदल गए, कुछ ने फिल्मी दुनिया में बड़े मुकाम हासिल किए तो कुछ एक्टिंग की दुनिया से दूर हो गए। आज हम एक ऐसे ही एक्टर के बारे में बताएंगे, जिन्होंने 'महाभारत' में सुदामा का रोल निभाया था। अपने इस किरदार में वो रमे नजर आए थे, आज सालों बाद वो पर्दे के दिग्गज कलाकार बन गए हैं और उन्हें एक्टिंग का गुरु माना जाता है। टीवी से लेकर मराठी सिनेमा के सुपरस्टार हैं और 38 सालों से उनकी एक्टिंग का लोहा माना जा रहा है।
सुमित बने एक्टिंग के दिग्गज
हम बात कर रहे हैं सुमित राघवन की जिन्होंने महाभारत में श्रीकृष्ण के दोस्त सुदामा का रोल निभाया था, टीवी के पर्दे पर नजर आने वाला ये पतला-दुबला लड़का तब सिर्फ 16 साल का था और तब ये कोई नहीं जानता था कि ये आगे चलकर शानदार एक्टर बनेगा, लेकिन बीते 38 सालों में सुमित ने अपनी एक्टिंग से लोगों का बार-बार दिल जीता है, कॉमेडी हो या सीरियस वो हर रोल में अपनी सादगी से जान फूंकते नजर आए। उन्होंने बेहद सरलता और आसानी के साथ हर रोल को निभाया है, एक्टिंग आज उनके लिए बाएं हाथ की बात है, वो जिस भी किरदार को निभाते लगता है वो उनके लिए ही बना था।
इन फिल्मों शोज में आए नजर
अपने लंबे करियर में सुमित ने मराठी, बॉलीवुड, ओटीटी, थिएटर और टीवी इंडस्ट्री में छाप छोड़ी। आज वो घर-घर में पहचाने जाते हैं। आखिरी बार वो 'वाघले की दुनिया' में नजर आए, जिसका प्रसारण सोनी टीवी पर होता था। 'साराभाई वर्सेज साराभाई' ने उन्हें घर-घर में पॉपुलर बना दिया। 'सजन रे झूठ मत बोले', 'पुष्पा इम्पसिबल', 'संजीवनी', 'शुभ मंगल सावधान', 'बड़ी दूर आए हैं' जैसे टीवी शो उनके करियर को और ऊंचाई पर ले गए। इसके अलावा वो बॉलीवुड फिल्मों 'हॉलीडे', 'माई नेम इस खान', 'फिराक', 'कुछ लव जैसा' जैसी शानदार फिल्मों का अहम हिस्सा भी रहे हैं।
सुमित की पर्सनल लाइफ
इसके अलावा सुमित पूरी तरह से मराठी इंडस्ट्री को थिएटर की दुनिया में सक्रिय हैं। रंगमंच के बड़े नामी लोगों में उनका नाम भी शामिल है। सुमित की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनकी शादी चिनमई सुर्वे से हुई है, जो फेमस टीवी और मराठी एक्ट्रेस हैं। दोनों दो बच्चों नीराद और दीया के पेरेंट्स हैं। अब जल्द ही सुमित नेटफ्लिक्स के शो 'चुंबक' में नजर आएंगे। नीना गुप्ता, अर्जुन बिजलानी, सुमित व्यास जैसे सितारे इसका हिस्सा हैं।
ये भी पढ़ें: शादी के एक महीने बाद ही भाग गईं मोनालिसा, खोजते-खोजते पति केरल से पहुंचा पुश्कर, कहानी में आया फिल्मी ट्विस्ट